रविवार के दिन दिल्ली-NCR में तापमान में गिरावट देखने को मिली कई हिस्सों में हल्की बारिश हुई और भारतीय मौसम विभाग IMD के अनुसार 24 घंटों में जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुज़फ़्फ़राबाद और हिमाचल प्रदेश में न्यूनतम तापमान 0-5°C था. ऐसे में मौसम विभाग ने लगातार दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से, 2 से 5 फरवरी के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की से मध्यम छिटपुट बारिश होने की संभावना जताई है.
दिल्ली-NCR में अगले तीन कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-एनसीआर में फरवरी की शुरुआत मौसम के उतार-चढ़ाव के साथ होने जा रही है. 2 फरवरी 2026 को आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. सुबह के समय कई इलाकों में हल्का कोहरा, जबकि कुछ जगहों पर मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है. राजधानी में अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. न्यूनतम तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से कम दर्ज हो सकता है. सुबह हवा शांत रहेगी, जो उत्तर दिशा से लगभग 5 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलेगी. दोपहर में हवा की गति बढ़कर उत्तर-पश्चिम से 10 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है.
3 फरवरी 2026 को आसमान आंशिक रूप से बादल छाया रहेगा. सुबह फिर से हल्का से मध्यम कोहरा छाने की संभावना है. इस दिन अधिकतम तापमान 18 से 20 डिग्री और न्यूनतम 8 से 10 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. हवा का रुख उत्तर-पश्चिम बना रहेगा.
वहीं 4 फरवरी 2026 को भी मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रहेगा. आंशिक बादल, सुबह कोहरा और दिन में हल्की ठंडी हवाएं चलने की संभावना है. कुल मिलाकर, इन दिनों दिल्ली में ठंड का असर और कोहरे की स्थिति बनी रहेगी, जिससे सुबह के समय दृश्यता प्रभावित हो सकती है.
3 से 5 फरवरी तक इन राज्यों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना
देश के कई हिस्सों में सुबह और रात के घंटों के दौरान घना कोहरा छाए रहने की संभावना को देखते हुए संभावित प्रभावों को लेकर चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग के अनुसार पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 3 फरवरी तक कई स्थानों पर, जबकि 5 फरवरी 2026 तक अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा देखने को मिल सकता है. इससे दृश्यता बेहद कम होने की आशंका है.
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 5 फरवरी तक विभिन्न स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है. वहीं पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार तथा असम और मेघालय में 2 फरवरी तक. सुबह और रात के समय कोहरे का असर बना रह सकता है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के साथ-साथ ओडिशा में 3 फरवरी तक मौसम विभाग IMD ने घने कोहरे की स्थिति रहने की संभावना जताई है.
इसके अलावा पूर्वी राजस्थान में 3 से 5 फरवरी 2026 के दौरान कुछ इलाकों में घना कोहरा छाने की आशंका है.
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में मौसम का हाल
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में मौसम का मिजाज फिलहाल काफी खराब बना हुआ है और 10 फरवरी 2026 तक हालात चुनौतीपूर्ण रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार भारी बर्फबारी हो रही है, जिसके चलते सामान्य जनजीवन के साथ-साथ सड़क और हवाई यातायात पर भी असर पड़ सकता है. कुछ इलाकों में आवाजाही पूरी तरह बाधित होने की आशंका जताई जा रही है.
हालांकि, 4 से 6 फरवरी के बीच मौसम में थोड़ी राहत मिलने की संभावना है. इस दौरान बर्फबारी की तीव्रता कम हो सकती है.
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 7 फरवरी से एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसके कारण दोबारा बर्फबारी का दौर शुरू होने की आशंका है. खासतौर पर गुलमर्ग, सोनमर्ग, पहलगाम और लद्दाख के ऊंचे इलाकों में भारी हिमपात हो सकता है.
आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान का पूर्वानुमान
-
अगले 3 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के ज़्यादातर हिस्सों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2-4°C की गिरावट आने की संभावना है और उसके बाद कोई खास बदलाव नहीं होगा.
-
अगले 2 दिनों के दौरान उत्तर प्रदेश में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2-4°C की बढ़ोतरी होने की संभावना है और फिर 2-3°C की गिरावट आएगी.
-
अगले 2 दिनों के दौरान विदर्भ और छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2-3°C की बढ़ोतरी होने की संभावना है.
-
अगले 4 दिनों के दौरान महाराष्ट्र में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2-3°C की बढ़ोतरी होने की संभावना है और उसके बाद कोई खास बदलाव नहीं होगा.
-
देश के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है.
लेखक: रवीना सिंह
Share your comments