दिल्ली-NCR सहित कई राज्यों मे गर्मी अपना कहर दिखा रही थी. इसी बीच 20 जुलाई यानी की आज कई राज्यों में मानसून ने दस्तक दे दी और दिल्ली समेत कई राज्यों में तेज झमाझम बारिश देखने को मिली. इससे इलाके के लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली. भारतीय मौसम विभाग IMD ने अगले 6-7 दिनों तक उत्तर-पश्चिम, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में मॉनसून के सक्रिय रहने की चेतावनी दी है. इस दौरान कई राज्यों में मानसून दस्तक देगा और भारी बारिश देखने को मिल सकती है.
जम्मू-कश्मीर समेत अन्य पहाड़ी इलाकों में कैसा रहेगा मौसम?
पहाड़ी इलाकों में मानसून दस्तक दे चुका है और कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है. इसी बीच मौसम विभाग IMD ने 19-25 जुलाई के दौरान हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुज़फ़्फ़राबाद और उत्तराखंड में काफी ज़्यादा या व्यापक बारिश होने की संभावना है. वहीं, 19-23 जुलाई के दौरान जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुज़फ़्फ़राबाद में छिटपुट जगहों पर आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज़ हवाएं चलने की आशंका है.
यूपी, राजस्थान, हरियाणा में हल्की बारिश की संभावना
भारतीय मौसम विभाग IMD ने हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान में 24-25 जुलाई के दौरान छिटपुट बारिश होने की संभावना जताई है. IMD के अनुसार 22 जुलाई तक पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी मौसम विभाग ने आशंका जताई है.
मध्य और पूर्वी भारत में झमाझम बारिश का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग IMD के अनुसार 19 से 21 जुलाई के बीच पश्चिमी मध्य प्रदेश में 20-21 जुलाई और 25 जुलाई को विदर्भ में कहीं-कहीं या कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा, 22 से 25 जुलाई के बीच पश्चिमी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश में बड़े पैमाने पर बारिश होने के साथ कहीं-कहीं आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज़ हवाएं चलने की आशंका है.
वहीं, पूर्वी क्षेत्रों में 19-25 जुलाई के बीच अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और ओडिशा, बिहार में कहीं-कहीं से लेकर काफी इलाकों में बारिश होने की संभावना है और ओडिशा में कुछ जगहों पर आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज हवाएं 60 किमी/घंटा तक चलने की मौसम विभाग ने आशंका जताई है.
पश्चिम और दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट जारी
भारतीय मौसम विभाग IMD के अनुसार कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र , मराठवाड़ा में 19-25 जुलाई को इन इलाकों में बारिश होने की संभावना है. IMD के मुताबिक 23 जुलाई को मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में कुछ जगहों पर बिजली कड़कने और तेज़ हवाएं 60 किमी/घंटा तक के साथ आंधी-तूफान आने की आशंका है.
इसके अलावा, 19-25 जुलाई के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, तेलंगाना में 21-23 जुलाई के दौरान केरल और माहे और लक्षद्वीप में 20-25 जुलाई के दौरान उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में कुछ जगहों से लेकर काफी बड़े इलाकों में बारिश होने की मौसम विभाग IMD ने अलर्ट जारी कर दिया है.
लेखक: रवीना सिंह
Share your comments