देश के किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार लाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही किसान क्रेडिट कार्ड योजना (KCC) किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं, क्योंकि आज भी कई ऐसे किसान है, जिनकी आर्थिक स्थिति इतनी खराब है कि वह खेती से जुड़े कार्यों का खर्च नहीं उठा पाते हैं. ऐसे में किसान इस योजना का लाभ उठाकर कम ब्याज पर लोन प्राप्त कर सकते हैं.
इसके अलावा, इस सरकारी योजना की यह खासियत है कि समय पर भुगतान करने पर ब्याज दर और भी कम हो जाती है, जिससे किसानों पर कोई बोझ नहीं पड़ता है.
कितना और किस दर पर मिलता है लोन?
किसान क्रेडिट कार्ड के जरिए किसानों को ₹3 लाख तक का लोन दिया जाता है. इस लोन पर सामान्यतः 7% सालाना ब्याज दर लागू होती है. हालांकि, सरकार द्वारा दी जाने वाली ब्याज सब्सिडी के कारण यदि किसान समय पर भुगतान करते हैं, तो यह दर घटकर सिर्फ 4% रह जाती है.
इसके अलावा, ₹1.60 लाख तक का लोन बिना किसी गारंटी के मिल जाता है, यानी किसानों को अपनी जमीन या अन्य संपत्ति गिरवी रखने की जरूरत नहीं होती. यह सुविधा छोटे और सीमांत किसानों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होती है.
किन-किन कामों के लिए ले सकते हैं लोन?
KCC के तहत मिलने वाला लोन सिर्फ खेती तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे जुड़े कई अन्य कार्यों के लिए भी उपयोग किया जा सकता है. किसान इस लोन का उपयोग कर सकते हैं, जो कुछ इस प्रकार है-
-
बीज, उर्वरक और कीटनाशक खरीदने के लिए
-
फसल की कटाई, सुखाने और भंडारण के लिए
-
कृषि उपकरणों की खरीद के लिए
-
पशुपालन, डेयरी, कुक्कुट पालन और मछली पालन जैसे कार्यों के लिए
कुछ मामलों में इन संबंधित गतिविधियों के लिए ₹5 लाख तक का शॉर्ट टर्म लोन भी उपलब्ध होता है, हालांकि इसकी शर्तें और ब्याज दरें अलग हो सकती हैं.
आवेदन प्रक्रिया क्या है?
किसान क्रेडिट कार्ड बनवाना अब पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गया है. इच्छुक किसान ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से आवेदन कर सकते हैं.
-
ऑनलाइन आवेदन के लिए किसान अपने पसंदीदा बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर KCC सेक्शन में आवेदन कर सकते हैं. वहीं, ऑफलाइन प्रक्रिया के तहत किसान अपने नजदीकी बैंक शाखा में जाकर फॉर्म भर सकते हैं.
-
आवेदन जमा करने के बाद आमतौर पर एक सप्ताह के भीतर आवेदन की स्थिति की जानकारी SMS के जरिए मिल जाती है. सभी जरूरी दस्तावेज सही होने पर कार्ड जारी कर दिया जाता है.
कौन उठा सकता है योजना का लाभ?
अगर आप भी इस सरकारी योजना का लाभ उठा रहे हैं, तो आपको इस योजना की इन शर्तों के बारे में जानकारी होनी बेहद ही जरुरी है, जो कुछ इस तरह से हैं-
-
आवेदक का किसान होना जरूरी है तभी वह इस सरकारी योजना का फायदा उठा सकता है.
-
किसान के पास खुद की, पट्टे की या किराए की जमीन होनी बेहद ही जरुरी है.
-
आवेदक की उम्र 18 से 75 वर्ष के बीच होनी चाहिए. साथ ही 60 वर्ष से अधिक आयु होने पर सह-आवेदक (को-गारंटर) होना बेहद ही जरुरी होता है.
किसान क्रेडिट कार्ड का पैसा कैसे निकालें?
अगर आप भी इस योजना में इच्छुक है तो आपको यह जानना बेहद ही आवश्यक है कि अगर आप इस योजना में शामिल होते हैं, तो किसान क्रेडिट कार्ड का पैसा निकालने के लिए क्या करना होगा. बता दें कि kcc के साथ एक डेबिट-क्रेडिट भी दिया जाता है और इसके लिए आप बैंक शाखा, या फिर ATM, या micro ATM का उपयोग कर सकते हैं और पैसे निकाल सकते हैं.
लेखक: रवीना सिंह
Share your comments