अगर आप गार्डनिंग के शौकीन हैं और बिना ज्यादा खर्च किए अपने घर में नए पौधे उगाना चाहते हैं, तो ये बारिश का मौसम आपके लिए होम गार्डनिंग करने के लिए उचित है. इस दौरान मिट्टी में नमी बनी रहती है और पौधों की जड़ें बहुत तेजी से विकसित होती है. यानी की इस मौसम में आपका टैरेस गार्डन बेहद ही कम समय में हराभरा बन जाएगा. आइए जानते हैं ऐसे टॉप 3 लोकप्रिय पौधों के बारे में जिन्हें केवल पत्तियों से आसानी से उगाया जा सकता है.
1. जेड प्लांट (Jade Plant)
जेड प्लांट सबसे आसान पौधों में से एक माना जाता है जिसे केवल एक पत्ती से तैयार किया जा सकता है. इसके लिए पौधे से एक स्वस्थ और मोटी पत्ती सावधानी से निकालें. पत्ती को 2-3 दिनों तक छायादार स्थान पर सूखने दें ताकि कट वाला हिस्सा भर जाए. इसके बाद इसे हल्की और अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी पर रख दें. कुछ समय बाद पत्ती के निचले हिस्से से छोटी जड़ें और नई कोंपलें निकलने लगती हैं. यह पौधा कम पानी में भी अच्छी तरह बढ़ता है और इसे घर में समृद्धि का प्रतीक भी माना जाता है.
2. अफ्रीकन वायलेट (African Violet)
अगर आपको रंग-बिरंगे फूलों वाले पौधे पसंद हैं तो अफ्रीकन वायलेट बेहतरीन विकल्प है. इसकी एक स्वस्थ पत्ती और छोटा डंठल नए पौधे के लिए पर्याप्त होता है. पत्ती को नम मिट्टी या उपयुक्त ग्रोइंग मिक्स में लगाकर हल्की नमी बनाए रखें. कुछ सप्ताह बाद पत्ती के आधार से नई जड़ें और छोटे पौधे विकसित होने लगते हैं. हालांकि फूल आने में थोड़ा समय लगता है, लेकिन सही देखभाल मिलने पर यह पौधा लंबे समय तक सुंदर फूल देता है.
3. स्नेक प्लांट (Snake Plant)
स्नेक प्लांट अपनी कम देखभाल और वायु शुद्ध करने की क्षमता के लिए बेहद लोकप्रिय है. इसे उगाने के लिए स्वस्थ पत्ती को 4 से 5 इंच के छोटे टुकड़ों में काटा जाता है. इन टुकड़ों को मिट्टी या पानी में सीधा लगाकर रखा जाता है. लगभग तीन से चार सप्ताह में जड़ें विकसित होने लगती हैं. इसके बाद धीरे-धीरे नई पत्तियां निकलती हैं. यह पौधा घर और कार्यालय दोनों जगह आसानी से लगाया जा सकता है.
लेखक: रवीना सिंह
Share your comments