LPG गैस सिलेंडर को लेकर बड़ी अपडेट सामने आ रही है कि जिन लोगों के घरों में LPG गैस सिलेंडर के कनेक्शन है और इन उपभोक्ताओं ने अभी तक LPG गैस सिलेंडर की e-KYC की प्रक्रिया को पूरा नहीं किया है, तो उन उपभोक्ताओं की बुकिंग और सिलेंडर की डिलीवरी में अटकलें आ सकती है. ऐसे में उपभोक्ता e-KYC कराने के लिए हर बार गैस एजेंसी के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है. यानी की अब घर बैठे अपने मोबाइल फोन या लैपटॉप की मदद से प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं.
इसके अलावा जिन लोगों के पास स्मार्टफोन या इंटरनेट की सुविधा नहीं है, उनके लिए डिलीवरी के समय भी e-KYC करा सकते हैं.
क्यों जरूरी है LPG e-KYC?
LPG कनेक्शन की e-KYC प्रक्रिया का उद्देश्य ग्राहक की पहचान और कनेक्शन से जुड़ी जानकारी का सत्यापन करना है. इसके जरिए यह सुनिश्चित किया जाता है कि गैस कनेक्शन सही व्यक्ति के नाम पर है और उसमें दर्ज जानकारी सही है. अगर आपने अभी तक e-KYC नहीं कराई है, तो आखिरी समय का इंतजार करने के बजाय इसे जल्द पूरा कर लेना बेहतर है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, गाजियाबाद जिले में ही बड़ी संख्या में LPG उपभोक्ताओं की e-KYC प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है.
मोबाइल ऐप से घर बैठे करें e-KYC
अगर आपके पास स्मार्टफोन है, तो आप अपनी LPG कंपनी के आधिकारिक मोबाइल ऐप के जरिए e-KYC प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं. इसके लिए सबसे पहले अपने फोन में संबंधित गैस कंपनी का आधिकारिक ऐप इंस्टॉल करें.
-
ऐप इंस्टॉल करने के बाद अपने LPG कनेक्शन से जुड़े मोबाइल नंबर की मदद से लॉगिन करें. इसके बाद प्रोफाइल या संबंधित सर्विस सेक्शन में e-KYC या Re-KYC का विकल्प तलाशें.
-
e-KYC प्रक्रिया के दौरान आधार आधारित फेस वेरिफिकेशन की जरूरत पड़ सकती है. इसके लिए फोन में Aadhaar FaceRD ऐप की आवश्यकता हो सकती है. फेस वेरिफिकेशन के समय फोन का कैमरा आपके चेहरे को स्कैन करेगा.
आपको अच्छी रोशनी वाली जगह पर अपना चेहरा कैमरे के सामने रखना होगा. स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों के अनुसार पलकें झपकाने या चेहरे की स्थिति बदलने के लिए कहा जा सकता है. वेरिफिकेशन सफल होने के बाद आवश्यक OTP दर्ज करें और प्रक्रिया को सबमिट कर दें. इस तरह आपकी e-KYC प्रक्रिया पूरी हो सकती है.
डिलीवरी बॉय की मदद से करें e-KYC
हर LPG ग्राहक के पास स्मार्टफोन या इंटरनेट की सुविधा हो, यह जरूरी नहीं है. ऐसे ग्राहकों के लिए गैस सिलेंडर की डिलीवरी के समय भी e-KYC कराने की सुविधा मिल सकती है. ऐसे में अगर जब डिलीवरी कर्मचारी आपके घर सिलेंडर लेकर आए, तो उससे e-KYC के बारे में पूछ सकते हैं. उपलब्ध सुविधा के अनुसार डिलीवरी कर्मचारी POS मशीन या मोबाइल ऐप की मदद से आपका e-KYC वेरिफिकेशन पूरा कर सकता है.
e-KYC कराने की क्या है आखिरी तारीख?
अगर आपके LPG कनेक्शन की e-KYC अभी तक पूरी नहीं हुई है, तो आखिरी तारीख का इंतजार करना परेशानी बढ़ा सकता है. अंतिम समय में बड़ी संख्या में ग्राहक प्रक्रिया पूरी करने की कोशिश कर सकते हैं, जिससे तकनीकी समस्या या सर्वर से जुड़ी दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है. ऐसे में आप जल्द ही 15 अगस्त तक इस काम को पूरा कर लें, ताकि आपको किसी समस्या का सामना नहीं करना पड़े.
लेखक: रवीना सिंह
Share your comments