दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में मौसम करवट लेता नजर आ रहा है. पहाड़ी इलाकों में सर्द हवाएं चल रही है और हल्की बारिश हो रही है, जिससे तापमान में बड़े बदलाव देखने को मिल रहा है. भारतीय मौसम विभाग IMD ने इस दौरान16 नवंबर की शाम के आसपास मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती तूफान में बदलने की उम्मीद जताई है. वहीं, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में पूरे सप्ताह बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है.
उत्तर भारत में बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट
उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ और अन्य मौसमी गतिविधियों के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, 13 नवंबर को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. इसके बाद 14 और 15 नवंबर को भी इन क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी 13 से 15 नवंबर के बीच अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है. पहाड़ी क्षेत्रों में बदलते मौसम को देखते हुए स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी जाती है. खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम की स्थिति तेजी से बदल सकती है. वहीं, मैदानी इलाकों की बात करें तो 13 और 14 नवंबर को हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. इसके अलावा 14 और 15 नवंबर को पश्चिमी राजस्थान तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना है. पूर्वी राजस्थान में 15 नवंबर को कुछ जगहों पर बारिश देखने को मिल सकती है.
जम्मू-कश्मीर और राजस्थान में तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की आशंका
बारिश के साथ कुछ राज्यों में आंधी-तूफान और तेज हवाएं भी परेशानी बढ़ा सकती हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, 13 और 14 नवंबर को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है. इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि झोंकों के साथ इसकी गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.
पूर्वी भारत में अंडमान-निकोबार में पूरे सप्ताह बारिश
पूर्वी भारत और आसपास के द्वीपीय क्षेत्रों में भी मौसम की गतिविधियां तेज रहने वाली हैं. IMD के अनुसार, 13 से 19 नवंबर तक अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. इस दौरान कुछ इलाकों में लगातार बारिश के साथ तेज हवाएं और गरज-चमक की स्थिति भी बन सकती है. मौसम विभाग ने 13 से 17 नवंबर के बीच अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है. हवा के झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं.
दक्षिण भारत में भी बारिश का दौर रहेगा जारी
दक्षिण भारत के राज्यों में अगले सात दिनों तक कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 13 और 14 नवंबर के साथ 16 से 19 नवंबर तक बारिश होने की संभावना है. वहीं, 15 नवंबर को इन क्षेत्रों में काफी व्यापक स्तर पर बारिश हो सकती है.
लेखक: रवीना सिंह
Share your comments