-
हरियाली अमावस्या पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में होगा व्यापक पौधारोपण, जनभागीदारी का आह्वान
-
शिवराज सिंह चौहान की अपील पर 12 अगस्त को देशभर में 50,000 से ज्यादा पेड़ माँ के नाम लगाए जाएंगे
-
"वृक्ष मित्र परिवार" संग शिवराज सिंह चौहान दिल्ली में करेंगे पौधरोपण; "देशभर में हर व्यक्ति एक पेड़ लगाए"
-
12 अगस्त को हरियाली अमावस्या पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह के आह्वान पर हरित जनआंदोलन
नई दिल्ली, 11 अगस्त 2026, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 12 अगस्त, हरियाली अमावस्या के पावन अवसर पर देशव्यापी पौधारोपण अभियान की अपील की है। दिल्ली में स्वयं पौधरोपण करते हुए शिवराज सिंह "वृक्ष मित्र परिवार" और नागरिकों से जुड़े सदस्यों को 50,000 से अधिक पौधे लगाने, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ के संकल्प को अपनाने और अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान करेंगे।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान हरियाली अमावस्या (12 अगस्त) के पावन पर्व पर व्यापक वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत दिल्ली के पीबीजी ग्राउंड, सेंट्रल रेंज तालकटोरा स्टेडियम के पास) पर प्रातः 9:30 बजे सैकड़ों साथियों के साथ पौधरोपण करेंगे, जबकि देशभर में वृक्ष मित्र परिवार के हजारों सदस्य अपने-अपने गांव, शहर और पंचायतों में पौधरोपण कर इस पहल में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। इस अवसर पर देशव्यापी रूप से 50,000 से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया गया है।
चौहान ने बताया कि हरियाली अमावस्या प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का पर्व है और इस अवसर का वैज्ञानिक व सामाजिक महत्व है। उन्होंने कहा कि प्रकृति के प्रति आभार केवल शब्दों में नहीं, बल्कि पौधारोपण और पौधों की देखभाल करके प्रदर्शित होना चाहिए। उनका कहना है “एक पेड़ लगाना केवल पर्यावरण की रक्षा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और सुंदर भविष्य की नींव रखना है।”
पर्यावरण संरक्षण का व्यापक अभियान
'एक पेड़ माँ के नाम' संकल्प के तहत प्रत्येक नागरिक द्वारा कम से कम एक पौधा लगाने का आह्वान। पौधरोपण में भाग लेने वालों से आग्रह है कि वे अपने संकल्प के साथ 5-5 अन्य लोगों को जोड़ें, ताकि यह अभियान सामुदायिक एवं श्रृंखलाबद्ध रूप से बढ़े।
मंत्रालय के विभागों- कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग (DARE), भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR), कृषि विज्ञान केंद्र (KVKs), तथा सभी कृषि विश्वविद्यालय के साथी अपने परिसरों व आसपास व्यापक रूप से पौधरोपण करेंगे। कार्यक्रम में देशभर से नागरिक, किसान, युवा, स्वयंसेवी संस्थाएँ और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि ऑनलाइन माध्यम से जुड़ेंगे, केंद्रीय मंत्री चौहान प्रतिभागियों को संबोधित करेंगे।
भागीदारी और पारदर्शिता के लिए पौधरोपण की जानकारी व फोटोग्राफ्स वेबसाइट shivrajsinghchouhan.co.in पर अपलोड करने का अनुरोध किया गया है। चौहान ने कहा कि मंत्रालय, संबंधित संस्थान और स्थानीय समुदाय मिलकर इस पहल को एक जनआंदोलन बनाएँ- केवल पौधा लगाने तक सीमित नहीं, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संवर्धन भी सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी से अपील की कि हरियाली अमावस्या को यादगार बनाते हुए एक पौधा लगाकर भविष्य के लिए हरित, सुरक्षित और समृद्ध आधार रेखा रखें।
Share your comments