1. Home
  2. ख़बरें

इंदौर में 9–13 जून तक BRICS कृषि सम्मेलन, 21 देशों के प्रतिनिधि होंगे शामिल

इंदौर फिर बनेगा वैश्विक चर्चा का केंद्र। BRICS शिखर सम्मेलन-2026 के तहत 9 से 13 जून तक कृषि कार्य समूह की अहम बैठक होगी। ग्रैंड शेरेटन होटल में होने वाले इस आयोजन में 21 देशों के कृषि मंत्री, वैज्ञानिक और अधिकारी शामिल होंगे।

KJ Staff
brics event
इंदौर में 9–13 जून तक BRICS कृषि सम्मेलन (Image Source-minmpkrishi)

मध्यप्रदेश का इंदौर शहर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाने जा रहा है। BRICS शिखर सम्मेलन-2026 के तहत कृषि कार्य समूह का महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 9 से 13 जून तक आयोजित किया जाएगा। यह पांच दिवसीय आयोजन इंदौर के ग्रैंड शेरेटन होटल में होगा, जिसमें 21 देशों के कृषि मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, वैज्ञानिक और विशेषज्ञ भाग लेंगे। सम्मेलन को लेकर राज्य और केंद्र सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

उच्च स्तरीय बैठक में तैयारियों की समीक्षा

केन्द्र सरकार द्वारा आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन-2026 के अंतर्गत कृषि कार्य समूह का महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आगामी 9 से 13 जून तक इंदौर के ग्रेंड शेरेटन होटल में होगा। पांच दिवसीय इस उच्च स्तरीय सम्मेलन में 21 देशों के कृषि मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक, नीति निर्धारक एवं विशेषज्ञ शामिल होंगे। सम्मेलन को लेकर रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केन्द्रीय कृषि मंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर में बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।

शहर में दिखेगी स्वच्छता और संस्कृति की झलक

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में आयोजित होने वाला यह सम्मेलन प्रदेश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण अवसर है। शहर की स्वच्छता, हरियाली और सुंदरता अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के सामने उत्कृष्ट रूप में प्रदर्शित होना चाहिए। उन्होंने नगर निगम, पुलिस प्रशासन, पर्यटन, लोक निर्माण, स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने आयोजन स्थलों, प्रमुख मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष साफ-सफाई, आकर्षक सजावट और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि सम्मेलन के दौरान मध्यप्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक कला, पारंपरिक खान-पान और कृषि नवाचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाए। विदेशी प्रतिनिधियों के लिए विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदेश भ्रमण और कृषि उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी।




विदेशी मेहमानों के लिए खास इंतजाम

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सम्मेलन में आने वाले विदेशी मेहमानों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। एयरपोर्ट और होटलों पर अंग्रेजी, रूसी, तुर्की सहित विभिन्न भाषाओं के जानकार गाइड तैनात किए जाएं और उन्हें व्यवहार और आतिथ्य का पूर्व प्रशिक्षण दिया जाए। उन्होंने कहा कि मेहमानों का स्वागत पगड़ी, तिलक और फूलमालाओं के साथ भारतीय परंपरा के अनुरूप गर्मजोशी से किया जाए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मध्यप्रदेश की लोक संस्कृति, पारंपरिक नृत्य एवं प्रसिद्ध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को शामिल करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि सम्मेलन की ब्रांडिंग में मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक पहचान स्पष्ट रूप से दिखाई देनी चाहिए।

21 देशों की भागीदारी, वैश्विक कृषि पर चर्चा

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जानकारी दी कि सम्मेलन में ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका सहित कुल 21 देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके अलावा यूगांडा, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, सऊदी अरब, मलेशिया, नाइजीरिया, थाईलैंड, यूएई, कोलंबिया और इंडोनेशिया जैसे देशों की भागीदारी भी रहेगी।

उन्होंने बताया कि दुनिया के लगभग 68 प्रतिशत किसान इन देशों में रहते हैं, इसलिए यह सम्मेलन वैश्विक कृषि नीतियों और सहयोग के लिए बेहद अहम साबित होगा।

दो चरणों में आयोजित होगा सम्मेलन

बैठक में जानकारी दी गई कि सम्मेलन दो चरणों में आयोजित होगा। प्रथम चरण में 9 से 11 जून तक वरिष्ठ अधिकारियों की तीन दिवसीय बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें कृषि नवाचार, खाद्य सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन के संदर्भ में स्मार्ट कृषि, कृषि अनुसंधान, कृषि व्यापार, किसान कल्याण तथा सतत विकास रणनीतियों जैसे विषयों पर तकनीकी चर्चा होगी। इसके बाद 12 एवं 13 जून को कृषि मंत्रियों की मुख्य बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें कृषि क्षेत्र में वैश्विक सहयोग और नीति संबंधी विषयों पर विचार-विमर्श होगा। इंदौर के ग्रामीण हाट बाजार में कृषि आधारित विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय

समीक्षा बैठक में जल संसाधन मंत्री  तुलसीराम सिलावट, सांसद  शंकर लालवानी, विधायक  मधु वर्मा,  रमेश मेंदोला, मती मालिनी गौड़, मती उषा ठाकुर,  सुमित मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। बैठक में संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, पुलिस आयुक्त  संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर  शिवम वर्मा तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

English Summary: International Brics Agriculture working group Conference indore June 9-13 Published on: 04 May 2026, 06:05 PM IST

Like this article?

Hey! I am KJ Staff. Did you liked this article and have suggestions to improve this article? Mail me your suggestions and feedback.

Share your comments

हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें. कृषि से संबंधित देशभर की सभी लेटेस्ट ख़बरें मेल पर पढ़ने के लिए हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें.

Subscribe Newsletters

Latest feeds

More News