1. Home
  2. ख़बरें

Hockey India: हॉकी इंडिया का हुआ वार्षिक पुरस्कार वितरण, अनुराग ठाकुर के साथ नरेंद्र सिंह तोमर रहे मौजूद

केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के आतिथ्य में हॉकी इंडिया का वार्षिक पुरस्कार वितरण हुआ.

KJ Staff
हॉकी इंडिया का वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह
हॉकी इंडिया का वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह

हॉकी इंडिया का बहुप्रतीक्षित 5वां वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री  नरेंद्र सिंह तोमर तथा युवा कार्यक्रम व खेल और सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर के आतिथ्य में हुआ. हॉकी के दिग्गज भी मौजूद थे. गुरबक्शसिंह ने प्रतिष्ठित हॉकी इंडिया मेजर ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड-2022 जीता. कुल पुरस्कार राशि 2.7 करोड़ रु. से अधिक थी. यहां तोमर ने कहा है कि खेलों को बढ़ावा देने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्तमान समय देश, खेल व हॉकी के लिए सर्वोत्तम काल है, वहीं  ठाकुर ने खिलाड़ियों से पीछे मुड़कर देखने के बजाय रणनीति तय कर भविष्य के प्रदर्शन पर ध्यान देने को कहा.  

केंद्रीय मंत्री तोमर ने कहा कि हॉकी हमारे देश के लिए महत्वपूर्ण खेल है. हमारे पूर्वजों ने हॉकी में ओलंपिक व अन्य स्पर्धाओं में अनेक कीर्तिमान स्थापित किए हैं, जिससे देश की प्रतिष्ठा बढ़ी है. तोमर ने कहा कि देश की आजादी के 75 वर्ष पूर्ण हुए हैं और इस अवसर पर हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री ने सिर्फ अमृत महोत्सव का ही आयोजन नहीं किया बल्कि इसे आधार मानकर आने वाले दिनों में जब आजादी के 100 वर्ष पूरे होंगे, तब देश व हॉकी का लक्ष्य क्या होगा, इसकी बुनियाद भी इस वर्ष रखी है. चाहे खेलो इंडिया जैसे अभिनव कार्यक्रम हों या खेल मंत्रालय का बजट बढ़ाने की बात हो अथवा खिलाडिय़ों से मिलकर व उनके बातें करके उनका मनोबल बढ़ाना हो, प्रधानमंत्री  मोदी ने हर तरह से प्रयास किया है कि हमारा देश और खेल निरंतर आगे बढ़े.

उन्होंने कहा कि हॉकी क्षेत्र में हॉकी इंडिया अच्छा काम कर रही है, परिणामस्वरूप ओलंपिक में हमारा प्रदर्शन बढ़िया रहा. अब आने वाले ओलंपिक की तैयारी की जा रही हैं व पूरी उम्मीद है कि हमारे खिलाडिय़ों का प्रदर्शन श्रेष्ठ होगा एवं हॉकी में भारत और आगे बढ़कर नाम कमाएगा. खिलाडिय़ों का मनोबल बढ़ाते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि किसी भी प्रतिस्पर्धा में जय व पराजय स्वभाविक है, लेकिन पराजय में जय को तलाशना ही विजय की ओर अग्रसर होना होता है. खेल में खिलाड़ी भाव, नियम पालन व अनुशासन सबसे जरूरी है. खेलों जैसा अनुशासन सभी क्षेत्रों में पालन होने पर देश को श्रेष्ठ भारत होने से कोई नहीं रोक सकता है.

केंद्रीय मंत्री ठाकुर ने कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है, खिलाड़ियों को सदैव अपने प्रदर्शन पर ध्यान देना आवश्यक है. उन्होंने कहा कि भारत सरकार खेलों में भी इंफ्रास्ट्रक्चर, ट्रेनिंग आदि के माध्यम से खेलों को बढ़ावा देने पर पूरा ध्यान दे रही है. मंत्रालय का बजट भी 3 गुना बढ़ाया गया है. समारोह में हॉकी इंडिया के अध्यक्ष पद्म डॉ. दिलीप तिर्की, महासचिव  भोला नाथ सिंह सहित अन्य पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद थे. भारतीय पुरूष हॉकी टीम के लीजेंड  अमित सिंह बख्शी, जो मेलबर्न में 1956 के ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे, को वर्ष 2021 के लिए प्रतिष्ठित हॉकी इंडिया मेजर ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड मिला.  हरमनप्रीत सिंह व सु सविता ने क्रमशः पुरुषों और महिलाओं की श्रेणियों में प्लेयर ऑफ द ईयर 2021 पुरस्कारों के लिए हॉकी इंडिया बलबीर सिंह सीनियर अवार्ड जीता.

माइलस्टोन अवार्ड कैटेगरी में मनप्रीत सिंह व सु रानी को क्रमश: 300 इंटरनेशनल कैप्स व 250 इंटरनेशनल कैप्स हासिल करने के लिए पुरस्कार दिया गया. नवजोत कौर व मनदीप सिंह को 200 अंतर्राष्ट्रीय कैप अर्जित करने के लिए ट्रॉफी सहित 2 लाख रु, प्रदान किए गए, जबकि सु नेहा, सु नवनीत कौर व लालरेम्सियामी को 100 अंतर्राष्ट्रीय कैप अर्जित करने के लिए ट्रॉफी के साथ 1 लाख रु. का पुरस्कार मिला.  हरमनप्रीत सिंह ने 2 माइलस्टोन अवार्ड जीते, जिन्हें 150 अंतर्राष्ट्रीय कैप अर्जित करने के लिए ट्रॉफी के साथ 1.50 लाख रु. व 100 अंतरराष्ट्रीय गोल करने के लिए ट्रॉफी सहित एक लाख रु. का पुरस्कार भी दिया गया. कार्ति सेल्वम को डेब्यू पर गोल करने के लिए 1 लाख रु. का पुरस्कार मिला.

अंपायर  जावेद शेख को 150वें सीनियर इंटरनेशनल मैच में अंपायरिंग के लिए 1.50 लाख रु. के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया. व्यक्तिगत उपलब्धियों को रिकग्निशन देने के लिए पीआर जेश व सु सविता ने क्रमशः पुरुषों व महिलाओं की श्रेणियों में वर्ष 2021-22 के एफआईएच गोलकीपर पुरस्कार जीते, जिसमें 5 लाख रु. मिले.

भारतीय महिला टीम के कोच जनेके शोपमैन ने 2021-22 महिला वर्ग का एफआईएच कोच नामित होने के लिए 5 लाख रु. का पुरस्कार जीता, जबकि मुमताज़ खान ने 2021-22 की एफआईएच महिला राइजिंग स्टार पुरस्कार के रूप में 5 लाख रु. अर्जित किए. भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह को एफआईएच मेन्स प्लेयर ऑफ द ईयर 2021-22 के लिए 10 लाख लाख रु. का पुरस्कार दिया गया. हरमनप्रीत सिंह को एफआईएच मेन्स हॉकी प्रो लीग 2021-22 में शीर्ष गोल स्कोरर होने के लिए 1 लाख रु. का पुरस्कार मिला, जबकि सविता को हॉकी महिला राष्ट्र कप की सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर होने पर 1 लाख रु. की अतिरिक्त पुरस्कार राशि प्रदान की गई.

शारदानंद तिवारी को जोहोर कप 2022 के सुल्तान के शीर्ष गोल स्कोरर होने के लिए 1 लाख रु. के पुरस्कार से सम्मानित किया गया. एफआईएच महिला नेशंस कप (स्पेन 2022) में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम को भी सम्मानित किया गया, जिसमें प्रत्येक खिलाड़ी ने 2 लाख रु. का पुरस्कार जीता. कोचिंग स्टाफ सदस्यों को 1-1 लाख रु. प्रदान किए गए. सुल्तान आफ जोहोर कप 2022 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम को भी सम्मानित किया गया, जिसमें शामिल प्रत्येक खिलाड़ी को 2 लाख रु. व कोचिंग स्टाफ सदस्यों को 1 लाख रु. का इनाम मिला. हॉकी इंडिया ने इस साल एफआईएच ओडिशा हॉकी पुरुष विश्व कप 2023 भुवनेश्वर-राउरकेला के सफल आयोजन के लिए ओडिशा राज्य सरकार की सराहना की. समारोह में अंपायरों और तकनीकी अधिकारियों को भी खेल में योगदान के लिए सम्मानित किया गया.

इनमें  गुरिंदर सिंह संघा, मोहम्मद मुग़ल मुनीर शामिल हैं. हॉकी ऐस फाउंडेशन को उत्कृष्ट उपलब्धि 2022 के लिए हॉकी इंडिया प्रेसिडेंट अवार्ड के सम्मान से सम्मानित किया गया. प्रीतम सिवाच को अमूल्य योगदान 2022 के लिए हॉकी इंडिया जमनलाल शर्मा पुरस्कार प्रदान किया गया, वहीं कृष्ण बी पाठक को बेस्ट गोलकीपर के लिए हॉकी इंडिया बलजीत सिंह पुरस्कार दिया गया. हरमनप्रीत सिंह को बेस्ट डिफेंडर के लिए हॉकी इंडिया परगट सिंह पुरस्कार तथा सुशीला चानू पुखरमबम को बेस्ट मिडफील्डर के लिए हॉकी इंडिया अजीत पाल सिंह पुरस्कार मिला.

ये भी पढ़ेंः सांसद खेल प्रतियोगिता में केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी बने रेफरी एवं कॉमेंटेटर

वंदना कटारिया को बेस्ट फॉरवर्ड के लिए हॉकी इंडिया धनराज पिल्लै पुरस्कार मिला. वर्ष 2022 के आगामी खिलाड़ी के लिए हॉकी इंडिया असुंता लाकड़ा पुरस्कार (महिला-21 वर्ष से कम) मुमताज खान को प्रदान किया गया. हॉकी इंडिया जुगराज सिंह अवार्ड फॉर अपकमिंग प्लेयर ऑफ द ईयर 2022 (पुरुष-अंडर 21) उत्तम सिंह को मिला.    हार्दिक सिंह को पुरुष वर्ग में और सविता को महिला वर्ग में हॉकी इंडिया बलबीर सिंह सीनियर अवार्ड फॉर प्लेयर ऑफ द ईयर 2022 पुरस्कार के विजेता के रूप में चुना गया. इन्हें 25 लाख रु. नकद मिले. हॉकी इंडिया मेजर ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड-2022 के तहत 30 लाख रु. का नकद पुरस्कार और एक ट्रॉफी  गुरबक्शसिंह को हॉकी के खेल में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया.

English Summary: Annual prize distribution of Hockey India update Published on: 17 March 2023, 06:06 PM IST

Like this article?

Hey! I am KJ Staff. Did you liked this article and have suggestions to improve this article? Mail me your suggestions and feedback.

Share your comments

हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें. कृषि से संबंधित देशभर की सभी लेटेस्ट ख़बरें मेल पर पढ़ने के लिए हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें.

Subscribe Newsletters

Latest feeds

More News