आजकल जिस तरह से बाजारों में सब्जियों और फलों में केमिकल की खबरें सामने आ रही है. इसी को देखते हुए लोग होम गार्डनिंग की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं. ऐसे में आप भी अपनी बालकनी में कुछ अलग लगाने की सोच रहे हैं, तो ऐसे में आपके लिए ड्रैगन फ्रूट एक अच्छा विकल्प हो सकता है. साथ ही इस पौधे की खास बात, यह है कि इसको एक पके हुए ड्रैगन फ्रूट से निकाले गए छोटे काले बीजों से भी पौधा तैयार किया जा सकता है. चलिए आगे जानते हैं पूरा प्रोसेस.
कैसे निकाले ड्रैगन फ्रूट के बीज?
घर पर ड्रैगन फ्रूट उगाने के लिए सबसे पहले अच्छी तरह पका हुआ फल लें. इसे काटकर चम्मच की मदद से थोड़ा गूदा निकालें. इसके अंदर मौजूद छोटे-छोटे काले बीजों को अलग करने के लिए गूदे को बारीक छलनी में डालकर पानी से अच्छी तरह धो लें. बीजों पर चिपका हुआ गूदा धीरे-धीरे हटाएं और फिर इन्हें पेपर टॉवल या साफ कपड़े पर फैला दें. बीजों की अतिरिक्त नमी सूख जाने के बाद इन्हें बोया जा सकता है.
मिट्टी का चुनाव करते क्या ध्यान दे?
ड्रैगन फ्रूट कैक्टस परिवार का पौधा है और इसे ऐसी मिट्टी पसंद होती है जिसमें पानी लंबे समय तक जमा न रहे. अगर गमले की मिट्टी बहुत भारी या लगातार गीली रहती है, तो पौधे की जड़ों को नुकसान पहुंच सकता है. ऐसे में आप बाजार में मिलने वाला कैक्टस या सक्युलेंट पॉटिंग मिक्स इस्तेमाल कर सकते हैं. घर पर मिश्रण तैयार करना हो तो सामान्य पॉटिंग मिट्टी में मोटी रेत और परलाइट मिलाई जा सकती है. इसमें थोड़ी मात्रा में अच्छी तरह तैयार कंपोस्ट या वर्मीकम्पोस्ट भी मिलाया जा सकता है. शुरुआती अवस्था में बहुत ज्यादा खाद डालने के बजाय मिट्टी की जल निकासी पर अधिक ध्यान दें.
बीज बोते समय न करें ये गलती
ड्रैगन फ्रूट के बीज बोने के लिए शुरुआत में छोटी सी सीडिंग ट्रे या लगभग 5 से 10 सेंटीमीटर का गमला पर्याप्त हो सकता है. सबसे पहले मिट्टी को हल्का नम करें. इसके बाद साफ किए हुए बीजों को मिट्टी की सतह पर फैला दें.
साथ ही इस प्रक्रिया के दौरान बीजों को बहुत गहराई में दबाने की जरूरत नहीं होती. इन्हें हल्की मिट्टी से ढकें या सतह पर रखकर थोड़ा दबा दें. पानी डालते समय तेज धार का इस्तेमाल न करें. स्प्रे बोतल से ही छिड़काव करें.
धूप और पानी का रखें विशेष ध्यान
ड्रैगन फ्रूट के पौधे को बढ़ने के लिए अच्छी रोशनी की जरूरत होती है. हालांकि, बहुत छोटे पौधे को अचानक तेज धूप में रखने से बचना चाहिए. यदि पौधा घर के अंदर अंकुरित किया गया है, तो उसे धीरे-धीरे अधिक रोशनी वाली जगह पर ले जाएं और अतिरिक्त पानी देने से बचें.
पौधा बड़ा होते ही दें मजबूत सहारा
ड्रैगन फ्रूट सामान्य पौधों की तरह जमीन पर फैलने के बजाय चढ़ने वाला कैक्टस है. इसलिए इसके बढ़ने के साथ मजबूत सहारे की जरूरत पड़ती है. जब पौधा लगभग 30 सेंटीमीटर के आसपास पहुंचने लगे, तो लकड़ी की स्टिक, मजबूत पोल या छोटी ट्रेलिस लगाएं, ताकि पौधा तेज से ग्रोथ करें.
लेखक: रवीना सिंह
Share your comments