भारतीय रसोई में मेथी का इस्तेमाल मसाले के रुप में वर्षों से होता आ रहा है. शायद आपको पता नहीं यह सिर्फ एक दाना नहीं, बल्कि एक प्रभावी घरेलू उपाय के तौर पर भी जाना जाता है. पिछले कुछ सालों में मेथी का पानी जागरुक लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ है. साथ ही मेथी को आयुर्वेद में कई स्वास्थ्य समस्याओं के लिए भी लाभकारी माना गया है, जिसका रोजाना सेवन ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने समेत कई बीमारी में कामगार माना जाता है.
1. ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में सहायक
आजकल लोगों में ब्लड शुगर की समस्या होना आम बात हो गई है और ऐसे में मेथी के पानी उनके लिए सही विकल्प साबित हो सकता है. इसमें मौजूद घुलनशील फाइबर, विशेष रूप से गैलेक्टोमैनन, शरीर में ग्लूकोज के अवशोषण की गति को धीमा करने में मदद कर सकता है. इससे रक्त में शुगर का स्तर अचानक बढ़ने की संभावना कम होती है. यही कारण है कि कई लोग इसे डायबिटीज प्रबंधन के लिए अपनी दिनचर्या में शामिल करते हैं.
2. वजन घटाने में मिल सकती है मदद
अगर आप वजन कम करने की कोशिश कर रहे हैं, तो मेथी का पानी आपके लिए उपयोगी साबित हो सकता है. खाली पेट इसका सेवन करने से लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस होता है, जिससे बार-बार खाने की इच्छा कम हो सकती है. इसके अलावा, यह मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाने में भी सहायक माना जाता है.
3. महिलाओं के लिए भी फायदेमंद
मेथी का पानी महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी माना जाता है. यह मासिक धर्म के दौरान होने वाले दर्द और ऐंठन को कम करने में मदद कर सकता है. कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि यह हार्मोनल संतुलन बनाए रखने में भी सहायक हो सकता है. पीसीओएस (PCOS) जैसी समस्याओं में भी कुछ महिलाओं को इससे लाभ मिल सकता है, लेकिन इसे इलाज का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए.
मेथी का पानी कैसे तैयार करें?
मेथी का पानी बनाना बेहद आसान है. रात में एक चम्मच मेथी दाने को एक गिलास पानी में भिगो दें. सुबह इस पानी को छानकर या हल्का गुनगुना करके खाली पेट पिएं. चाहें तो भीगे हुए मेथी दानों को भी सीमित मात्रा में चबा सकते हैं.
किन लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए?
हालांकि मेथी का पानी अधिकांश लोगों के लिए सुरक्षित माना जाता है, लेकिन इसका अधिक सेवन नुकसान भी पहुंचा सकता है. गर्भवती महिलाओं, गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे लोगों या ब्लड शुगर कम करने वाली दवाएं लेने वाले मरीजों को डॉक्टर की सलाह के बिना इसका नियमित सेवन नहीं करना चाहिए.
लेखक: रवीना सिंह
Share your comments