रबी सीजन की शुरुआत हो चुकी है और इस समय किसान भाई रबी की फसल की तैयारी करने में व्यस्त है. ऐसे में सरसों की खेती जो किसानों के लिए सबसे अहम फसल होती है, जिसकी मांग 12 महीने बनी रहती है और इसी वजह से अधिकतर किसान भाई इस फसल की खेती करते हैं और बड़ा मुनाफा कमाते हैं, लेकिन कुछ किसान ऐसे होते हैं, जिन्हें सरसों की बुवाई की तैयारी कैसे करें इसके बारे में कम जानकारी होती है. यहीं कारण होता है कि पैदावार कम मिलती है. चलिए आगे इस लेख में जानें सरसों की खेती से जुड़ी सभी जानकारी.
कितनी मात्रा में खेतों में बीज डालें?
अगर आप सरसों की खेती करने की सोच रहे हैं तो सबसे पहले इस बात को जान लीजिए की खेत में जरूरत से ज्यादा बीज न डालें, क्योंकि ऐसा करना फसल के लिए नुकसानदायक हो सकता है. जब खेत में पौधे बहुत घने हो जाते हैं, तो उनके बीच धूप, पानी और पोषक तत्वों के लिए प्रतिस्पर्धा बढ़ जाती है. इसका सीधा असर पौधों की बढ़वार और उत्पादन पर पड़ता है.
इसके अलावा, एक कट्ठा जमीन में हाइब्रिड सरसों की किस्म के लिए लगभग 50 ग्राम और ओपन पॉलिनेटेड यानी सामान्य उन्नत किस्मों के लिए करीब 90 ग्राम बीज की जरूरत हो सकती है. वहीं, सामान्य तौर पर एक हेक्टेयर खेत में लगभग 2.5 किलोग्राम बीज पर्याप्त माना जाता है.
सरसों की बुवाई के सही तरीके क्या है?
किसानों को सरसों की बुवाई छिटकवां विधि से करने के बजाय लाइन में करनी चाहिए. दरअसल, छिटकवां विधि में खेत में पौधे कहीं ज्यादा और कहीं कम उगते हैं. इससे पौधों को बराबर जगह और पोषण नहीं मिल पाता. इसलिए बुवाई करते समय एक पौधे से दूसरे पौधे के बीच करीब 10 सेंटीमीटर और एक लाइन से दूसरी लाइन के बीच लगभग 30 सेंटीमीटर की दूरी रखनी चाहिए. इससे पौधों को पर्याप्त जगह मिलती है और उनकी बढ़वार अच्छी होती है. साथ ही निराई-गुड़ाई और फसल की देखभाल करना भी आसान हो जाता है.
सल्फर का इस्तेमाल कैसे करें?
किसान अक्सर खेतों में यूरिया, डीएपी और पोटाश का इस्तेमाल तो करते हैं, लेकिन सल्फर को नजरअंदाज कर देते हैं. जबकि सरसों जैसी तिलहनी फसल में सल्फर की अहम भूमिका होती है. यह पौधों में तेल के निर्माण की प्रक्रिया में मदद करता है. वहीं, सरसों की फसल में प्रति एकड़ करीब 11 किलोग्राम सल्फर दिया जा सकता है. इससे दानों में तेल की मात्रा बेहतर करने में मदद मिलती है. हालांकि, सल्फर की सही मात्रा मिट्टी की जांच और इस्तेमाल किए जाने वाले खाद के प्रकार के आधार पर ही तय करनी चाहिए.
सिंचाई किस समय पर करें?
सरसों की फसल में खासकर फूल आने से पहले खेत में पर्याप्त नमी बनाए रखना जरूरी है. इस अवस्था में दूसरी सिंचाई करने से फूलों और फलियों के विकास में मदद मिलती है. अगर इस समय खेत में पानी की कमी हो जाए, तो पौधों की बढ़वार और दानों के विकास पर असर पड़ सकता है.
लेखक: रवीना सिंह
Share your comments