आहार 2026 – अंतरराष्ट्रीय फूड एवं हॉस्पिटैलिटी प्रदर्शनी का 40वां संस्करण आज भारत मंडपम, नई दिल्ली में संपन्न हो गया। प्रदर्शनी में उद्योग जगत के हितधारकों, वैश्विक प्रदर्शकों और खरीदारों की मजबूत भागीदारी देखने को मिली, जिससे यह आयोजन खाद्य प्रसंस्करण और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के लिए एशिया के प्रमुख B2B मंचों में से एक के रूप में और सुदृढ़ हुआ।
प्रदर्शनी में 1.5 लाख से अधिक आगंतुकों ने भाग लिया और प्रदर्शकों तथा भारत एवं विदेश से आए खरीदारों के बीच 2,800 से अधिक B2B बैठकें आयोजित की गईं।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गनाइजेशन (ITPO) द्वारा, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय (MoFPI) के सहयोग से आयोजित आहार 2026 का उद्घाटन 10 मार्च 2026 को केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने किया था। यह प्रदर्शनी 14 मार्च 2026 तक आयोजित की गई।
प्रदर्शनी के समापन पर आईटीपीओ के अध्यक्ष जावेद अशरफ ने कहा, "आहार खाद्य प्रसंस्करण और हॉस्पिटैलिटी उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में कार्य करता है, जहां उत्पादक, निर्यातक, तकनीकी प्रदाता और वैश्विक खरीदार एक साथ आते हैं। इस वर्ष की मजबूत भागीदारी भारत के खाद्य क्षेत्र में बढ़ते अवसरों और सहयोग की संभावनाओं को दर्शाती है। आहार जैसे आयोजन नवाचार को बढ़ावा देने, एमएसएमई को प्रोत्साहित करने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के माध्यम से भारत को प्रसंस्कृत खाद्य के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी योगदान देते हैं।"
लगभग 1,15,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में आयोजित इस प्रदर्शनी में भारत और विदेश से प्रमुख ब्रांड, निर्यातक, तकनीकी प्रदाता, उद्योग संघ और संस्थागत प्रतिभागी शामिल हुए, जिससे यह आयोजन इस क्षेत्र के लिए एक व्यापक मंच के रूप में उभरा।
आहार 2026 में 17 देशों के 1,800 से अधिक प्रदर्शकों, जिनमें 155 अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शक शामिल थे, ने खाद्य उत्पादों, प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों, पेय पदार्थों, खाद्य प्रसंस्करण तकनीकों, पैकेजिंग समाधान और हॉस्पिटैलिटी उपकरणों की विस्तृत श्रृंखला का प्रदर्शन किया।
यह प्रदर्शनी एमएसएमई और स्टार्ट-अप्स के लिए भी एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुई, जहां उन्होंने अपने नवाचारी उत्पादों और तकनीकों का प्रदर्शन किया तथा घरेलू और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से संपर्क स्थापित किया। कई उभरते उद्यमों ने इस मंच का उपयोग साझेदारी की संभावनाएं तलाशने और वैश्विक बाजारों में अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए किया।
इस वर्ष पहली बार इटली ने पार्टनर कंट्री के रूप में भागीदारी की। ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चिली और थाईलैंड के कंट्री पवेलियन ने आगंतुकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। इसके अलावा बेल्जियम, चीन, फिनलैंड, फ्रांस, जर्मनी, जापान, दक्षिण कोरिया, स्पेन, ताइवान, यूनाइटेड किंगडम और वियतनाम की कंपनियों ने भी प्रदर्शनी में भाग लिया।
APEDA पवेलियन, MoFPI पवेलियन, फॉरेन पार्टिसिपेशन पवेलियन, ICMA पवेलियन और FIFI पवेलियन सहित विशेष उद्योग पवेलियनों में निर्यातोन्मुख उत्पादों, तकनीकी नवाचारों और खाद्य प्रसंस्करण एवं हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के उभरते रुझानों को प्रदर्शित किया गया।
Share your comments