मई के महीने की शुरुआत में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला था. हल्की बारिश से मौसम खुशनुमा बन गया था,लेकिन महीने के दूसरे हफ्ते में गर्मी ने अपना कहर दिखाना शुरु कर दिया और हीट-वेव ने राजधानी के मौसम का मिजाज ही बदल कर रख दिया है. इस दौरान पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली-NCR से लेकर यूपी तक में अधिकतम तापमान 47.6°C दर्ज किया गया. मौसम विभाग IMD ने इस सप्ताह उत्तर-पश्चिमी और मध्य भारत में लू से लेकर भीषण गर्मी होने का प्रकोप जारी किया है.
पूर्वोत्तर भारत में कैसा रहेगा मौसम?
भारतीय मौसम विभाग IMD के अनुसार पूर्वोत्तर भारत में, 21 मई तक छिटपुट से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जो 22 से 25 मई के दौरान व्यापक रूप से हल्की से मध्यम बारिश में बदल सकती है. वहीं, 21 से 25 मई के बीच असम और मेघालय में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की आशंका है.
22 से 25 मई तक अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि 23 और 24 मई को अरुणाचल प्रदेश में, और 23 से 25 मई तक असम और मेघालय में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है.
दक्षिण भारत में तेज़ हवा चलने की चेतावनी
दक्षिण भारत में मौसम ने करवट ले ली है और इस दौरान कई इलाकों में मौसम में बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं. मौसम विभाग ने 19 मई से 25 मई की अवधि के दौरान केरल, माहे और लक्षद्वीप में गरज, बिजली कड़कने और तेज़ हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है. इसी अवधि के दौरान, शेष उप-मंडलों में कहीं-कहीं या छिटपुट बारिश होने की आशंका है.
वहीं, 19 मई से 23 मई की अवधि के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में, 70 किमी प्रति घंटा (50-60 किमी प्रति घंटा की गति सीमा के साथ) की रफ़्तार से चलने वाली हवाओं के साथ गरज-चमक (तेज़ झोंके) की संभावना है.
पूर्वी इलाके में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 19-25 मई के दौरान, और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 19-23 मई के दौरान, गरज, बिजली चमकने और तेज़ हवाओं (जिनकी गति 40-50 किमी प्रति घंटा तक पहुँच सकती है और साथ ही हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना मौसम विभाग ने जारी की है. वहीं, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और ओडिशा में 19-25 मई के दौरान, बिहार, झारखंड में गरज, बिजली चमकने और तेज़ हवाओं के साथ छिटपुट से मध्यम बारिश होने की आशंका जताई है. इसके अलावा, साथ ही 22 और 23 मई को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की भी संभावना है.
उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में बिजली गिरने की चेतावनी
उत्तर पश्चिम इलाकों में 19–22 मई के दौरान, जम्मू और कश्मीर में कहीं-कहीं से लेकर कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज़ हवाएँ चलने की संभावना है, इसके अलावा, 19, 22 और 23 मई को उत्तराखंड में, और 21 तथा 22 मई को हिमाचल प्रदेश में भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसके अलावा, 19 से 25 मई की अवधि के दौरान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ इलाकों में लू चलने की प्रबल संभावना है और 19-20 मई को कुछ क्षेत्रों में भीषण लू चलने की भी उम्मीद है.
लेखक: रवीना सिंह
Share your comments