दिल्ली-NCR से लेकर कई महानगरों में प्रदूषण का पारा ऊपर की ओर चढ़ता जा रहा है. ऐसे में लोगों को जहरीली हवा में सांस लेना बेहद ही मुश्किल हो गया है. अभी तो दीवाली भी दूर है बिना बम-पटाखों के शहरों की हवा इतनी खराब हो गई है कि लोगों का सांस लेना मुश्किल हो गया है. ऐसे में अगर आपके मन में यह सवाल है कि कैसे अपने घरों की हवा को साफ रखें तो आइए यहां जानें ये आसान तरीके.
घर की हवा साफ रखने के 3 आसान टिप्स-
1. एयर प्यूरीफायर से सुधारें हवा की गुणवत्ता
घर के अंदर प्रदूषण के असर को कम करने के लिए HEPA फिल्टर वाला एयर प्यूरीफायर उपयोगी हो सकता है. यह हवा में मौजूद कई बारीक कणों को फिल्टर करने में मदद करता है. एयर प्यूरीफायर खरीदते समय कमरे के आकार और उपकरण की क्षमता का ध्यान रखें. इसके अलावा, फिल्टर की नियमित सफाई और समय पर बदलाव भी जरूरी है, ताकि उपकरण बेहतर तरीके से काम कर सके.
2. प्रदूषण के समय खिड़कियां खोलने से बचें
जब बाहर हवा की गुणवत्ता खराब हो, तब खिड़कियां और दरवाजे बंद रखने से प्रदूषित हवा का घर में प्रवेश कम किया जा सकता है. खासकर अधिक ट्रैफिक और धुएं वाले समय में सावधानी बरतें. हालांकि, घर में वेंटिलेशन भी जरूरी है. इसलिए जब बाहर की हवा अपेक्षाकृत साफ हो, तब कुछ समय के लिए खिड़कियां खोलकर ताजी हवा आने दें. इसके लिए स्थानीय एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) की जानकारी लेते रहें.
3. घर की नियमित सफाई करें
फर्श, पर्दों, फर्नीचर और अन्य सतहों पर जमा धूल घर के अंदर की हवा को प्रभावित कर सकती है. इससे बचने के लिए नियमित सफाई करें. सूखी झाड़ू के बजाय गीले पोछे और माइक्रोफाइबर कपड़े का इस्तेमाल करना बेहतर हो सकता है, क्योंकि इससे धूल के हवा में फैलने की संभावना कम होती है. साथ ही, घर में धूम्रपान करने और अनावश्यक धुआं पैदा करने वाली गतिविधियों से बचें.
लेखक: रवीना सिंह
Share your comments