शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत आईआईटी रोपड़ में स्थापित कृषि क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के भारत के पहले सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ANNAM.AI ने Syngenta और Google के सहयोग से राष्ट्रीय AI हैकाथॉन HACK CORE 2026 की शुरुआत की है. इस हैकाथॉन का उद्देश्य ऐसी AI आधारित तकनीक विकसित करना है जो फसलों की सेहत, कीट प्रबंधन, मिट्टी की गुणवत्ता, जलवायु के अनुकूल खेती और जैविक कृषि उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने में किसानों की मदद कर सके.
HACK CORE 2026 युवाओं को अपने नए विचारों को वास्तविक समाधान में बदलने और उन्हें खेतों तक पहुंचाने का अवसर देगा. विजेता टीम को इटली के Atessa स्थित Syngenta Research Centre का दौरा करने का मौका मिलेगा, जहां वे जैविक उत्पाद अनुसंधान से जुड़ी आधुनिक तकनीकों और सुविधाओं को करीब से देख सकेंगे. विजेता टीमों को Google Cloud Credits भी दिए जाएंगे, जिनकी मदद से वे Google के क्लाउड प्लेटफॉर्म, AI टूल्स, डेटा और अन्य तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर सकेंगे. इसके अलावा प्रतिभागियों को विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, जमीनी स्तर पर शोध करने का अवसर तथा ANNAM.AI और Syngenta के कृषि विशेषज्ञों के साथ सीखने और अनुभव साझा करने का मौका मिलेगा.
यह हैकाथॉन पूरे भारत के छात्रों, शोधकर्ताओं, डेवलपर्स, स्टार्टअप्स और नवाचारकर्ताओं के लिए खुला है. इच्छुक प्रतिभागी पंजीकरण कर सकते हैं, हैकाथॉन की विभिन्न चुनौती श्रेणियों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और प्रतियोगिता से जुड़ी सभी जानकारी लिंक पर देख सकते हैं. HACK CORE 2026 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 21 जुलाई 2026 है.
ANNAM.AI, IIT रोपड़ के प्रोजेक्ट डायरेक्टर डॉ. पुष्पेन्द्र पी. सिंह ने कहा, "आज कृषि तेजी से सस्टेनेबल और जलवायु-अनुकूल तरीके की ओर बढ़ रही है. ऐसे समय में जैविक उत्पाद पारंपरिक फसल सुरक्षा उपायों का एक बेहतर विकल्प बनकर सामने आ रहे हैं. AI तकनीक की मदद से हम किसानों की उत्पादकता बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण की भी बेहतर सुरक्षा कर सकते हैं. दुनिया की अग्रणी कृषि नवाचार कंपनी Syngenta के साथ मिलकर HACK CORE 2026 भारत के प्रतिभाशाली युवाओं को एक ऐसा मंच देगा, जहां वे किसानों की वास्तविक समस्याओं के प्रायौगिक और तकनीक आधारित समाधान तैयार कर सकेंगे."
HACK CORE 2026 की सबसे खास बात इसका 36 घंटे का Build Sprint होगा, जिसका आयोजन आईआईटी रोपड़ में किया जाएगा. इसमें चयनित टीमें शोधकर्ताओं, उद्योग विशेषज्ञों और शिक्षकों के साथ मिलकर अपने विचारों को काम करने वाले प्रोटोटाइप में बदलेंगी. इस दौरान प्रतिभागियों को ऐसे समाधान तैयार करने की चुनौती दी जाएगी जिन्हें भविष्य में बड़े स्तर पर लागू किया जा सके और जिनसे किसानों को वास्तविक लाभ मिल सके.
भारत तेजी से तकनीक आधारित कृषि की ओर बढ़ रहा है. HACK CORE 2026, कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा देने और किसानों की आय एवं आजीविका को मजबूत बनाने की भारत सरकार की सोच के अनुरूप है. यह पहल AI आधारित नवाचारों को बढ़ावा देकर बेहतर निर्णय लेने, कृषि उत्पादकता बढ़ाने और टिकाऊ खेती को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.
ANNAM.AI के बारे में
Alliance for Next-Gen Nourishment through Agriculture Modernization (ANNAM.AI) शिक्षा मंत्रालय के राष्ट्रीय AI मिशन के तहत आईआईटी रोपड़ में स्थापित भारत का पहला कृषि क्षेत्र में AI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस है. इसका उद्देश्य कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), रिमोट सेंसिंग, मौसम संबंधी जानकारी और आधुनिक डेटा विश्लेषण जैसी तकनीकों के माध्यम से कृषि उत्पादकता बढ़ाना, टिकाऊ खेती को बढ़ावा देना और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का समाधान तैयार करना है. ANNAM.AI शिक्षण संस्थानों, उद्योग और नीति निर्माताओं के साथ मिलकर भारतीय कृषि के लिए बड़े स्तर पर लागू किए जा सकने वाले समाधान विकसित कर रहा है.
Share your comments