1. Home
  2. ख़बरें

किसानों के लिए खुशखबरी! 86 प्रकार के कृषि यंत्रों पर मिलेगी 80 प्रतिशत तक सब्सिडी, जानें आवेदन प्रक्रिया

बिहार सरकार कृषि यांत्रिकीकरण योजना 2026-27 के तहत सब्जी उत्पादक किसानों को कृषि उपकरणों पर 80 प्रतिशत तक सब्सिडी दे रही है. योजना में बुवाई, सिंचाई, निराई-गुड़ाई, छिड़काव और भंडारण से संबंधित कुल 86 प्रकार के कृषि यंत्र शामिल हैं. इच्छुक किसान डीबीटी पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.

KJ Staff
Bihar agriculture mechanization scheme 2026-27
Bihar Agriculture Mechanization Scheme 2026-27

बिहार में सब्जी और बागवानी फसलों की खेती करने वाले किसानों के लिए राहत भरी खबर है. राज्य सरकार कृषि यांत्रिकीकरण योजना 2026-27 के तहत किसानों को विभिन्न कृषि यंत्रों की खरीद पर 80 प्रतिशत तक सब्सिडी उपलब्ध करा रही है. इस योजना का उद्देश्य खेती की लागत कम करना, आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देना और किसानों की श्रम पर निर्भरता घटाना है. योजना की दोनों अनुसूचियों में कुल 86 प्रकार के कृषि यंत्र शामिल किए गए हैं. इनमें खेत की तैयारी, बुवाई, सिंचाई, निराई-गुड़ाई, दवा छिड़काव, फसल की कटाई, प्रसंस्करण और भंडारण से संबंधित उपकरण शामिल हैं.

खासकर भोजपुर जिले के सब्जी उत्पादक किसानों को इससे काफी फायदा मिल सकता है. सरकार ने सामान्य वर्ग और अनुसूचित जाति एवं जनजाति के किसानों के लिए अलग-अलग अनुदान निर्धारित किए हैं.

छोटे कृषि उपकरणों पर मिलेगा 80 प्रतिशत अनुदान

सब्जी उत्पादक किसानों को खेती के दौरान कई छोटे कृषि उपकरणों की आवश्यकता होती है. ऐसे किसानों के लिए सरकार ने स्मॉल मैनुअल टूल किट को भी योजना में शामिल किया है. इस किट में खुरपी, हंसुआ और हो जैसे कृषि उपकरण शामिल हैं. इनकी खरीद पर किसानों को 80 प्रतिशत तक अनुदान मिलेगा, जिसकी अधिकतम सीमा 800 रुपये निर्धारित की गई है. इन उपकरणों की मदद से छोटे और सीमांत किसान कम खर्च में खेती से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य आसानी से कर सकते हैं.

खेत की तैयारी और बुवाई के यंत्रों पर सब्सिडी

कृषि यांत्रिकीकरण योजना के तहत खेत की तैयारी और बुवाई में इस्तेमाल होने वाले आधुनिक कृषि यंत्रों पर भी अनुदान दिया जा रहा है. मल्टीक्रॉप प्लांटर की खरीद पर सामान्य वर्ग के किसानों को 40 प्रतिशत यानी अधिकतम 26 हजार रुपये और अनुसूचित जाति एवं जनजाति के किसानों को 50 प्रतिशत यानी अधिकतम 35 हजार रुपये का अनुदान मिलेगा.

इसके अलावा राइज्ड बेड प्लांटर पर सामान्य वर्ग को 32 हजार रुपये और एससी-एसटी वर्ग को 40 हजार रुपये तक की सहायता मिलेगी. पोटैटो प्लांटर की खरीद पर सामान्य वर्ग को 40 हजार रुपये और एससी-एसटी वर्ग को 50 हजार रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा. वहीं, रोटावेटर पर क्रमशः 24 हजार और 30 हजार रुपये तक की सब्सिडी मिलेगी.

सिंचाई उपकरणों की खरीद पर भी मिलेगी सहायता

सब्जी और बागवानी फसलों में समय पर सिंचाई करना बेहद जरूरी होता है. किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने एचडीपीई पाइप को भी योजना में शामिल किया है. इसकी खरीद पर किसानों को 50 रुपये प्रति मीटर की दर से अधिकतम 15 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता मिलेगी. इससे किसानों को खेतों तक पानी पहुंचाने और सिंचाई व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.

दवा छिड़काव के उपकरणों पर मिलेगा अनुदान

फसलों को कीटों और बीमारियों से बचाने के लिए इस्तेमाल होने वाले स्प्रेयर पर भी सरकार अनुदान दे रही है. बैटरी चालित पावर स्प्रेयर की खरीद पर सामान्य वर्ग के किसानों को 1,200 रुपये और एससी-एसटी वर्ग को 1,500 रुपये तक की सहायता मिलेगी.

इसी तरह मानव चालित रॉकर स्प्रेयर पर सामान्य वर्ग को दो हजार रुपये और एससी-एसटी वर्ग को 2,500 रुपये तक अनुदान मिलेगा. छह एचपी क्षमता वाले इंजन चालित पावर स्प्रेयर पर क्रमशः छह हजार और 7,500 रुपये तक की सहायता निर्धारित की गई है.

पावर वीडर पर 27,500 रुपये तक की सब्सिडी

सब्जी की फसलों में खरपतवार नियंत्रण और निराई-गुड़ाई के लिए पावर वीडर काफी उपयोगी कृषि यंत्र है. योजना के तहत दो से पांच एचपी क्षमता वाले पावर वीडर पर सामान्य वर्ग के किसानों को 18 हजार रुपये और एससी-एसटी वर्ग को 22,500 रुपये तक का अनुदान मिलेगा.

वहीं, पांच एचपी से अधिक क्षमता वाले पावर वीडर पर सामान्य वर्ग को 22 हजार रुपये और एससी-एसटी वर्ग को अधिकतम 27,500 रुपये की सहायता मिलेगी. इन यंत्रों के इस्तेमाल से किसानों का समय और श्रम दोनों बचेंगे.

फसल की तुड़ाई और भंडारण के उपकरण भी शामिल

सरकार ने फसल की तुड़ाई, कटाई-छंटाई और सुरक्षित भंडारण से संबंधित उपकरणों को भी योजना में शामिल किया है. इनमें मेटल स्टोरेज बिन, ग्राफ्टिंग टूल, प्रूनिंग सिकेटर और फ्रूट हार्वेस्टर जैसे उपकरण शामिल हैं. पांच क्विंटल क्षमता वाले मेटल स्टोरेज बिन पर सामान्य वर्ग को 1,600 रुपये और एससी-एसटी वर्ग को दो हजार रुपये तक का अनुदान मिलेगा.

कृषि यंत्रों पर सब्सिडी के लिए कैसे करें आवेदन?

इच्छुक किसान बिहार कृषि विभाग के आधिकारिक डीबीटी पोर्टल dbtagriculture.bihar.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन के लिए आधार कार्ड, जमीन की रसीद, बैंक पासबुक और अन्य आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने होंगे. किसानों को कृषि यंत्र खरीदने से पहले पात्रता, निर्धारित अनुदान राशि और विभागीय दिशा-निर्देशों की जानकारी जरूर प्राप्त करनी चाहिए.

English Summary: Bihar agriculture mechanization scheme 2026-27 up to 80 percent subsidy on farm equipment Published on: 26 November 2026, 04:43 PM IST

Like this article?

Hey! I am KJ Staff. Did you liked this article and have suggestions to improve this article? Mail me your suggestions and feedback.

Share your comments

हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें. कृषि से संबंधित देशभर की सभी लेटेस्ट ख़बरें मेल पर पढ़ने के लिए हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें.

Subscribe Newsletters

Latest feeds

More News