1. Home
  2. ख़बरें

विश्व मत्स्य दिवस 2026: लहरों से लड़ता मछुआरा और सभ्यता की डूबती हुई नैय्या!

विश्व मत्स्य दिवस 2026 के अवसर पर यह लेख मछुआरा समुदाय के संघर्ष, योगदान और समुद्र पर निर्भर मानव सभ्यता की चर्चा करता है. इसमें मत्स्य क्षेत्र की खाद्य सुरक्षा, रोजगार और अर्थव्यवस्था में भूमिका के साथ समुद्री प्रदूषण, प्लास्टिक, जलवायु परिवर्तन और घटते जलीय संसाधनों के संकट को रेखांकित करते हुए टिकाऊ मत्स्य पालन और मछुआरों के अधिकारों के संरक्षण पर जोर दिया गया है.

डॉ राजाराम त्रिपाठी
world fisheries day
डॉ. राजाराम त्रिपाठी, 'राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड' आयुष मंत्रालय के सदस्य तथा 'अखिल भारतीय किसान महासंघ' (आईफा) के राष्ट्रीय संयोजक

सभ्यता का इतिहास केवल उन राजाओं, सम्राटों और विजेताओं का इतिहास नहीं है, जिन्होंने तलवारों के बल पर साम्राज्य खड़े किए. यह उन अनाम मनुष्यों का इतिहास भी है, जिन्होंने प्रकृति से संघर्ष करके मानवता की थाली में भोजन पहुंचाया. कोई जंगलों में शिकार करता रहा, कोई धरती का सीना चीरकर अन्न उगाता रहा और कोई समुद्र की उत्ताल लहरों से जूझकर मछलियां पकड़ता रहा. इनमें मछुआरा एक ऐसा जीवट मनुष्य है, जिसका कार्यस्थल कोई वातानुकूलित कार्यालय नहीं, बल्कि कभी शांत और कभी विकराल हो उठने वाला समुद्र है. वह आकाश के रंग, हवा की दिशा और लहरों की भाषा पढ़कर अपनी आजीविका का जोखिम उठाता है.

प्रत्येक वर्ष 21 नवंबर को विश्व मत्स्य दिवस मनाया जाता है. यह केवल मछली उत्पादन और मत्स्य पालन की तकनीक पर चर्चा का अवसर नहीं, बल्कि उस सभ्यता के प्रति कृतज्ञता का दिन है, जिसने हजारों वर्षों से जल को भोजन, रोजगार और संस्कृति का आधार बनाया है.

विश्व साहित्य में 'वरुण के बेटे' मछुआरे का संघर्ष अत्यंत मार्मिकता से अभिव्यक्त हुआ है. हरमन मेलविल का प्रसिद्ध उपन्यास 'मोबी डिक' समुद्र और मनुष्य के संघर्ष का विराट आख्यान है. वहीं अर्नेस्ट हेमिंग्वे की कालजयी कृति 'द ओल्ड मैन एंड द सी' का बूढ़ा मछुआरा सैंटियागो एक विशाल मार्लिन मछली से संघर्ष करते हुए अपने आत्मसम्मान और अदम्य साहस की परीक्षा देता है. हेमिंग्वे का प्रसिद्ध कथन है, "Man is not made for defeat. A man can be destroyed but not defeated." अर्थात मनुष्य पराजय के लिए नहीं बना है. उसे नष्ट किया जा सकता है, लेकिन उसकी जिजीविषा को पराजित नहीं किया जा सकता. समुद्र में उतरने वाले मछुआरे के जीवन का भी यही दर्शन है. उसके लिए समुद्र केवल पानी नहीं, परिवार की रसोई, बच्चों की शिक्षा और पीढ़ियों की विरासत है.

भारतीय परंपरा में निषादराज गुह इसका एक महत्वपूर्ण उदाहरण हैं. रामायण में वनगमन के दौरान गंगा तट पर भगवान राम और निषादराज गुह का आत्मीय मिलन केवल दो व्यक्तियों की मित्रता नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता का प्रतीक है. निषादराज नदी, नाव और जलमार्ग से जुड़े उस समाज का प्रतिनिधित्व करते हैं, जिसने सदियों तक भारतीय सभ्यता की जीवनधारा को गति दी. निषाद, केवट, मल्लाह और मत्स्यजीवी समुदायों के पास नदियों की गहराई, मछलियों के प्रजनन काल और मौसम के बदलाव का पीढ़ियों से संचित अनुभवजन्य ज्ञान है. विडंबना है कि जल-संसाधनों से गहरा संबंध रखने वाले इन्हीं समुदायों को आधुनिक विकास की योजनाओं में अक्सर सबसे अंत में याद किया जाता है.

पृथ्वी का लगभग 71 प्रतिशत हिस्सा जल से आच्छादित है, लेकिन मानव सभ्यता ने अपनी खाद्य सुरक्षा की रणनीतियां मुख्यतः जमीन के इर्द-गिर्द बनाई हैं. बढ़ती आबादी, घटती कृषि भूमि और जलवायु परिवर्तन के दौर में समुद्र भविष्य की खाद्य सुरक्षा का महत्वपूर्ण आधार बन सकता है. संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) के अनुसार, वर्ष 2024 में वैश्विक मत्स्य एवं जलीय कृषि उत्पादन लगभग 23.5 करोड़ टन रहा. लगभग 3.1 अरब लोगों के पशु-प्रोटीन उपभोग में जलीय खाद्य पदार्थों का महत्वपूर्ण योगदान है और इस क्षेत्र से 60 करोड़ से अधिक लोगों की आजीविका जुड़ी हुई है. मछली उच्च गुणवत्ता वाले प्रोटीन का स्रोत है. सामान्यतः 100 ग्राम मछली से 18 से 25 ग्राम तक प्रोटीन मिल सकता है. इसमें ओमेगा-3 फैटी एसिड, विटामिन बी-12 और अन्य आवश्यक पोषक तत्व भी होते हैं. इसलिए भविष्य में समुद्र मानवता को संभावित खाद्य संकट से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है. लेकिन इसके लिए समुद्र को असीमित भंडार समझने की भूल छोड़नी होगी.

यहीं आधुनिक सभ्यता का सबसे बड़ा विरोधाभास सामने आता है. जिस समुद्र से हम भविष्य की भूख मिटाने की उम्मीद कर रहे हैं, उसी को औद्योगिक कचरे, तेल रिसाव, रासायनिक अपशिष्ट और प्लास्टिक से जहरीला बना रहे हैं. संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP) के अनुसार, प्रतिवर्ष एक करोड़ टन से अधिक प्लास्टिक समुद्र में पहुंचता है. यही प्लास्टिक टूटकर माइक्रोप्लास्टिक और नैनोप्लास्टिक के सूक्ष्म कणों में बदलता है, जो मछलियों और अन्य जलीय जीवों की खाद्य श्रृंखला में प्रवेश कर सकते हैं. विभिन्न अध्ययनों में मछलियों में इनकी मौजूदगी प्रमाणित हुई है. इनके संभावित स्वास्थ्य प्रभावों पर वैज्ञानिक चिंता बढ़ रही है. इस कैंसर का एक प्रमुख संभावित कारण भी माना जा रहा है. लेकिन क्या हमें हर खतरे के सामने अंतिम चिकित्सकीय प्रमाण की प्रतीक्षा करनी चाहिए?

संकट केवल समुद्र में प्लास्टिक या दूषित तेल का ही नहीं है. मत्स्य पालन में अनियंत्रित एंटीबायोटिक, रसायन, दूषित जल और घटिया आहार का उपयोग भी खाद्य सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है. इसका अर्थ यह नहीं कि हर पाली गई मछली दूषित है, बल्कि यह कि गुणवत्ता नियंत्रण और सुरक्षित उत्पादन अनिवार्य हैं. सब्जियों और फलों के बाद अब जलीय खाद्य श्रृंखला में भी प्रदूषण की चिंता सामने है. आखिर मनुष्य खाए तो क्या खाए? प्रकृति ने भोजन दिया था, हमने उसमें भी अपना औद्योगिक हस्ताक्षर छोड़ दिया!

समुद्र की चिंता करने से पहले नदियों और तालाबों को बचाना होगा. नदियां जलीय पारिस्थितिकी और मछलियों के प्रजनन की जीवनरेखाएं हैं. हम जंगल काटते हैं, पहाड़ खोदते हैं, नदियों के प्राकृतिक प्रवाह को बाधित करते हैं और तालाबों पर अतिक्रमण करते हैं. फिर वर्षा की अनियमितता और जल संकट पर आश्चर्य व्यक्त करते हैं. वनों की कटाई, भूमि उपयोग में बदलाव और जलवायु परिवर्तन जलचक्र को प्रभावित करते हैं. कहीं बाढ़, कहीं सूखा और कहीं नदियों का अस्तित्व ही संकट में है. ऐसे में मत्स्य उत्पादन बढ़ाने के सरकारी लक्ष्य किस आधार पर पूरे होंगे? क्या मछलियां भी अब सरकारी आदेश से पैदा होंगी? प्राकृतिक जलाशयों को नष्ट करके मत्स्य अर्थव्यवस्था बढ़ाने की कल्पना वैसी ही है जैसे पेड़ काटकर वन महोत्सव मनाना.

विश्व मत्स्य दिवस पर यह भी पूछना जरूरी है कि पारंपरिक मछुआरे को सुरक्षित नाव, मौसम की विश्वसनीय सूचना, बीमा, उचित बाजार मूल्य और शीतगृह की सुविधाएं कितनी उपलब्ध हैं? मत्स्य क्षेत्र का विकास केवल उत्पादन के आंकड़े बढ़ाने से नहीं होगा. इसके लिए नदियों और तालाबों का पुनर्जीवन, समुद्री प्रदूषण पर कठोर नियंत्रण, टिकाऊ मत्स्य दोहन और मछुआरा समुदायों के अधिकारों की रक्षा आवश्यक है.

अथर्ववेद का उद्घोष है, "माता भूमिः पुत्रोऽहं पृथिव्याः." अर्थात पृथ्वी मेरी माता है और मैं उसका पुत्र हूं. यह संदेश केवल धरती के लिए नहीं, उसके समस्त प्राकृतिक संसाधनों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का भी स्मरण कराता है.

हेमिंग्वे का बूढ़ा सैंटियागो समुद्र से संघर्ष करके लौटता है. उसके हाथ खाली हो सकते हैं, लेकिन उसका साहस जीवित रहता है. आज पूरी मानव सभ्यता भी उसी समुद्र के सामने खड़ी है, लेकिन इस बार संकट समुद्र से नहीं, स्वयं मनुष्य की बनाई हुई विपत्तियों से है. जिस दिन नदियों में मछलियां नहीं होंगी, तालाबों में जीवन नहीं होगा और समुद्र प्लास्टिक से भर जाएगा, उस दिन मत्स्य दिवस मनाने के लिए हमारे पास मंच, भाषण और सरकारी आंकड़े तो होंगे, लेकिन मछुआरे की नाव में दिखाने के लिए मछली नहीं होगी. तब शायद हमें समझ आएगा कि हमने केवल एक समुदाय की आजीविका नहीं छीनी, बल्कि अपनी ही सभ्यता के भविष्य को जाल में फंसाकर समुद्र में डुबो दिया!

English Summary: world fisheries day 2026 importance of fishermen and sustainable fishing Published on: 21 November 2026, 12:39 PM IST

Like this article?

Hey! I am डॉ राजाराम त्रिपाठी. Did you liked this article and have suggestions to improve this article? Mail me your suggestions and feedback.

Share your comments

हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें. कृषि से संबंधित देशभर की सभी लेटेस्ट ख़बरें मेल पर पढ़ने के लिए हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें.

Subscribe Newsletters

Latest feeds

More News