1. Home
  2. ख़बरें

भारत में खाद्यान्न उत्पादन का ऐतिहासिक रिकॉर्ड, 3785.38 लाख टन पहुंची पैदावार, कृषि मंत्री ने जारी किए आंकड़े

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कृषि उत्पादन के नवीनतम अनुमान जारी किए. वर्ष 2025-26 में खाद्यान्न उत्पादन रिकॉर्ड 3785.38 लाख टन रहा. वहीं, मौसमी चुनौतियों के बावजूद खरीफ 2026-27 में 1671.43 लाख टन उत्पादन का अनुमान है. सरकार दलहन-तिलहन में आत्मनिर्भरता और फसल विविधीकरण पर जोर दे रही है.

KJ Staff
shivraj singh chauhan

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज वर्ष 2025-26 के प्रमुख कृषि फसलों के अंतिम उत्पादन अनुमान तथा वर्ष 2026-27 के खरीफ सीजन के प्रथम अग्रिम अनुमान जारी करते हुए देश के कृषि क्षेत्र की ऐतिहासिक उपलब्धियों को साझा किया. उन्होंने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में किसानों के परिश्रम और सरकार की नीतियों का परिणाम है कि भारत आज चावल, दलहन, जूट, मिलेट्स (मोटे अनाज) और मसालों के उत्पादन में विश्व में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है.

जहां 2025-26 में देश ने 3785.38 लाख टन खाद्यान्न उत्पादन का सर्वकालिक रिकॉर्ड बनाया है, वहीं अल नीनो और मानसून की देरी जैसी गंभीर मौसमी चुनौतियों के बावजूद खरीफ 2026-27 में 1671.43 लाख मीट्रिक टन खाद्यान्न पैदावार का अनुमान है, जो पिछले पांच वर्षों के औसत से 97.67 लाख टन अधिक है. 

वैश्विक कृषि मंच पर भारत का दबदबा और बढ़ता निर्यात

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज भारत न केवल अपनी घरेलू खाद्य जरूरतों को पूरा कर रहा है, बल्कि दुनिया के अन्न भंडार में भी बड़ा योगदान दे रहा है. वैश्विक कृषि रैंकिंग में भारत चावल, दलहन, जूट, मोटे अनाज (मिलेट्स) और मसालों के उत्पादन में दुनिया में पहले स्थान पर है, जबकि गेहूं, कपास, मूंगफली व फल-सब्जियों में चीन के बाद तथा गन्ना उत्पादन में ब्राजील के बाद दूसरे स्थान पर है.

चौहान ने उत्साह व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे पास चावल और गेहूं के पर्याप्त भंडार हैं. आज दुनिया में भारतीय चावल धूम मचा रहा है और इसके निर्यात में 5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है. अमेरिका, कनाडा और मिडिल ईस्ट सहित दुनिया के कोने-कोने में भारतीय बासमती की सुगंध फैल रही है. 

दलहन व तिलहन में आत्मनिर्भरता और फसल विविधीकरण पर जोर

केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान ने स्पष्ट किया कि चावल और गेहूं में सरप्लस स्थिति हासिल करने के बाद अब सरकार का पूरा ध्यान फसल विविधीकरण (Crop Diversification) तथा दलहन और तिलहन में देश को आत्मनिर्भर बनाने पर है. उन्होंने कहा कि देश में दालों और खाद्य तेलों की मांग लगातार बढ़ रही है. इसी आवश्यकता को पूरा करने के लिए 'दलहन मिशन' और 'तिलहन मिशन' के माध्यम से उत्पादन बढ़ाने के युद्धस्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम अंतिम आंकड़ों में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं.

वर्ष 2025-26 के अंतिम अनुमान: खाद्यान्न, दलहन और तिलहन में ऐतिहासिक कीर्तिमान

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह द्वारा जारी वर्ष 2025-26 के अंतिम अनुमानों के अनुसार, देश में कुल खाद्यान्न उत्पादन रिकॉर्ड 3785.38 लाख टन रहा है, जो वर्ष 2024-25 के 3577.32 लाख टन के मुकाबले 208.06 लाख टन अधिक है.

चावल और गेहूं: कुल चावल उत्पादन पिछले वर्ष (2024-25) के 1501.84 लाख टन से 49.70 लाख टन बढ़कर रिकॉर्ड 1551.54 लाख टन पर पहुंच गया है. वहीं गेहूं उत्पादन भी 2024-25 के 1179.45 लाख टन की तुलना में 41.19 लाख टन बढ़कर 1220.64 लाख टन के ऐतिहासिक स्तर पर रहा.

​मक्का, श्री अन्न और दलहन: मक्का उत्पादन 2024-25 के 434.09 लाख टन से उछलकर 550.25 लाख टन हो गया. पोषक/मोटे अनाज का कुल उत्पादन 740.80 लाख टन रहा, जिसमें 'श्री अन्न' 172.09 लाख टन है. कुल दलहन उत्पादन 2024-25 के 256.83 लाख टन से 15.57 लाख टन बढ़कर 272.40 लाख टन रहा, जिसमें मूंग ने 43.96 लाख टन का नया रिकॉर्ड बनाया, जबकि चना 125.13 लाख टन और तुअर (अरहर) 35.99 लाख टन दर्ज किया गया.

​तिलहन और नकदी फसलें: कुल तिलहन उत्पादन पिछले वर्ष के 429.89 लाख टन से 2.66 लाख टन बढ़कर रिकॉर्ड 432.55 लाख टन दर्ज किया गया. इसमें मूंगफली 131.71 लाख टन (पिछले वर्ष 119.42 लाख टन से 12.29 लाख टन अधिक) और रेपसीड व सरसों 137.66 लाख टन (पिछले वर्ष 126.67 लाख टन से 10.99 लाख टन अधिक) के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचे, जबकि सोयाबीन उत्पादन 126.36 लाख टन रहा. नकदी फसलों में गन्ना 5037.29 लाख टन, कपास 280.06 लाख गांठें (प्रत्येक 170 किलोग्राम) तथा जूट एवं मेस्ता 94.28 लाख गांठें (प्रत्येक 180 किलोग्राम) रहा.

खरीफ 2026-27 के प्रथम अग्रिम अनुमान: अल नीनो की चुनौती पर भारी पड़ा किसानों का हौसला

वर्ष 2026-27 के खरीफ सीजन के प्रथम अग्रिम अनुमान जारी करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान ने बताया कि इस बार अल नीनो की वापसी, जून में मानसून की देरी (35% से 40% कम बारिश) और महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना व आंध्र प्रदेश जैसे प्रमुख कृषि क्षेत्रों में मिट्टी की नमी कम होने व सूखे की स्थिति से धान, मक्का, तुअर, सोयाबीन और कपास जैसी फसलों की बुवाई प्रभावित हुई.

इसके बावजूद हमारे किसानों के अदम्य साहस, सरकारी योजनाओं और वैज्ञानिकों द्वारा विकसित जलवायु-अनुकूल (Climate-resilient) किस्मों की बदौलत कुल खरीफ खाद्यान्न उत्पादन 1671.43 लाख मीट्रिक टन (LMT) रहने का अनुमान है, जो पिछले पांच वर्षों के औसत खरीफ उत्पादन से 97.67 लाख टन अधिक है.

प्रमुख खरीफ फसलों के अनुमान: खरीफ चावल का उत्पादन 1219.05 लाख टन तथा पोषक/मोटे अनाज का कुल उत्पादन 381.05 लाख टन (मक्का 260.64 लाख टन, बाजरा 89.43 लाख टन, ज्वार 14.79 लाख टन, रागी 12.48 लाख टन और छोटे मिलेट्स 3.71 लाख टन) रहने का अनुमान है.

खरीफ दलहन व तिलहन: कुल खरीफ दलहन उत्पादन 71.32 लाख टन (तुअर 31.22 लाख टन, मूंग 16.59 लाख टन, उड़द 14.49 लाख टन और अन्य दालें 9.02 लाख टन) अनुमानित है. वहीं कुल खरीफ तिलहन उत्पादन 239.47 लाख टन (मूंगफली 111.68 लाख टन, सोयाबीन 102.44 लाख टन, अरंडी 18.97 लाख टन, तिल 4.91 लाख टन, सूरजमुखी 1.17 लाख टन और रामतिल 0.30 लाख टन) रहने की उम्मीद है.

​खरीफ नकदी फसलें: प्रथम अग्रिम अनुमान में खरीफ सीजन के दौरान गन्ना 4543.39 लाख टन, कपास 248.66 लाख गांठें (प्रत्येक 170 किलोग्राम) तथा जूट एवं मेस्ता 97.06 लाख गांठें (प्रत्येक 180 किलोग्राम) अनुमानित है.

डिजिटल क्रॉप सर्वे और त्रि-स्तरीय वैज्ञानिक सत्यापन से तैयार हुए आंकड़े

कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने बताया कि ये प्रारंभिक अनुमान हैं, जिन्हें कटाई के समय होने वाले फसल कटाई प्रयोगों (CCEs) के वास्तविक उपज आंकड़े प्राप्त होने के बाद द्वितीय और अंतिम अनुमानों में संशोधित किया जाएगा. दोनों वर्षों के आंकड़े राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से प्राप्त जानकारियों के साथ-साथ रिमोट सेंसिंग, साप्ताहिक फसल मौसम निगरानी समूह (CWWG), डिजिटल क्रॉप सर्वे, डिजिटल जनरल क्रॉप एस्टिमेशन सर्वे और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ परामर्श व त्रि-स्तरीय सत्यापन (वैलिडेशन और ट्रायंगुलेशन) के बाद तैयार किए गए हैं.

English Summary: India record foodgrain production 2025-26 kharif crop production estimates 2026-27 Published on: 26 November 2026, 12:41 PM IST

Like this article?

Hey! I am KJ Staff. Did you liked this article and have suggestions to improve this article? Mail me your suggestions and feedback.

Share your comments

हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें. कृषि से संबंधित देशभर की सभी लेटेस्ट ख़बरें मेल पर पढ़ने के लिए हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें.

Subscribe Newsletters

Latest feeds

More News