बिहार सरकार राज्य के लोगों के लिए कई सरकारी योजनाएं चला रही है. उन्हीं में से एक है कुटीर ज्योति योजना जिसके तहत राज्य में सरकार ऊर्जा विभाग की ओर से चलाए जा रहे "हर घर होगा रोशन, सौर ऊर्जा के संग" अभियान के तहत राज्य के 2.5 लाख से अधिक कुटीर ज्योति (BPL) उपभोक्ताओं के घरों पर 1.1 किलोवाट क्षमता के सोलर संयंत्र निःशुल्क लगाए जाएंगे और इस पहल से गरीब परिवारों को सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध होगी.
बिहार के कितने परिवारों को मिलेगा योजना का लाभ
ऊर्जा विभाग के अनुसार, योजना के पहले चरण में राज्यभर के 2.5 लाख से अधिक बीपीएल परिवारों को शामिल किया जाएगा. सरकार इन परिवारों के घरों पर मुफ्त में सोलर पैनल स्थापित कराएगी और इसके लिए लाभार्थियों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा.
इस पहल से हजारों गांवों में स्वच्छ ऊर्जा का विस्तार होगा और गरीब परिवारों को बिजली की बेहतर सुविधा मिल सकेगी. सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले वर्षों में राज्य में सौर ऊर्जा के उपयोग को और अधिक बढ़ाया जाए.
योजना का लाभ लेने के लिए कौन होंगे पात्र?
योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए कुछ निर्धारित पात्रताओं को पूरा करना आवश्यक होगा. आवेदन करने वाले व्यक्ति को निम्नलिखित शर्तों का पालन करना होगा-
-
आवेदक बिहार का स्थायी निवासी होना चाहिए.
-
परिवार के पास वैध बीपीएल (गरीबी रेखा से नीचे) कार्ड होना अनिवार्य है.
-
आवेदक कुटीर ज्योति योजना का उपभोक्ता होना चाहिए.
-
घर में वैध बिजली कनेक्शन होना जरूरी है.
-
सोलर पैनल लगाने के लिए घर की छत या उपयुक्त स्थान उपलब्ध होना चाहिए.
-
आधार कार्ड और बिजली उपभोक्ता संख्या उपलब्ध होनी चाहिए.
-
परिवार किसी अन्य निःशुल्क सरकारी रूफटॉप सोलर योजना का लाभार्थी नहीं होना चाहिए.
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
-
बीपीएल राशन कार्ड
-
आधार कार्ड
-
निवास प्रमाण पत्र
-
बिजली बिल या उपभोक्ता संख्या
-
पासपोर्ट साइज फोटो
-
मोबाइल नंबर
इन दस्तावेजों का सत्यापन होने के बाद पात्र लाभार्थियों का चयन किया जाएगा और उनके घरों पर सोलर संयंत्र स्थापित किए जाएंगे.
पीएम सूर्य घर योजना से भी मिल रही है सहायता
बिहार में पहले से ही केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना लागू है. इस योजना के तहत आम उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने के लिए सब्सिडी प्रदान की जाती है.
योजना के अनुसार अलग-अलग क्षमता के सौर संयंत्रों पर निम्नलिखित सब्सिडी उपलब्ध है-
-
1 किलोवाट तक के सौर संयंत्र पर ₹30,000 सब्सिडी राशि मिलेगी
-
2 किलोवाट तक का सौर संयंत्र अगर आप अपने घरों में लगवाते हैं तो उस पर ₹60,000 तक सब्सिडी राशि मिलेगी
-
अगर आप 3 किलोवाट या अधिक का सौर संयंत्र लगवाते हैं तो उस पर ₹78,000 (अधिकतम) अनुदान मिलेगा.
लेखक: रवीना सिंह
Share your comments