मानसून का मौसम शुरू होते ही बाजारों में जामुन की आवक बढ़ जाती है. गहरे बैंगनी रंग का यह स्वादिष्ट फल केवल स्वाद के लिए ही नहीं, बल्कि अपने पोषण गुणों के कारण भी बेहद लोकप्रिय है. आयुर्वेद में भी जामुन को स्वास्थ्य के लिए लाभकारी माना गया है, जो शरीर के विभिन्न अंगों के सामान्य कार्यों को समर्थन देने में मदद कर सकते हैं. यदि संतुलित मात्रा में जामुन का सेवन किया जाए, तो यह कई स्वास्थ्य लाभ प्रदान कर सकता है.
ब्लड शुगर को संतुलित रखने में मददगार
जामुन का सबसे चर्चित लाभ ब्लड शुगर मैनेजमेंट से जुड़ा है. इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स अपेक्षाकृत कम होता है, जिससे रक्त में शुगर का स्तर तेजी से बढ़ने की संभावना कम रहती है. इसके अलावा, इसमें मौजूद कुछ प्राकृतिक यौगिक शरीर में ग्लूकोज के बेहतर उपयोग में सहायक माने जाते हैं. यही वजह है कि मधुमेह के मरीजों के बीच जामुन को लेकर विशेष रुचि देखने को मिलती है. हालांकि, डायबिटीज के मरीजों को अपनी दवाओं में कोई बदलाव किए बिना डॉक्टर या डायटीशियन की सलाह के अनुसार ही इसका सेवन करना चाहिए.
पाचन तंत्र को बेहतर बनाए रखने में सहायक
मानसून के मौसम में पाचन संबंधी समस्याएं बढ़ना आम बात है. ऐसे में जामुन का संतुलित सेवन लाभकारी माना जाता है. इसमें मौजूद फाइबर पाचन प्रक्रिया को बेहतर बनाने में मदद करता है. यह कब्ज, गैस और एसिडिटी जैसी सामान्य समस्याओं से राहत दिलाने में सहायक है.
लिवर की सामान्य कार्यक्षमता को दे सकता है सहयोग
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, जामुन में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर को फ्री-रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद करते हैं. यही कारण है कि इसे लिवर के सामान्य स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी माना जाता है. हालांकि, यदि किसी व्यक्ति को लिवर से जुड़ी गंभीर बीमारी है, तो केवल जामुन के भरोसे रहने के बजाय चिकित्सकीय उपचार और विशेषज्ञ की सलाह जरुर लें फिर उसके बाद ही इस फल का सेवन करें.
हीमोग्लोबिन और त्वचा के लिए भी फायदेमंद
जामुन में अच्छी मात्रा में आयरन पाया जाता है, जो शरीर में हीमोग्लोबिन के सामान्य स्तर को बनाए रखने में योगदान दे सकता है. पर्याप्त हीमोग्लोबिन शरीर के विभिन्न अंगों तक ऑक्सीजन पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. इसके अलावा, जामुन में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स और विटामिन C त्वचा को स्वस्थ रखने, ऑक्सीडेटिव तनाव को कम करने और प्राकृतिक चमक बनाए रखने में भी सहायक माने जाते हैं.
कितनी मात्रा में खाएं जामुन?
अगर आपको यह फल बेहद ही पसंद है तो आप प्रतिदिन लगभग 100 ग्राम यानी एक मुट्ठी ताजे जामुन का सेवन करें तो यह आपके लिए काफी है. इस फल का अधिक मात्रा में सेवन पाचन संबंधी परेशानी खड़ी कर सकता है. इसलिए हमेशा संतुलित मात्रा में ही इसका सेवन करें.
लेखक: रवीना सिंह
Share your comments