आज के समय में जिस तरह से बाजारों में हरी सब्जियों में केमिकल का इस्तेमाल किया जा रहा है. ऐसे में इन सब्जियों का सेवन लोगों के लिए काफी हानिकारक होता जा रहा है, जिससे कई घातक बीमारियों को भी खतरा बढ़ता जा रहा है. इसलिए लोग होम गार्डिंग की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं और कई तरह के फल और हरी सब्जियों की पैदावार कर रहे हैं. अगर आप भी इस बार अपने किचन गार्डन में कुछ उगाने का प्लान बना रहे हैं, तो पालक आपके लिए सही विकल्प हो सकता है, जो आपको सालभर अच्छी पैदावार देगा.
गमले की मिट्टी को कैसे तैयार करें?
अगर आप इस साल अपने होम गार्डन में पालक उगा रहे हैं तो सबसे पहले गमले की मिट्टी को तैयार कर लें. इसके लिए सबसे पहले आप गोबर की अच्छी तरह सड़ी खाद या वर्मीकम्पोस्ट और थोड़ी रेत या कोकोपीट को मिलाकर एक पूरा मिक्सर तैयार कर लें और ऐसा करने से मिट्टी भुरभुरी रहेंगी और पानी आसानी से निकल जाएगा. इसके अलावा, आप पालक उगाने के लिए आप 6 से 8 इंच गहरा गमला, ट्रे या ग्रो बैग इस्तेमाल कर सकते हैं और अपने होम गार्डन में पालक उगा सकते हैं.
पौधों की देखभाल और बीज कैसे बोए?
घर की छत, बालकनी या छोटी सी जगह में भी आप आसानी से हरी-भरी पालक उगा सकते हैं. इसके लिए सबसे पहले गमले में अच्छी जल निकासी वाली उपजाऊ मिट्टी भरें. इसके बाद पालक के बीजों को करीब आधा इंच गहराई में बोकर ऊपर से मिट्टी की हल्की परत डाल दें. बीजों के बीच पर्याप्त दूरी रखना जरूरी है, ताकि पौधों को फैलने और बढ़ने के लिए जगह मिल सके.
बीज बोने के तुरंत बाद हल्का पानी दें और मिट्टी में नमी बनाए रखें. हालांकि, गमले में पानी जमा न होने दें, क्योंकि इससे पौधों की जड़ों को नुकसान पहुंच सकता है. पालक के पौधों को अच्छी बढ़त देने के लिए गमले को ऐसी जगह रखें, जहां रोजाना कुछ घंटों तक धूप आती हो. बुवाई के 15-20 दिन बाद पौधों में थोड़ी वर्मीकम्पोस्ट या जैविक खाद डाल सकते हैं.
कैसे करें पालक की कटाई?
जब पालक की पत्तियां अच्छी तरह बड़ी हो जाएं, तब उनकी कटाई शुरू करें. ध्यान रखें कि पूरे पौधे को जड़ से न उखाड़ें. इसके बजाय बाहर की बड़ी पत्तियों को कैंची से काटें और बीच की छोटी पत्तियों को छोड़ दें. इससे पौधे में नई पत्तियां निकलती रहेंगी और आपको बार-बार ताजी पालक मिलती रहेगी.
इसके अलावा, लगातार उत्पादन पाने के लिए हर 2-3 सप्ताह में नए बीज बोते रहें, ताकि लगातार उपज प्राप्त होती रहे.
लेखक: रवीना सिंह
Share your comments