किसानों के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है कि राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) को अगले पांच वर्षों तक जारी रखने का फैसला किया है. साथ ही मोहन यादव द्वारा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए 11,608.47 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है. इस निर्णय से राज्य के लाखों किसानों को प्राकृतिक आपदाओं, बेमौसम बारिश, सूखा, ओलावृष्टि और अन्य कृषि जोखिमों से आर्थिक सुरक्षा मिलेगी.
योजना की शुरुआत कब हुई?
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना वर्ष 2016 में शुरू की गई थी, जिसका मुख्य उद्देश्य किसानों को फसल नुकसान की स्थिति में वित्तीय सहायता प्रदान करना है. सरकार का मानना है कि इस योजना के विस्तार से किसानों की आय सुरक्षित होगी और खेती को अधिक जोखिम-मुक्त बनाया जा सकेगा और इस सरकारी योजना के माध्यम से किसानों को उनकी खेती का समय पर मुआवजा मुहैया कराया जाएगा.
राज्य सरकार उठाएगी अतिरिक्त भार
योजना के तहत प्रीमियम की शेष राशि और क्लेम भुगतान से संबंधित अतिरिक्त वित्तीय भार राज्य सरकार वहन करेगी. प्राकृतिक आपदा, अतिवृष्टि, सूखा या अन्य कारणों से फसल नुकसान होने पर किसानों को बीमा सुरक्षा मिलेगी. बता दे कि सरकार ने फसल बीमा प्रीमियम दरों को बेहद कम रखा है. खरीफ फसलों के लिए किसानों को केवल 2 प्रतिशत और रबी फसलों के लिए 1.5 प्रतिशत प्रीमियम का भुगतान करना होगा. इससे छोटे और सीमांत किसानों पर वित्तीय बोझ कम होगा तथा अधिक किसान फसल बीमा योजना से जुड़ सकेंगे
प्राकृतिक आपदाओं से मिलेगी सुरक्षा
राज्य में कृषि क्षेत्र मौसम पर काफी निर्भर है. पिछले कुछ वर्षों में जलवायु परिवर्तन के कारण बाढ़, सूखा, चक्रवात, अत्यधिक वर्षा और ओलावृष्टि जैसी घटनाओं में वृद्धि हुई है. ऐसी परिस्थितियों में किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा. इसी के चलते मोहन यादव द्वारा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए 11,608.47 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है, ताकि क्षेत्र के किसानों को फसल नुकसान का तुरंत मुआवजा मिल सकें.
लाखों किसानों को मिलेगा लाभ
सरकार के इस निर्णय से राज्य के लाखों किसानों को फायदा होने की उम्मीद है. कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि फसल बीमा योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है.
योजना के विस्तार से किसानों का भरोसा बढ़ेगा और वे नई तकनीकों एवं उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए भी प्रेरित होंगे. इससे कृषि उत्पादन में वृद्धि और किसानों की आय बढ़ाने के प्रयासों को बल मिलेगा.
तकनीक के उपयोग पर विशेष जोर
सरकार ने योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर भी जोर दिया है. उपग्रह चित्रों, ड्रोन सर्वेक्षण, मोबाइल ऐप और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से फसल नुकसान का आकलन अधिक पारदर्शी और तेज़ी से किया जा रहा है. इससे बीमा दावों के निपटान में लगने वाला समय कम हुआ है और किसानों को जल्द राहत मिलने लगी है. सरकार का लक्ष्य है कि तकनीकी नवाचारों के माध्यम से योजना को और अधिक प्रभावी बनाया जाए.
किसानों की आर्थिक सुरक्षा होगी मजबूत
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना केवल बीमा योजना नहीं, बल्कि किसानों के लिए आर्थिक सुरक्षा कवच है. फसल नुकसान की स्थिति में मिलने वाली सहायता किसानों को कर्ज के बोझ से बचाने में मदद करती है और उनकी आर्थिक स्थिरता बनाए रखती है. अगले पांच वर्षों तक योजना जारी रहने से किसानों को दीर्घकालिक सुरक्षा मिलेगी. इससे कृषि क्षेत्र में निवेश बढ़ेगा, उत्पादन क्षमता मजबूत होगी और ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी.
लेखक: रवीना सिंह
Share your comments