दिल्ली-NCR में दोपहर के समय लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है और राजधानी में दूर तक बारिश होने की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है. भारतीय मौसम विभाग IMD के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के ज़्यादातर हिस्सों, पूरे दिल्ली और उत्तर प्रदेश व गुजरात के कुछ हिस्सों से और पीछे हट गया है और इस दौरान इन इलाकों के लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ सकता है.
उत्तर-पश्चिम इलाकों में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर-पश्चिम के पहाड़ी इलाकों में मौसम में कई बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं. इस दौरान इन क्षेत्रों में बारिश की संभावना बनती नजर आ रही है. मौसम विभाग IMD के अनुसार 23-29 सितंबर के दौरान जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुज़फ़्फ़राबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में कहीं-कहीं से लेकर काफी इलाकों में बारिश होने का अलर्ट जारी कर दिया है.
वहीं, IMD के मुताबिक 25-29 सितंबर के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली और पंजाब में 28-29 सितंबर के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान 28-29 सितंबर को पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं या छिटपुट बारिश होने की संभावना हो सकती है.
मध्य और पूर्वी क्षेत्रों में व्यापक बारिश का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग IMD के अनुसार 23-29 सितंबर के दौरान पश्चिमी मध्य प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ में कहीं-कहीं या छिटपुट बारिश होने की संभावना है और छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज हवाएं 40-50 किमी/घंटा की गति, झोंके 60 किमी/घंटा तक चलने का अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग IMD के अनुसार 23-29 सितंबर के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 23-26 सितंबर के दौरान गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार और ओडिशा में काफी बड़े इलाके में या व्यापक रूप से बारिश होने की संभावना है.
पूर्वोत्तर और पश्चिम भारत में अगले 5 दिनों कैसा रहेगा मौसम?
पूर्वोत्तर राज्यों में मौसम लगातार अपने मिजाज बदलता नजर आ रहा है. इसी दौरान मौसम विभाग IMD ने 23–24 और 28 सितंबर को अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बड़े इलाके में या काफी बड़े इलाके में बारिश होने के साथ कुछ जगहों पर बिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफान आने की संभावना जताई है.
वहीं, पश्चिम भारत में 23 सितंबर को कोंकण और गोवा और मराठवाड़ा में बड़े इलाके में या काफी बड़े इलाके में बारिश होने की संभावना है. IMD के अनुसार 24–29 सितंबर के दौरान कोंकण और गोवा और मराठवाड़ा में 23–29 सितंबर के दौरान गुजरात क्षेत्र और मध्य महाराष्ट्र, सौराष्ट्र और कच्छ में कुछ जगहों पर या छिटपुट बारिश हो सकती है.
दक्षिण इलाकों में अगले 6 दिनों बारिश का अलर्ट
दक्षिण इलाकों में मौसम ने करवट लें ली है और मौसम विभाग IMD ने तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे, लक्षद्वीप, आंध्र प्रदेश और यनम और तटीय कर्नाटक में मौसम खराब होने की चेतावनी जारी कर दी है. IMD ने इस दौरान 23-29 सितंबर के बीच इन क्षेत्रों में तेज बारिश होने के साथ-साथ आंधी-तूफान और तेज हवाओं का चलने का अलर्ट जारी किया है.
लेखक: रवीना सिंह
Share your comments