फरवरी के महीने में दिल्ली- एनसीआर के कोहरे ने लोगों को परेशान कर रखा है. भारतीय मौसम विभाग IMD ने भी अगले तीन दिनों कोहरा रहने की चेतावनी जताई है. वहीं, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुज़फ़्फ़राबाद और हिमाचल प्रदेश में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश, बर्फबारी होने की भी संभावना है. ऐसे में दिल्ली- एनसीआर से लेकर सभी राज्यों को सावधानी बरतने की भी चेतावनी दी है. चलिए जानते हैं अगले तीन दिनों कैसा रहेगा मौसम का मिजाज.
अगले तीन दिन दिल्ली/NCR मौसम पूर्वानुमान
मौसम विभाग IMD के अनुसार दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में 4 से 6 फरवरी 2026 के दौरान सर्द मौसम और कोहरे का प्रभाव बना रहने की संभावना है. बीते 24 घंटों में दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 17 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. कुछ इलाकों में तापमान सामान्य से थोड़ा कम रहा. सफदरजंग और पालम क्षेत्र में सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिला, जिससे दृश्यता घटकर 50 से 200 मीटर तक रह गई.
4 फरवरी को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और सुबह हल्का से मध्यम कोहरा रहने की संभावना है. अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलेंगी और 4 और 5 फरवरी को भी सुबह के समय कोहरे का असर जारी रहेगा. इन दिनों अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. हवाओं की गति सामान्य रहेगी.
वहीं, IMD ने 6 फरवरी को मौसम शुष्क रहने की चेतावनी दी है, लेकिन दिन के समय उत्तर-पश्चिम दिशा से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना जताई है.
इन राज्यों में घना कोहरा की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में 4 तारीख तक कुछ जगहों पर घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है और हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में 5 तारीख तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में 6 तारीख तक उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 4 और 5 फरवरी को और बिहार में 4 से 6 फरवरी 2026 के दौरान घना कोहरा रहने की भारतीय मौसम विभाग ने चेतावनी दी है. साथ ही लोगों को सावधानी बरतने की भी सलाह दी है.
इन राज्यों में बारिश, ओलावृष्टि के साथ बर्फबारी की संभावना
उत्तर भारत के पर्वतीय और मैदानी इलाकों में आगामी दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार 5 और 6 फरवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. इस दौरान हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. कई ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी भी देखने को मिल सकती है.
मौसम विभाग ने बताया कि 8 और 9 फरवरी को एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में देखने को मिलेगा. इन दिनों जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है.
साथ ही 9 फरवरी को उत्तर-पश्चिमी और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में भी मौसम बदल सकता है. इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने का अनुमान है. मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को पहाड़ी इलाकों में यात्रा के दौरान सतर्क रहने और किसानों को मौसम को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है.
लेखक: रवीना सिंह
Share your comments