मध्यप्रदेश सरकार ने लाड़ली बहना योजना की लाभार्थी महिलाओं को बड़ी खुशखबरी दी है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को राज्य सचिवालय में हुई कैबिनेट मीटिंग के दौरान एक अहम निर्णय को मंजूरी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं को मिलने वाली राशि में वृद्धि की जाएगी और जल्द ही यह बढ़ी हुई राशि लाभार्थी बहनों के खातों में भेजी जाएगी।
कौन-कौन होगा पात्र?
लाड़ली बहना योजना का लाभ वही महिलाएं उठा सकती हैं —
-
जिनके परिवार की वार्षिक आय ₹2.5 लाख से अधिक न हो।
-
जिनके घर का कोई भी सदस्य सरकारी नौकरी में न हो।
-
जिनके घर में किसी व्यक्ति को पेंशन मिल रही है, वे महिलाएं इस योजना की पात्र नहीं होंगी।
वहीं, राज्य की विवाहित, विधवा, तलाकशुदा या परित्यक्ता महिलाएं इस योजना की पात्र हैं और वे इसका पूरा लाभ उठा सकती हैं।
कितना पैसा मिलेगा?
-
लाड़ली बहना योजना की शुरुआत मार्च 2023 में ₹1,000 मासिक स्टाइपेंड के साथ की गई थी।
-
इसके बाद सितंबर 2023 में इस राशि को बढ़ाकर ₹1,250 कर दिया गया था। अब सरकार ने इसमें ₹250 की और बढ़ोतरी करते हुए इस राशि को ₹1,500 प्रति माह कर दिया है। सरकार इस संशोधित राशि को नवंबर 2024 से लागू करेगी।
कब आएगी ₹1,500 की किस्त?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नवंबर महीने की पहली ₹1,500 की किस्त 12 तारीख को सिवनी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जारी की जा सकती है। इस बार करीब 1.26 करोड़ बहनों के खातों में यह बढ़ी हुई राशि भेजी जाएगी, जिससे बड़ी संख्या में महिलाओं को सीधा लाभ मिलेगा।
ध्यान दें - जिन महिलाओं ने अभी तक ई-KYC प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उनके खातों में यह राशि नहीं भेजी जाएगी। इसलिए सभी पात्र महिलाएं जल्द से जल्द अपनी ई-KYC प्रक्रिया पूरी कर लें।
सरकार का उद्देश्य
लाड़ली बहना योजना का मुख्य उद्देश्य राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है ताकि वे किसी पर निर्भर न रहें। इस योजना की राशि से महिलाएं छोटे व्यवसाय या स्वरोजगार की शुरुआत कर सकती हैं और अपने परिवार का पालन-पोषण बेहतर ढंग से कर सकती हैं। राज्य सरकार का कहना है कि इस योजना की राशि वर्ष 2028 तक बढ़ाकर ₹3,000 प्रति माह कर दी जाएगी। इस घोषणा से लाखों महिलाओं के चेहरों पर मुस्कान लौट आई है।
Share your comments