देश में अब खेती-बाड़ी हल और ट्रैक्टर तक सीमित नहीं रही है. आधुनिक तकनीकों ने कृषि की तस्वीर बदल कर रख दी है और ड्रोन इस बदलाव का सबसे बड़ा हथियार बनकर उभरा है. इस तकनीक से किसानों को बड़े पैमाने पर फायदा हुआ है फसल में कीटनाश्क छिड़काव से लेकर खेत की निगरानी तक करने में इस तकनीक से किसानों को काम बेहद ही आसान हो गया है, जिससे किसानों का समय और लागत में बचत हो रही है. इसी को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार राज्य के किसानों को ड्रोन खरीदने पर दे रही है सब्सिडी की छूट. आइए इसी क्रम में आगे जानते हैं योजना का लाभ कैसे मिलेगा.
ड्रोन से खेती में क्या होगा फायदा?
राज्य के किसानों के लिए ड्रोन तकनीक कई मायनों में काफी फायदेमंद साबित हो सकती है. जहां कभी किसानों को खेत में दवा छिड़काव करने में घंटों का समय लगता था. वहीं, आज इस काम को ड्रोन की मदद से मिनटों में खत्म किया जा सकता है. इससे किसानों का मजदूरी खर्च कम हो गया है और दवाओं का उपयोग भी नियंत्रित तरीके से होते हैं.
इसके अलावा, किसान इस तकनीक की मदद से खेतों पर नजर रख सकते हैं और कौन-सी फसलों में बीमारी फैल रही है. यह सब जानकारी ड्रोन की मदद से आसानी से प्राप्त कर सकते हैं.
किन किसानों को मिलेगी ज्यादा सब्सिडी?
सरकार ने ड्रोन खरीदने पर अलग-अलग श्रेणियों के लिए सब्सिडी तय की है. छोटे और सीमांत किसानों, महिला किसानों तथा एससी-एसटी वर्ग के लाभार्थियों को ड्रोन की कीमत पर करीब 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा. यह राशि अधिकतम 5 लाख रुपये तक हो सकती है.
वहीं सामान्य श्रेणी के किसानों को 40 प्रतिशत तक सब्सिडी या अधिकतम 4 लाख रुपये की सहायता मिलेगी. इसके अलावा किसान उत्पादक संगठन (FPO), सहकारी समितियां और कस्टम हायरिंग सेंटर भी इस योजना का लाभ उठा सकते हैं. सरकार चाहती है कि गांव स्तर पर ड्रोन सेवा उपलब्ध हो ताकि छोटे किसान किराये पर भी इसका उपयोग कर सकें.
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन
अगर आप इस सरकारी सब्सिडी का फायदा उठाना चाहते हैं, तो बता दे कि इस ड्रोन सब्सिडी योजना के लिए आपको ऑनलाइन आवेदन करना होगा. इसके लिए उत्तर प्रदेश के किसानों को कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पहले अपना पंजीकरण कराना होगा. इसके बाद “यंत्र पर अनुदान” सेक्शन में जाकर ड्रोन के लिए आवेदन फॉर्म भरने के बाद सभी दस्तावेजों को अपलोड करना होगा. विभाग के सत्यापन के बाद पात्र किसानों को योजना का लाभ मिल जाएगा.
क्या है जरूरी दस्तावेज?
ड्रोन सब्सिडी योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को कुछ जरूरी दस्तावेज तैयार रखने होंगे. इनमें आधार कार्ड, बैंक पासबुक की कॉपी, जमीन से संबंधित खतौनी और सक्रिय मोबाइल नंबर शामिल है और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि किसान का बैंक खाता आधार से लिंक होना चाहिए. क्योंकि सरकार सब्सिडी की राशि सीधे डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के जरिए खाते में भेजेगी. अगर बैंक खाता आधार से लिंक नहीं होगा तो भुगतान में दिक्कत आ सकती है.
ड्रोन उड़ाने के लिए ट्रेनिंग भी जरूरी
किसान भाइयों के लिए ड्रोन खरीद लेना ही काफी नहीं है, उसे सही तरीके से उड़ाना और संभालना भी जरूरी है. इसलिए सरकार किसानों को ड्रोन संचालन की ट्रेनिंग भी दे रही है. यह ट्रेनिंग प्रमाणित संस्थानों के जरिए कराई जाएगी, जहां किसानों को ड्रोन उड़ाने, रखरखाव और सुरक्षा नियमों की जानकारी दी जाएगी.
लेखक: रवीना सिंह
Share your comments