दिल्ली-NCR समेत भारत के कई राज्यों में मौसम ने करवट लें ली है. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल इन राज्यों में अगले 6 दिनों मौसम खराब होने की आशंका जताई है. ऐसे में इन इलाकों के लोगों को तेज बारिश और आंधी-तूफान का सामना करना पड़ सकता है. इसलिए इन क्षेत्रों के लोग अपने घरों से बाहर जाते वक्त सावधानी बरतें. आइए आगे इस लेख में जानें देशभर में कैसा रहेगा मौसम का हाल.
दिल्ली-NCR में आज कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-NCR में हवाओं ने अपना रुख बदल लिया है और इस दौरान हवाओं में ठंडक आ गई है. आज भी राजधानी में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. यानी आज आसमान में बादल साफ रहेंगे और इस दौरान दिल्ली में अधिकतम तापमान 31°C से 33°C के बीच और न्यूनतम तापमान 18°C से 20°C के बीच रहने की संभावना है. इसी के चलते सुबह के समय, उत्तर-पश्चिम दिशा से 10 किमी/घंटा तक की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. दोपहर तक, हवा की गति बढ़कर 22 किमी/घंटा तक हो सकती है, और ये उत्तर-पश्चिम दिशा से ही आती रहेंगी. शाम और रात के समय, हवा की गति कम होकर 12 किमी/घंटा रह जाएगी.
दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश की आफत
दक्षिण भारत में मौसम लगातार करवट लेता नजर आ रहा है. इसी दौरान मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, 18 से 24 अक्टूबर के बीच केरल, माहे, लक्षद्वीप, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, पुडुचेरी, कराईकल में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. वहीं, तटीय कर्नाटक में 18 से 20 अक्टूबर और फिर 23 से 24 अक्टूबर के दौरान बारिश की संभावना है. इसके अलावा, 18 अक्टूबर को तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में भी कई स्थानों पर वर्षा हो सकती है.
तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग IMD के अनुसार तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल में 18 से 24 अक्टूबर के बीच बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. खास बात यह है कि 18 से 21 अक्टूबर के दौरान कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. इसके बाद भी 22 से 24 अक्टूबर के बीच इन क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है.
केरल और माहे में 18 से 24 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने के आसार हैं. लक्षद्वीप में 21 से 23 अक्टूबर के दौरान वर्षा हो सकती है. दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 19 से 24 अक्टूबर तक भारी बारिश की संभावना है, जबकि तटीय कर्नाटक में 18 अक्टूबर को भारी वर्षा हो सकती है.
गरज-चमक और 60 किमी प्रति घंटे तक तेज हवाएं चलने के आसार
बारिश के साथ दक्षिण भारत के कई राज्यों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने का खतरा भी बना रह सकता है. भारतीय मौसम विभाग IMD के अनुसार 18 से 24 अक्टूबर के बीच तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. इनकी रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रहने और झोंकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है.
वहीं, केरल और माहे, लक्षद्वीप तथा उत्तर और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 18 से 20 अक्टूबर के बीच ऐसी मौसमी परिस्थितियां बन सकती हैं. तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 18 से 20 अक्टूबर तथा 21 से 22 अक्टूबर के दौरान भी आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका है.
उत्तर भारत समेत अन्य क्षेत्रों में कैसा रहेगा मौसम?
भारतीय मौसम विभाग IMD के अनुसार दक्षिण भारत के विपरीत, उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी, पश्चिमी और उत्तर-पूर्व भारत में इस सप्ताह मौसम की स्थिति में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. हालांकि, स्थानीय मौसम परिस्थितियों में बदलाव हो सकता है, इसलिए यात्रा और कृषि संबंधी गतिविधियों से पहले स्थानीय पूर्वानुमान पर नजर रखना उपयोगी रहेगा.
लेखक: रवीना सिंह
Share your comments