खरीफ की फसलों की कटाई के साथ ही मानसून की विदाई हो जाती है और खेतों में बची नमी रबी मौसम की नई उम्मीदें और बेहतरीन अवसर लेकर आती है. रबी मौसम की फसलें जैसे गेहूं, सरसों, चना, मटर, मसूर और जौ ठंडे और शुष्क मौसम में अच्छी तरह बढ़ती हैं.
इन फसलों से अच्छी उपज प्राप्त करने के लिए केवल सही समय पर बुआई करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि खेत, बीज, मिट्टी, खाद और सिंचाई की तैयारी पहले से करना भी जरूरी है. इसलिए मैं किसान भाइयों से कहना चाहूंगा कि आपको सही समय से ही खेत की सफाई, जुताई, मिट्टी की जाँच, खाद की व्यवस्था, अच्छे बीजों का चयन, सिंचाई की योजना तथा रोग और कीट प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को कर लेना चाहिए.
अगर आप इन कार्यों को सही समय पर कर लेते हैं, तो फसल का अंकुरण अच्छा होगा, रोग कम लगेंगे और बेहतर उत्पादन होने की संभावना बढ़ेगी.
1. भूमि की तैयारी एवं जुताई
किसान भाइयों, अगर आप भूमि की तैयारी एवं जुताई सही समय व सही प्रक्रियाओं से करते हैं तो आपको अच्छी पैदावार मिलना निश्चित है. किसान भाइयों, जैसा कि हम देखते हैं कि खरीफ की फसल के बाद खेत में अक्सर फसल के अवशेष, ठूँठ और खरपतवार रह जाते हैं.
आप लोग फसल के अवशेषों को नष्ट करने के बजाय उनका उपयोग मल्चिंग या खाद बनाने में कर सकते हैं. इसके बाद मिट्टी और नमी की स्थिति देखकर खेत की जुताई करें. सामान्यतः पहली गहरी जुताई मिट्टी पलटने वाले हल से करें, इसके बाद आवश्यकतानुसार दो.तीन बार हैरो या कल्टीवेटर चलाकर मिट्टी को भुरभुरा और बुआई के योग्य बनाना है.
गेहूं और जौं जैसी फसलों के लिए उचित जुताई से मिट्टी की कठोर परत टूटती है और जड़ों के विकास में मदद मिलती है. जुताई के बाद खेत को समतल करना भी जरूरी है जिससे सिंचाई का पानी खेत में समान रूप से पहुंच सके और बीज अच्छे से अंकुरित हों.
अगर आपको धान के बाद गेहूं की बुआई करनी हो, तो ऐसे में वहाँ कम जुताई या बिना जुताई की विधि भी अपनाई जा सकती है.
2. मिट्टी की जांच एवं उपचार
रबी फसल की बुआई से पहले खेत की मिट्टी की जाँच करवाना एक जरूरी तैयारी है. किसान भाइयों, इससे हमें यह पता चलेगा कि खेत में कौन.कौन से पोषक तत्व कम या अधिक मात्रा में हैं. मिट्टी का पी.एच. स्तर और जैविक पदार्थ की स्थिति की जानकारी भी मिलती है. इस जानकारी के अनुसार आप लोग अपनी फसल के लिए सही खाद और उर्वरक की मात्रा तय कर सकते हैं, जिससे आपका अनावश्यक खर्च न हो.
अधिकांश रबी फसलें लगभग 6.0 से 7.5 पी.एच. वाली मृदा में अच्छी तरह पनपती हैं. मृदा की जाँच के आधार पर हम मिट्टी की अम्लीयता या क्षारीयता में सुधार कर सकते हैं. स्वस्थ मृदा बनाए रखने के लिए मिट्टी की आवश्यकता के अनुसार संतुलित पोषण देना चाहिए.
मिट्टी की सेहत सुधारने के लिए अच्छी तरह सड़ी हुई गोबर की खाद या कम्पोस्ट का प्रयोग करना चाहिए. इससे मिट्टी की संरचना बेहतर होगी, नमी धारण करने की क्षमता बढ़ेगी और फसल को लंबे समय तक पोषक तत्व मिलते रहेंगे.
इस प्रकार अगर किसान भाई बुआई के पहले मिट्टी की जाँच और आवश्यक उपचार करते हैं, तो जड़ों का विकास अच्छा होगा तथा फसल को सही मात्रा में पोषक तत्व मिलते रहेंगे.
3. सिंचाई एवं जल प्रबंधन
रबी फसलों की अच्छी बढ़वार और उत्पादन के लिए सिंचाई का सही प्रबंधन बहुत जरूरी है. रबी का मौसम ठंडा और कम वर्षा वाला होता है, इसलिए किसान भाइयों आपको फसल की आवश्यकता के अनुसार पानी की व्यवस्था पहले से कर लेना चाहिए.
केवल खेत में पानी देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह भी ध्यान रखना जरूरी है कि फसल को सही समय पर और सही मात्रा में पानी मिले. गेहूं की फसल में पहली सिंचाई सामान्यतः बुआई के 21 दिन बाद करना उपयोगी रहता है. इसके बाद फसल की अवस्था और मिट्टी में उपलब्ध नमी को देखकर किसान भाई सिंचाई करें.
सरसों की फसल में फूल आने के समय पानी की आवश्यकता महत्वपूर्ण होती है, इस अवस्था पर मिट्टी में पर्याप्त नमी बनाए रखना चाहिए. अन्य रबी फसलों में भी सिंचाई फसल की आवश्यकता और मौसम के अनुसार करनी चाहिए.
जहां पानी की उपलब्धता कम हो, वहाँ ड्रिप या स्प्रिंकलर जैसी आधुनिक सिंचाई विधियों को अपनाया जा सकता है. इससे पानी का उपयोग अधिक प्रभावी ढंग से होता है, साथ ही पानी की अनावश्यक बर्बादी कम की जा सकती है.
इसके अलावा अगर किसान भाई सिंचाई के लिए सुबह या शाम का समय चुनते हैं, तो वाष्पीकरण को कम किया जा सकता है.
4. खाद एवं उर्वरक प्रबंधन
किसान भाइयों, अगर आप फसल की अच्छी बढ़वार और अच्छा उत्पादन चाहते हैं, तो खाद एवं उर्वरकों का प्रबंधन बहुत जरूरी है. हर फसल को सभी पोषक तत्वों की आवश्यकता होती है, लेकिन उनकी मात्रा फसल और खेत की स्थिति के अनुसार अलग-अलग हो सकती है. इसलिए खेत की मिट्टी की जाँच के आधार पर ही खाद और उर्वरक की मात्रा तय करना अच्छा रहता है.
खेत में नाइट्रोजन, फास्फोरस और पोटाश जैसे प्रमुख पोषक तत्वों का संतुलित मात्रा में प्रयोग करना चाहिए. केवल नाइट्रोजन और फास्फोरस पर अधिक ध्यान देकर पोटाश की अनदेखी नहीं करनी चाहिए, क्योंकि पोटाश भी पौधों की वृद्वि और पानी के बेहतर उपयोग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.
इसके साथ ही खेत में कार्बनिक पोषक तत्वों के स्रोतों का उपयोग करना भी आवश्यक है, जैसे कम्पोस्ट और गोबर की खाद. किसान भाइयों को यह भी ध्यान रखना चाहिए कि अधिक खाद डालने से हमेशा अधिक उत्पादन नहीं मिलता. आवश्यकता से अधिक उर्वरक मिट्टी और फसल दोनों पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है.
इसलिए फसल की आवश्यकता और स्थानीय कृषि सलाह के अनुसार ही उर्वरकों का प्रयोग करें. सही मात्रा में और सही समय पर दिया गया पोषण फसल की अच्छी शुरूआत और बेहतर उत्पादन में मदद करता है.
5. बीज की तैयारी और बुआई की योजना
खेत तैयार करने के साथ-साथ किसान भाइयों को बीज की व्यवस्था भी पहले से कर लेनी चाहिए. प्रमाणित बीज या फिर कृषि विश्वविद्यालय से खरीदा हुआ बीज ही चयन करना चाहिए. प्रत्येक रबी फसल की बुआई अवधि अलग हो सकती है, इसलिए कृषि विश्वविद्यालय या कृषि विज्ञान केंद्र की सलाह के अनुसार बुआई का समय निर्धारित करना चाहिए.
6. आधुनिक तकनीकों का उपयोग
आजकल आधुनिक तकनीकों का उपयोग करके किसान भाई खेती का समय और लागत बचा सकते हैं, जैसे कि शून्य जुताई, न्यूनतम जुताई, लेजर लैंड लेवलिंग और मशीन से सीधी बुआई जैसी तकनीकों का उपयोग करके खेती का अधिक पैदावार बढ़ा सकते हैं. केवल आधुनिकता के कारण किसी तकनीक को अपनाना आवश्यक नहीं है, उसका स्थानीय परिस्थितियों में अनुकूल होना अधिक महत्वपूर्ण है.
बुआई से ठीक पहले किसान भाई एक बार फिर खेत का निरीक्षण करना चाहिए कि-
-
मिट्टी में पर्याप्त नमी है या नहीं.
-
खेत समतल है या नहीं.
-
खरपतवार नियंत्रित है या नहीं.
-
जल निकास उचित है या नहीं.
-
खाद एवं उर्वरक की योजना तैयार है या नहीं.
इन छोटी छोटी तैयारियों से बुआई के समय होने वाली जल्दबाजी और अतिरिक्त खर्च को कम किया जा सकता है.
निष्कर्ष
रबी मौसम की सफल खेती केवल अच्छी किस्म के बीज और उर्वरक पर ही निर्भर नहीं करती, बल्कि खेत की अग्रिम और वैज्ञानिक तैयारी इसकी महत्वपूर्ण आधारशिला है. खरीफ फसल की कटाई के बाद खेत का निरीक्षण, मृदा परीक्षण, फसल अवशेषों का उचित तरीके से उपयोग और आवश्यकतानुसार जुताई इन सभी कार्यों को समय पर पूरा करना चाहिए.
किसान यदि बुआई से पहले ही खेत की आवश्यकताओं को समझकर तैयारी करता है, तो बीज के अच्छे अंकुरण, पौधों की समान स्थापना और फसल की बेहतर पैदावार के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जा सकता है. आधुनिक तकनीकों को स्थानीय परिस्थितियों और उपलब्ध संसाधनों के अनुसार अपनाने से लागत कम और संसाधनों का समुचित उपयोग संभव है.
अतः समय पर की गई खेत की तैयारी अच्छी रबी फसल की पहली और आवश्यक सीढ़ी है. खेत को बुआई से पहले जितना व्यवस्थित, उपजाऊ और नमी-युक्त बनाया जाएगा, उतना ही मजबूत आधार अगली फसल को मिलेगा.
इसलिए रबी की तैयारी बुआई के दिनों में नहीं, बल्कि खरीफ की कटाई के तुरंत बाद ही शुरू कर देनी चाहिए.
लेखक: वेद प्रकाश1, राहुल पाल2, हरीश3 एवं डॉ. राजीव कुमार श्रीवास्तव4
1,2,3 बी.एस.सी. कृषि सेकंड ईयर, तिरहुत कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर
4सह प्राध्यापक-सह-वरीय वैज्ञानिक (सस्य विज्ञान), बीज निदेशालय, ढोली, मुजफ्फरपुर-843121, बिहार (डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा, समस्तीपुर)
Share your comments