-
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान दो दिन के कश्मीर दौरे पर
-
28 अप्रैल को नगर में शिवराज सिंह का मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी के साथ होगा बड़ा कार्यक्रम
-
DAY-NRLM के तहत 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 4568.23 करोड़ रु. केंद्रांश भी जारी करेंगे शिवराज सिंह चौहान
-
कश्मीर में मोदी सरकार करेगी सड़कों का विकास, किसानों और ग्रामीणों की समृद्धि का संदेश
-
नगर में किसानों से भी मिलेंगे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह
जम्मू-कश्मीर में विकास की नई इबारत लिखने की दिशा में एक अहम पड़ाव कल देखने को मिलेगा, जब केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान नगर के एसकेआईसीसी में आयोजित विशेष कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई)-IV, बैच-II को लांच करेंगे। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री चौहान, DAY-NRLM के अंतर्गत 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए केंद्र के हिस्से की राशि 4568.23 करोड़ रुपए जारी कर ग्रामीण आजीविका अभियान को नई गति देंगे। इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, उपमुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी तथा अन्य वरिष्ठ गणमान्य भी उपस्थित रहेंगे, जिससे यह कार्यक्रम केवल प्रशासनिक आयोजन नहीं बल्कि विकास के साझा संकल्प का बड़ा सार्वजनिक मंच बन जाएगा।
जम्मू-कश्मीर में वर्ष 2000 से अब तक पीएमजीएसवाई के अंतर्गत 3,328 सड़कों का निर्माण, 19,851 किलोमीटर सड़क नेटवर्क का सृजन और 257 पुलों का निर्माण हो चुका है। अब पीएमजीएसवाई-IV, बैच-II के अंतर्गत 330 नई सड़कों, 1,600 किलोमीटर सड़क लंबाई, 3,550 करोड़ रुपये के परियोजना मूल्य और 363 बस्तियों को लाभ पहुंचाने वाली योजना क्षेत्रीय विकास को नई ऊंचाई देने जा रही है।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में यह पहल स्पष्ट करती है कि मोदी सरकार जम्मू-कश्मीर में विकास को केवल घोषणा तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि गांवों तक सड़क, सेवा, सुविधा और सम्मान पहुंचाने की ठोस रणनीति पर काम कर रही है। राजनीतिक दृष्टि से भी यह संदेश महत्वपूर्ण है कि केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर को राष्ट्रीय विकासधारा में और अधिक मजबूती से जोड़ने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर को परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम मान रही है।
28 अप्रैल को सुबह 11 बजे से होने वाले कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान पीएमजीएसवाई-IV बैच-II की स्वीकृति का पत्र मुख्यमंत्री को सौंपेंगे, वहीं DAY-NRLM की भी 4568.23 करोड़ रु. के केन्द्रांश की स्वीकृति जारी करेंगे और जम्मू-कश्मीर में “लखपति दीदी” बनाने की दिशा में केंद्र की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करेंगे। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह, दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) के अंतर्गत राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए केंद्र के हिस्से की राशि जारी करेंगे। यह कदम महिला स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण आजीविका संवर्धन, सामुदायिक संस्थाओं की मजबूती और गांवों में स्वरोजगार आधारित आर्थिक गतिविधियों को और अधिक बल देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, विशेषकर तब जब जम्मू-कश्मीर में DAY-NRLM के तहत बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूह, ग्राम संगठन और क्लस्टर स्तरीय महासंघ सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
शिवराज सिंह के दौरे का फोकस केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, महिला स्व-सहायता समूहों और सामाजिक सशक्तिकरण तक फैला हुआ है। जम्मू-कश्मीर में लगभग 96,000 स्वयं सहायता समूह, 7,500 ग्राम संगठन और 650 क्लस्टर स्तरीय फेडरेशन ग्रामीण आजीविका ढांचे को मजबूत बना रहे हैं। साथ ही, हजारों सामुदायिक संसाधन व्यक्तियों, कौशल उन्नयन, उद्यमिता और महिला नेतृत्व आधारित पहलों के जरिए ग्रामीण समाज में आत्मविश्वास और आय सृजन का नया वातावरण तैयार किया जा रहा है।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की बात करें तो स्पष्ट है कि जम्मू-कश्मीर में पीएम-किसान, पीएम फसल बीमा योजना, एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड, बागवानी मिशन, एफपीओ, ई-नाम और माइक्रो इरिगेशन जैसी योजनाओं के माध्यम से किसानों को बहुस्तरीय समर्थन दिया जा रहा है। इसी व्यापक पृष्ठभूमि में शिवराज सिंह चौहान का यह दौरा किसानों, बागवानों, ग्रामीण परिवारों और महिला समूहों के लिए भरोसे, भागीदारी और परिणाम आधारित शासन का राजनीतिक संदेश भी लेकर आ रहा है।
Share your comments