अगर आप खेती करने के साथ कोई दूसरा करोबार करने की सोच रहे हैं और आपके मन में सवाल है किस व्यवसाय की शुरुआत करें, तो ऐसे में बकरी पालन आपके लिए उचित विकल्प साबित हो सकता है. साथ ही बकरी पालन की शुरुआत करने के लिए सरकार किसानों और पशुपालकों को 60 प्रतिशत तक अनुदान की भी छूट दे रही है. यानी की इस व्यवसाय से जुड़कर किसान पशुपालक अपनी इनकम में इजाफा कर सकते हैं. चलिए आगे जानते हैं कैसे मिलेगा अनुदान.
बकरी पालन पर कितनी मिलती है सब्सिडी?
आज के समय में किसान भाई बकरी पालन की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं और अच्छी इनकम अर्जित कर रहे हैं. इसी को देखते हुए केंद्र सरकार और राज्य सरकार की योजनाओं के तहत पशुपालकों और किसानों को अनुदान दिया जा रहा है. इन सरकारी योजनाओं के तहत पात्रता के अनुसार सामान्य वर्ग के लाभार्थियों को परियोजना लागत पर 50 प्रतिशत तक सब्सिडी मिल सकती है. वहीं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और महिला उद्यमियों के लिए यह सहायता 60 प्रतिशत तक अनुदान मिल सकता है.
बकरियों की किन नस्लों का करें चुनाव?
बकरी पालन किसानों और पशुपालकों के लिए मुनाफे का सौंदा साबित हो रहा है. ऐसे में अगर आप भी बकरी पालन करने की सोच रहे हैं, लेकिन आपको समझ नहीं आ रहा है कि किस बकरी की किस नस्ल का चुनाव करें, जिससे दूध और मांस भी बराबर मिले. ऐसे में बरबरी, जमुनापारी और बीटल नस्ल की बकरियां आपके लिए उचित हो सकती है.
कितनी बकरियों से शुरु करें बिजनेस?
अगर आपके पास कम जमीन है तो घबराएं नहीं आप इस करोबार की शुरुआत कम पूंजी और कम जमीन में कर सकते हैं. यानी की किसान या पशुपालक बकरी पालन यूनिट लगाने के बजाय छोटे स्तर पर व्यवसाय शुरू कर सकते हैं और पांच मादा बकरियों से भी शुरुआत कर सकते हैं. उचित देखभाल और प्रबंधन होने पर एक साल में लगभग छह से दस बच्चे पैदा हो सकते हैं और उनकी बिक्री करने पर 40 हजार से 70 हजार रुपये तक की इनकम आसानी से हो सकती है.
अनुदान का लाभ लेने के लिए कहां अप्लाई करें?
अगर आप बकरी पालन करना चाहते हैं और इस सरकारी अनुदान का फायदा लेना चाहते हैं, तो आप बेहद ही आसनी से योजना में आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए आप अपने जिले के पशुपालन विभाग या नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से आवेदन की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और आवेदन कर सकते हैं.
इसके अलावा, आवेदनकर्ता आवेदन के दौरान इन कागजों को तैयार रखें जिनमें- आधार कार्ड, बैंक पासबुक, जमीन से जुड़े दस्तावेज और प्रशिक्षण प्रमाणपत्र जैसे जरूरी कागजात तैयार रखें.
लेखक: रवीना सिंह
Share your comments