देश में मानसून की बारिश जानें के बाद मौसम में कई बदलाव देखने को मिल रहे हैं. इस दौरान भारत के कई राज्यों में मौसम ने करवट लें ली है और इस दौरान सुबह-शाम को तेज हवाओं का चलना जारी है. इसके अलावा, शाम के वक्त लोगों को ठंड का भी एहसास होने लगा है. भारतीय मौसम विभाग IMD ने इसी बीच अक्टूबर के आखिरी हफ्ते में तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और केरल के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अलर्ट जारी कर दिया है. पूरी खबर आगे पढ़ें.
आज दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-NCR में लगातार मौसम करवट लेता नजर आ रहा है कभी दोपहर में तेज गर्मी का एहसास हो रहा है, तो कभी शाम की ठंडी हवाएं ठंड का एहसास दिला रही है. इसी दौरान मौसम विभाग के अनुसार आज राजधानी में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा और इसी बीच दिल्ली में अधिकतम तापमान 31°C से 33°C के बीच और न्यूनतम तापमान 17°C से 19°C के बीच रहने की संभावना है, जिसके चलते हवाओं का भी चलना जारी रहेगा.
तमिलनाडु और केरल में बारिश का सिलसिला रहेगा जारी
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. 21 और 22 अक्टूबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बारिश होने की संभावना है. इसके बाद 23 से 27 अक्टूबर के दौरान भी इन क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं.
वहीं, केरल, माहे और लक्षद्वीप में 21 से 27 अक्टूबर तक काफी व्यापक से व्यापक बारिश होने का अनुमान है. तटीय कर्नाटक और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में 22 से 24 अक्टूबर के दौरान बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में 22 से 25 अक्टूबर के बीच कुछ स्थानों पर वर्षा हो सकती है. इसके अलावा, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 21 से 27 अक्टूबर के दौरान अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. तेलंगाना में 21 अक्टूबर को छिटपुट बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है.
किन राज्यों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने का खतरा?
बारिश के साथ कई राज्यों में गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 21 से 26 अक्टूबर के दौरान कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान और बिजली गिरने के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. इन हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है, जो कुछ समय के लिए 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.
इसके अलावा, तटीय कर्नाटक में 21 से 25 अक्टूबर के दौरान कुछ स्थानों पर बिजली गिरने और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है. उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में 25 अक्टूबर तथा दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में 21 और 25 अक्टूबर को भी ऐसी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.
अंडमान-निकोबार में पूरे सप्ताह बारिश के आसार
पूर्वी भारत के मौसम की बात करें तो अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 21 से 27 अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. इस दौरान कई इलाकों में व्यापक बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने 22 से 27 अक्टूबर के बीच द्वीप समूह के कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है.
ओडिशा में 26 और 27 अक्टूबर के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. हालांकि, पूर्वी भारत के अन्य हिस्सों के लिए इस पूर्वानुमान में किसी बड़े मौसम परिवर्तन का संकेत नहीं दिया गया है.
उत्तर भारत समेत कई क्षेत्रों में मौसम रहेगा सामान्य
उत्तर-पश्चिम, मध्य, पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम की स्थिति में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. इन क्षेत्रों के लिए फिलहाल व्यापक स्तर पर बारिश या किसी बड़े मौसमी बदलाव का पूर्वानुमान नहीं दिया गया है. इसके अलावा, IMD ने इस सप्ताह उत्तर-पश्चिम, मध्य, पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत में मौसम की स्थिति में कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं जताई हैं.
लेखक: रवीना सिंह
Share your comments