1. Home
  2. ख़बरें

महिंद्रा फार्म मशीनरी ने लॉन्च किया अपनी श्रेणी का पहला 50 एचपी सेल्फ-प्रोपेल्ड कॉम्पैक्ट हार्वेस्टर – महिंद्रा हार्वेस्ट युवा

महिंद्रा एंड महिंद्रा ने छोटे और सीमांत किसानों के लिए 50 एचपी का नया कॉम्पैक्ट हार्वेस्टर ‘महिंद्रा हार्वेस्ट युवा’ लॉन्च किया है. यह धान, गेहूं, सोयाबीन और मक्का की कटाई में सक्षम है. किफायती कीमत, फोर-व्हील ड्राइव और आसान संचालन वाला यह हार्वेस्टर चार राज्यों में उपलब्ध है.

KJ Staff
50HP Compact Harvester – MAHINDRA HARVEST YUVA
50HP Compact Harvester – MAHINDRA HARVEST YUVA

वॉल्यूम के लिहाज से दुनिया की सबसे बड़ी ट्रैक्टर निर्माता और भारत की प्रमुख कृषि उपकरण कंपनियों में शामिल महिंद्रा एंड महिंद्रा ने नया कॉम्पैक्ट हार्वेस्टर महिंद्रा हार्वेस्ट युवा पेश किया है. विशेष रूप से छोटे और सीमांत जोत वाले किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया यह हार्वेस्टर उन क्षेत्रों में काम करने के लिए डिजाइन किया गया है, जहां संकरे संपर्क मार्गों के कारण बड़े हार्वेस्टर का इस्तेमाल मुश्किल होता है.

किफायती, जरूरत के मुताबिक इस्तेमाल में सक्षम और चलाने तथा रखरखाव में आसान महिंद्रा हार्वेस्ट युवा की प्रमुख विशेषताओं में इसका कॉम्पैक्ट आकार, हल्का निर्माण, आसान आवाजाही और कई तरह की फसलों की कटाई की क्षमता शामिल है. इसमें धान, गेहूं, सोयाबीन और मक्का जैसी फसलें शामिल हैं, जिन्हें अर्ध-गीली और सूखी मिट्टी में उगाया जाता है.

कुछ बड़े आकार के सेल्फ-प्रोपेल्ड हार्वेस्टर की तुलना में महिंद्रा हार्वेस्ट युवा की कीमत 25 फीसदी तक (अधिकतम सात लाख रुपये तक) कम है. इससे यह छोटे और मध्यम आकार के किसानों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में किराये पर कृषि मशीनें उपलब्ध कराने वाले उद्यमियों के लिए भी किफायती विकल्प बनता है. नया महिंद्रा हार्वेस्ट युवा छोटे खेतों के लिए सस्ती मशीनीकृत कटाई की सुविधा उपलब्ध कराता है. यह कटाई की प्रक्रिया तेज करके पारंपरिक मैनुअल कटाई के मुकाबले उत्पादकता भी बढ़ाता है.

महिंद्रा हार्वेस्ट युवा की मदद से छोटे और मध्यम आकार के खेतों में भी कुशलतापूर्वक कटाई की जा सकेगी. इससे किसानों को समय पर फसल कटाई पूरी करने, मौसम की वजह से होने वाले नुकसान को कम करने और अपनी आय बढ़ाने की संभावनाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.

इसकी पेशकश पर टिप्पणी करते हुए महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड के फार्म इक्विपमेंट बिजनेस, फार्म मशीनरी के उपाध्यक्ष एवं बिजनेस प्रमुख रवींद्र शाहणे ने कहा, "महिंद्रा हार्वेस्ट युवा को शुरू से ही छोटे और मध्यम आकार के किसानों की विशिष्ट जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. अपने कॉम्पैक्ट आकार, हल्के वजन वाले डिजाइन, सड़क पर परिवहन के लिए सुविधाजनक चौड़ाई, संचालन में आसानी और कुशल कटाई क्षमता के साथ हमारा नया कॉम्पैक्ट हार्वेस्टर किसानों को उन क्षेत्रों में भी मशीनीकृत कटाई की सुविधा उपलब्ध कराता है, जहां बड़ी मशीनों से पहुंचना मुश्किल होता है. किफायत, उत्पादकता और विश्वसनीयता को एक साथ जोड़कर हार्वेस्ट युवा किसानों और ग्रामीण उद्यमियों को ऐसा व्यावहारिक समाधान उपलब्ध कराता है, जो परिचालन दक्षता बढ़ाने और खेती की अर्थव्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है."

संचालन में आसानी और ऑपरेटर की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किए गए नए महिंद्रा हार्वेस्ट युवा में कई उपयोगी विशेषताएं हैं. इनमें शामिल हैं:

  • कम ऊंचाई वाला ऑपरेटर स्टेशन.

  • सह-चालक के लिए सीट के साथ पर्याप्त जगह वाला प्लेटफॉर्म.

  • सुचारु संचालन के लिए सेल्फ-क्लीनिंग रेडिएटर.

  • इंजन को पीछे की ओर लगाया गया है, जिससे उसकी गर्मी ऑपरेटर तक नहीं पहुंचती और लंबे समय तक काम करने के दौरान उसे सीधे गर्मी के संपर्क में आने से राहत मिलती है.

9.3 और 10.9 फीट चौड़ाई वाले आरटीओ-अनुमोदित कटर बार और बंद अनलोडिंग ट्यूब के साथ महिंद्रा हार्वेस्ट युवा का पतला डिजाइन और आठ फीट का कम ट्रैक-विथ इसे गांव की संकरी सड़कों और तीखे मोड़ों पर आसानी से चलाने में मदद करता है. मशीन में दिया गया फोर-व्हील ड्राइव (4WD) फीचर धान और सोयाबीन के खेतों में गीली मिट्टी के बीच कटाई के दौरान बेहतर पकड़ के साथ काम करने में सहायक है.

कॉम्पैक्ट कटर बार की वजह से ऑपरेटरों को एक खेत से दूसरे खेत में जाते समय, छोटे खेतों के प्रवेश मार्गों से गुजरते हुए या सड़क से खेत तक पहुंचने के दौरान कटर बार को अलग करके दोबारा लगाने की जरूरत नहीं पड़ती. कटर बार के सामने का हिस्सा स्पष्ट रूप से दिखाई देने से मशीन को बेहतर तरीके से सही दिशा में चलाना और फसल की अधिक सटीक कटाई संभव होती है. इससे खासकर गिरी हुई या असमान खेतों में फसल का नुकसान कम करने में मदद मिलती है.

हाइड्रोलिक रील एडजस्टर और प्रॉन्ग कटर अलग-अलग ऊंचाई और घनत्व वाली फसलों के बीच बदलाव करना, विभिन्न प्रकार की जमीन के अनुरूप मशीन को ढालना और अलग-अलग फसलों की कटाई करना आसान बनाते हैं. हार्वेस्टर में एक विशेष फीडर रिवर्सर भी दिया गया है, जिसकी मदद से ऑपरेटर अपनी सीट पर बैठे-बैठे एक लीवर दबाकर मशीन में फंसी सामग्री को बाहर निकाल सकता है.

हल्के वजन वाला चेन-चालित मैकेनिज्म और आगे तथा पीछे के पहियों की एक सीध में स्थित व्यवस्था मिट्टी के दबाव और उसके अधिक सख्त होने की समस्या को कम करती है. यह डिजाइन मशीन की गति और फुर्ती बढ़ाता है, कटाई की दक्षता को अधिकतम करता है, फसल का नुकसान घटाता है और बाजार में बिक्री के लिए बेहतर गुणवत्ता वाली उपज सुनिश्चित करने में मदद करता है.

महिंद्रा की भरोसेमंद इंजन तकनीक से संचालित महिंद्रा हार्वेस्ट युवा को विश्वसनीयता, लंबे समय तक काम करने की क्षमता और कम समय में आसान सर्विसिंग के लिहाज से तैयार किया गया है, ताकि मशीन के बंद रहने का समय न्यूनतम रहे. इस हार्वेस्टर पर महिंद्रा की ओर से एक साल की वारंटी भी दी जा रही है.

नया महिंद्रा हार्वेस्ट युवा अब महाराष्ट्र, कर्नाटक, गुजरात और उत्तर प्रदेश के प्रमुख बाजारों में बिक्री के लिए उपलब्ध है.

English Summary: mahindra launches 50hp harvest yuva compact harvester for small farmers Published on: 17 November 2026, 03:02 PM IST

Like this article?

Hey! I am KJ Staff. Did you liked this article and have suggestions to improve this article? Mail me your suggestions and feedback.

Share your comments

हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें. कृषि से संबंधित देशभर की सभी लेटेस्ट ख़बरें मेल पर पढ़ने के लिए हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें.

Subscribe Newsletters

Latest feeds

More News