1. Home
  2. ख़बरें

ICAR के नवाचारों ने बढ़ाई किसानों की आय, 1 रुपये के निवेश पर मिला 13.85 रुपये का आर्थिक लाभ

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गरीबी उन्मूलन में कृषि अनुसंधान और ग्रामीण विकास योजनाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया. ICAR के कृषि अनुसंधान में प्रत्येक रुपये के निवेश पर 13.85 रुपये और पशुपालन अनुसंधान में 20.81 रुपये का आर्थिक लाभ मिला. कृषि विकास दर 4.45 प्रतिशत तक पहुंची.

KJ Staff
shivraj singh chauhan

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने गरीबी उन्मूलन के क्षेत्र में अभूतपूर्व, अकल्पनीय और ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है. वर्ल्ड बैंक की हालिया रिपोर्ट के अनुसार, देश में करीब 50 करोड़ लोग गरीबी की रेखा से बाहर निकले हैं और अत्यंत गरीबी की दर 27.1 प्रतिशत से घटकर मात्र 2.6 प्रतिशत रह गई है. इस असाधारण उपलब्धि में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों, कृषि अनुसंधान (ICAR), भूमि संसाधन (DoLR) तथा ग्रामीण विकास योजनाओं के योगदान पर मंथन करने और आगे की रणनीति तय करने के लिए आज नई दिल्ली स्थित अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में एक दिवसीय विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया.

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित इस संयुक्त कार्यशाला में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी और केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने भी सहभागिता की. शिवराज सिंह ने इस सफलता को "असाधारण, अकल्पनीय और अभूतपूर्व चमत्कार" बताया.

इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में चारों विभागों के शीर्ष अधिकारी- कृषि एवं किसान कल्याण सचिव अतीश चंद्रा, ग्रामीण विकास सचिव रोहित कंसल, भूमि संसाधन विभाग के सचिव दिलीप कुमार तथा डेयर के सचिव एवं भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक डॉ. एम. एल. जाट भी उपस्थित रहे. चारों विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, वैज्ञानिक, सेक्शन ऑफिसर, असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए. 

50 करोड़ लोगों का गरीबी से बाहर आना अमेरिका की आबादी से भी बड़ा चमत्कार

​कार्यशाला में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, आईसीएआर, ग्रामीण विकास विभाग और भूमि संसाधन विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमारे देश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में जो उपलब्धि हासिल की है, वह सचमुच असाधारण, अद्भुत और अकल्पनीय है. स्वयं वर्ल्ड बैंक ने माना है कि दुनिया के किसी भी देश में इतनी तेजी से गरीबी कम नहीं हुई है.

चौहान ने कहा कि कहने को 50 करोड़ का आंकड़ा आसान लगता है, लेकिन यदि हम तुलना करें तो अमेरिका की कुल आबादी लगभग 30 करोड़ है और पूरे यूरोप की आबादी भी मिला दें तो शायद 50 करोड़ न हो. इतने विशाल जनसमूह का गरीबी की रेखा से ऊपर उठना एक ऐतिहासिक घटना है. इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नेतृत्व, उनका विजन और उनका परिश्रम तो है ही, साथ ही दोनों मंत्रालयों के हर अधिकारी और कर्मचारी की भी अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका है. 

​आपने केवल योजनाएं नहीं बनाई, बल्कि देश बनाया है; उत्सव के रूप में मनाएं इस सफलता को

​केंद्रीय मंत्री चौहान ने अधिकारियों और कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह सफलता ऐसे ही नहीं मिल गई, बल्कि इसके पीछे आप सबका पसीना और परिश्रम है. उन्होंने कहा कि बैठक में सभी आनंद और उत्सव के भाव से बैठें, क्योंकि जब देश ने इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल की है तो प्रसन्नता का प्रकटीकरण हमारे चेहरों से भी होना चाहिए. चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने भी यह बात रेखांकित की है कि "आपने केवल योजना नहीं बनाई है, बल्कि देश बनाया है."

उन्होंने कहा कि आमतौर पर समीक्षा बैठकों में केवल उच्च अधिकारी ही आ पाते हैं, लेकिन इस बार उन्होंने तय किया कि नींव के पत्थर कहे जाने वाले सेक्शन ऑफिसर और असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर से लेकर सचिव स्तर तक के सभी साथियों को बुलाया जाए, क्योंकि फाइल वहीं से चलती है. आप सभी इस प्रगति यात्रा के केवल साक्षी ही नहीं, बल्कि इसके असली सारथी भी हैं. इस दौरान चौहान मंच छोड़कर ऑडियंस के बीच भी बैठे और कर्मचारियों से सीधा संवाद कर उनके जमीनी अनुभव व सुझाव जाने.

शेष बचे लोगों को भी गरीबी से बाहर निकालने का संकल्प

​केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि हम केवल आजीविका के लिए नहीं, बल्कि जीवन की सार्थकता और देश की जनता की सेवा के लिए काम करते हैं. जब कोई योजना नीचे से तैयार होकर कैबिनेट से मंजूर होती है और जमीन पर उतरती है, तो उसमें हर स्तर के कर्मचारी का योगदान होता है. उन्होंने कहा कि अब हमारे सामने प्रधानमंत्री जी के दो प्रमुख संकल्प हैं- पहला यह कि जो लोग गरीबी रेखा से ऊपर आ चुके हैं, वे किसी भी स्थिति में वापस नीचे न जाएं, और दूसरा यह कि जो लगभग 2.6 से 2.7 प्रतिशत लोग शेष रह गए हैं, उन्हें भी तेजी से गरीबी की रेखा से ऊपर उठाकर उनके जीवन स्तर को ऊंचा किया जाए. 

​कृषि विकास दर 4.45% के ऐतिहासिक स्तर पर, ICAR के शोध से मिला 13.85 गुना लाभ

​कृषि क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में कृषि क्षेत्र में गर्व करने लायक और चमत्कार जैसा काम हुआ है. हरित क्रांति के दौर में भी कृषि विकास दर 3 से 3.5 प्रतिशत के आसपास रहती थी, लेकिन आज भारत की दशकीय कृषि विकास दर 4.45 प्रतिशत के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गई है. ​कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अंतर्गत पीएम-किसान सम्मान निधि के तहत 4.66 लाख करोड़ रुपये से अधिक की सीधी सहायता, रिकॉर्ड 376.56 मिलियन टन खाद्यान्न और 386.91 मिलियन टन बागवानी उत्पादन, सस्ता कृषि ऋण, फसल बीमा, प्राकृतिक खेती, 10,000 एफपीओ और एग्रीस्टैक जैसी डिजिटल पहलों ने किसानों की आय बढ़ाई है. 

​कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग (DARE/ICAR) की प्रस्तुति में बताया गया कि वैज्ञानिक नवाचारों से कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा में निवेश किए गए प्रत्येक 1 रुपये पर 13.85 रुपये का और पशुपालन शोध में 20.81 रुपये का आर्थिक लाभ मिला है. वर्ष 2014 के बाद से 3,436 नई फसल किस्में जारी की गईं, जिनमें 93 प्रतिशत जलवायु अनुकूल हैं. बायोफोर्टिफाइड किस्मों, 19.78 मिलियन टन मत्स्य उत्पादन, 500 से अधिक कृषि यंत्रों और केवीके (KVK) के माध्यम से सालाना 5 करोड़ किसानों तक डिजिटल पहुंच ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती दी है. 

ग्रामीण विकास और भूमि संसाधन (DoLR) की योजनाओं ने बदली गांव-गरीब की तस्वीर

​कार्यशाला में ग्रामीण विकास और भूमि संसाधन की योजनाओं के जमीनी असर को विस्तार से प्रस्तुत किया गया. चौहान ने कहा कि गरीबी उन्मूलन के आकलन में ग्रामीण विकास और भूमि संसाधन विभाग की भूमिका अत्यंत प्रभावी रही है. प्रस्तुतियों में बताया गया कि ​ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से 10 करोड़ से अधिक महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा गया और अब तक 3.76 करोड़ 'लखपति दीदियां' बनी हैं.

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के तहत 3.99 करोड़ पक्के घरों का निर्माण हुआ. प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) से 7.99 लाख किलोमीटर बारहमासी सड़कों का जाल बिछा. विकसित भारत-जी राम जी (VB-G RAM G) के तहत ग्रामीण परिवारों को अब 125 दिनों के रोजगार की गारंटी मिल रही है, वहीं सामाजिक सहायता कार्यक्रमों और 99.9 प्रतिशत डीबीटी पारदर्शिता ने अंतिम व्यक्ति को सशक्त बनाया है. 

​भूमि संसाधन विभाग (DoLR) के तहत प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के जलग्रहण विकास घटक (WDC-PMKSY) के माध्यम से जल संरक्षण और भूमि सुधार के कार्यों से 3.40 करोड़ हेक्टेयर क्षेत्र का उपचार हुआ है. इससे 61.15 लाख किसानों को सीधा लाभ मिला, सिंचित क्षेत्र व दुग्ध उत्पादन में वृद्धि हुई और किसानों की औसत वार्षिक आय में 70 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई. 

बजट और योजनाओं में सुधार के लिए मांगे सुझाव, उपलब्धियों को जनता के बीच ले जाने का आह्वान

​कार्यशाला के समापन सत्र में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अधिकारियों और कर्मचारियों को खुला निमंत्रण देते हुए कहा कि उपलब्धियों का अर्थ यह नहीं है कि सुधार की कोई गुंजाइश नहीं है. पीएम-किसान और ई-नाम जैसी योजनाओं पर कई अच्छे सुझाव आए हैं. यदि किसी के मन में बजट को लेकर, मौजूदा योजनाओं में संशोधन को लेकर या किसानों की आय बढ़ाने वाली किसी नई योजना को लेकर कोई विचार है, तो वे बेहिचक लिखकर भेजें. चौहान ने कहा कि वे भविष्य में विभागवार निचले स्तर के कर्मचारियों के साथ भी अनौपचारिक बैठकें करेंगे और विभाग के मुखिया के नाते हर साथी के लिए सहज व सुलभ रहेंगे. 

​चौहान ने इस बात पर भी विशेष जोर दिया कि विभाग की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी कार्यों को केवल फाइलों और औपचारिक पत्रों तक सीमित न रखकर प्रभावी ढंग से जनता और किसानों के बीच ले जाना हमारा कर्तव्य है. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब हम सीधे जमीन पर जाकर संवाद करते हैं, तो सकारात्मक संदेश पूरे देश में जाता है. उन्होंने कहा कि सफर अभी बाकी है और हमें 2029, 2030-31 तथा 'विकसित भारत @2047' के लक्ष्यों को समय पर हासिल करना है. मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अब हमें भारतीय कृषि उत्पादों के साथ दुनिया के बाजार में छा जाना है.

English Summary: ICAR agricultural research innovation boosts farmers income 13.85 rupees return on investment Published on: 24 November 2026, 11:20 AM IST

Like this article?

Hey! I am KJ Staff. Did you liked this article and have suggestions to improve this article? Mail me your suggestions and feedback.

Share your comments

हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें. कृषि से संबंधित देशभर की सभी लेटेस्ट ख़बरें मेल पर पढ़ने के लिए हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें.

Subscribe Newsletters

Latest feeds

More News