1. Home
  2. ख़बरें

1 जुलाई से ‘विकसित भारत जी राम जी' योजना पूरे देश में लागू- शिवराज सिंह चौहान

नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय ग्रामीण विकास सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विकसित भारत के लिए विकसित गाँवों की आवश्यकता पर जोर दिया. उन्होंने 1 जुलाई से “विकसित भारत–जी राम जी” योजना लागू करने, लखपति दीदी मिशन को गति देने, ग्रामीण योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, जल संरक्षण, रोजगार सृजन, नवाचार और राज्यों के सहयोग से समग्र ग्रामीण विकास का आह्वान किया.

KJ Staff
Shivraj Singh Chauhan

नई दिल्ली के पूसा परिसर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय ग्रामीण विकास सम्मेलन “ग्रामोदय से राष्ट्रोदय” के दूसरे दिन केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देशभर से आए 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के ग्रामीण विकास मंत्रियों के साथ व्यापक मंथन किया. सम्मेलन में न केवल योजनाओं की समीक्षा हुई, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में “विकसित ग्राम–विकसित भारत” के विजन को जमीन पर उतारने के लिए ठोस रणनीतियाँ भी सामने आईं.

इस अवसर पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गाँव केवल धूल-मिट्टी या चौपाल का नाम नहीं, गाँव भारत की शक्ति, भारत की चेतना और भारत की आत्मा हैं. उन्होंने कहा कि अगर हमें समृद्ध और विकसित भारत बनाना है तो गाँव को समृद्ध और विकसित बनाए बिना काम नहीं चलेगा, गाँव की प्रगति के बिना देश की प्रगति संभव नहीं है.

29 राज्यों के मंत्रियों का ऐतिहासिक जुटान

पहली बार एक मंच पर देश के 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के ग्रामीण विकास मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और नीति-निर्माता एक साथ जुटे. उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित राज्यों के ग्रामीण विकास मंत्रियों और अन्य वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भाग लिया. यह सहकारी संघवाद का जीवंत उदाहरण रहा, जहाँ राजनीतिक भिन्नताओं से ऊपर उठकर विकास पर फोकस किया गया.

विकसित भारत के लिए विकसित गाँव का विजन

केंद्रीय शिवराज सिंह चौहान ने स्पष्ट कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब गाँव आत्मनिर्भर, रोजगारयुक्त और बुनियादी सुविधाओं से संपन्न बनेंगे. उन्होंने गाँव को “भारत की आत्मा, शक्ति और चेतना” बताते हुए कहा कि ग्रामीण विकास ही राष्ट्रीय विकास की धुरी है.

1 जुलाई से नई रोजगार योजना लागू

केंद्रीय मंत्री चौहान ने घोषणा की कि 1 जुलाई से “विकसित भारत- जी राम जी” योजना देशभर में लागू होगी, जो मनरेगा की जगह लेगी. इसके लिए ₹95,682 करोड़ की अंतरिम स्वीकृति दी जा चुकी है. उन्होंने राज्यों से अपील की कि वे समय पर अपनी औपचारिकताएँ पूरी करें ताकि योजना का सुचारू क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके.

लखपति दीदी मिशन को नई गति

सम्मेलन में “लखपति दीदी डैशबोर्ड” लॉन्च किया गया और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए “SHE LEAPS” डिजिटल प्लेटफॉर्म का शुभारंभ करते हुए शिवराज सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 3 करोड़ से बढ़ाकर 6 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए अगले 5 वर्षों में ₹10 लाख करोड़ का बैंक लिंकिंग रोडमैप तैयार किया गया है.

क्रियान्वयन में सुधार पर जोर

शिवराज सिंह ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कई अहम बिंदु रखे- राज्यों को समय पर अपना वित्तीय हिस्सा जारी करना होगा, ग्रामीण विकास से जुड़े खाली पदों को शीघ्र भरना जरूरी, अधिकारियों के बार-बार ट्रांसफर से काम प्रभावित होता है, जिम्मेदार पदों पर अधिकारियों को कम से कम दो‑तीन वर्ष एक ही स्थान पर रखा जाए, योजनाओं के प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता पर विशेष ध्यान, सोशल ऑडिट और AI आधारित मॉनिटरिंग को मजबूत करने की जरूरत.

आवास, सड़क और कौशल योजनाओं की समीक्षा

प्रधानमंत्री आवास योजना, ग्रामीण सड़क योजना और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि कई राज्यों ने उत्कृष्ट कार्य किया है, जबकि कुछ को सुधार की जरूरत है. उन्होंने भूमिहीन लाभार्थियों को जमीन उपलब्ध कराने और लंबित आवासों के शीघ्र समाधान पर विशेष जोर दिया.

बेस्ट प्रैक्टिस साझा करने और सुधार की अपील

झारखंड, बिहार, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश आदि राज्यों के सफल मॉडल जैसे मल्टी‑चैनल मार्केटिंग, सामुदायिक उद्यम और हाउसहोल्ड आजीविका ऋण योजनाओं का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इन बेस्ट प्रैक्टिस को सभी राज्यों के साथ साझा किया जाएगा, ताकि अच्छा काम पूरे देश में दोहराया जा सके. उन्होंने खुले मन से स्वीकार किया कि कई योजनाओं और प्रक्रियाओं में अभी भी सुधार की गुंजाइश है, और भरोसा दिलाया कि यदि राज्यों को किसी नियम या प्रक्रिया में व्यावहारिक दिक्कत है तो ग्रामीण विकास मंत्रालय कैबिनेट और वित्त मंत्रालय के साथ मिलकर उचित संशोधन की दिशा में काम करेगा.

जलसंकट और मानसून पर अलर्ट

शिवराज सिंह चौहान ने संभावित कम बारिश को लेकर 14 राज्यों के लिए चेतावनी जारी की. उन्होंने जल संरक्षण संरचनाओं को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों में अतिरिक्त रोजगार की तैयारी रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी स्थिति से प्रभावी तरीके से निपटा जा सके.

सहभागिता से परिवर्तन का संदेश

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह समय प्रतिस्पर्धा का नहीं, बल्कि सहभागिता का है. केंद्र नीति बनाए, राज्य उसे लागू करें, पंचायत नेतृत्व करे और जनता सहभागी बने- इसी मॉडल से ग्रामीण भारत की तस्वीर और तकदीर बदली जा सकती है.

युवाओं और नवाचार को प्रोत्साहन

सम्मेलन में VB- G RAM G से जुड़े लोगो डिजाइन, क्विज और डिजिटल कंटेंट प्रतियोगिताओं के विजेताओं को शिवराज सिंह चौहान द्वारा सम्मानित किया गया. साथ ही पुस्तकों का विमोचन भी हुआ, जो ग्रामीण विकास के नए विचारों और मॉडलों को आगे बढ़ाने का संकेत है.

English Summary: Shivraj singh chouhan launches viksit bharat G-RAM ji scheme from July 1 Published on: 29 June 2026, 02:46 PM IST

Like this article?

Hey! I am KJ Staff. Did you liked this article and have suggestions to improve this article? Mail me your suggestions and feedback.

Share your comments

हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें. कृषि से संबंधित देशभर की सभी लेटेस्ट ख़बरें मेल पर पढ़ने के लिए हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें.

Subscribe Newsletters

Latest feeds

More News