1. Home
  2. ख़बरें

बगीचों में कीट प्रबंधन पर 75% अनुदान, आम, अमरूद और लीची उत्पादक किसानों को मिलेगा लाभ

बिहार सरकार ने आम, अमरूद और लीची किसानों के लिए बगीचों में कीट प्रबंधन योजना शुरू की है। 2026-27 से लागू योजना में वैज्ञानिक तरीके से कीटनाशी छिड़काव पर 75% तक अनुदान मिलेगा। इससे कीट-रोग नियंत्रण, फल गुणवत्ता और उत्पादन बढ़ाने के साथ किसानों की लागत घटाने में मदद मिलेगी।

रौशन कुमार
bihar
बगीचों में कीट प्रबंधन पर 75% अनुदान (Image Source-AI generate)

बिहार सरकार ने राज्य के आम, अमरूद और लीची उत्पादक किसानों के लिए "बगीचों में कीट प्रबंधन योजना" शुरू की है। वित्तीय वर्ष 2026-27 से लागू इस योजना के तहत किसानों को बगीचों में वैज्ञानिक तरीके से कीटनाशी छिड़काव कराने पर 75 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा। सरकार का उद्देश्य कीट एवं व्याधियों से होने वाले नुकसान को कम कर फलों की गुणवत्ता और उत्पादन बढ़ाना है।

कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि उद्यानिकी फसलों में समय पर कीट एवं रोग नियंत्रण गुणवत्तापूर्ण उत्पादन के लिए आवश्यक है। नई योजना के तहत किसानों को वैज्ञानिक अनुशंसाओं के अनुसार सुरक्षित और समयबद्ध छिड़काव की सुविधा मिलेगी, जिससे उत्पादन लागत घटेगी और किसानों की आय बढ़ेगी।

योजना के तहत कितना मिलेगा अनुदान?

योजना के अनुसार आम के बगीचों में पहले छिड़काव पर 57 रुपये प्रति वृक्ष और दूसरे छिड़काव पर 72 रुपये प्रति वृक्ष की दर से 75 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा।

वहीं, अमरूद के लिए पहले छिड़काव पर 33 रुपये और दूसरे पर 45 रुपये प्रति वृक्ष तथा लीची के लिए पहले छिड़काव पर 162 रुपये और दूसरे पर 114 रुपये प्रति वृक्ष की दर से 75 प्रतिशत अनुदान मिलेगा।

ऑनलाइन आवेदन कर उठा सकेंगे लाभ

कृषि मंत्री ने बताया कि इच्छुक किसान विभाग के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर इस योजना का लाभ ले सकते हैं। उन्होंने आम, अमरूद और लीची उत्पादक किसानों से योजना का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि यह योजना राज्य में उद्यानिकी फसलों की गुणवत्ता और उत्पादकता बढ़ाने, कीट एवं रोगों से होने वाले नुकसान को कम करने तथा बागवानी को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।

English Summary: Bihar Orchard Pest Management Scheme 75 Percent Subsidy Farmers Published on: 11 August 2026, 11:35 AM IST

Like this article?

Hey! I am रौशन कुमार. Did you liked this article and have suggestions to improve this article? Mail me your suggestions and feedback.

Share your comments

हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें. कृषि से संबंधित देशभर की सभी लेटेस्ट ख़बरें मेल पर पढ़ने के लिए हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें.

Subscribe Newsletters

Latest feeds

More News