आज के समय लोगों को होम गार्डनिंग का बेहद ही शौक हो रहा है और वह बेहद ही आसानी से अपने घर की छत और किचन गार्डन में कई सब्जिया, फल उगा रहे है. ऐसे में अगर आप भी होम गार्डनिंग के शौकीन है, तो आप इस क्राउन (Crown) वाले फल यानी की अनानास को अपने घर के गमले में आसानी से उगा सकते हैं वो भी घर में खाए गए पके अनानास के ऊपर मौजूद हरे पत्तों वाले हिस्से यानी क्राउन (Crown) से ही नया पौधा तैयार कर बिल्कुल फ्रेश अनानास प्राप्त कर सकते हैं.
सबसे पहले तैयार करें अनानास का क्राउन
पौधा तैयार करने के लिए सबसे पहले बाजार से ऐसा पका हुआ अनानास चुनें जो स्वस्थ हो और जिसके ऊपर की पत्तियां हरी और मजबूत दिखाई दें. अनानास के फल को काटते समय उसके ऊपरी हिस्से यानी क्राउन को पत्तियों समेत सावधानी से अलग करें. इसके बाद क्राउन के नीचे अगर फल का गूदा ज्यादा लगा हुआ है, तो उसे चाकू की मदद से सावधानीपूर्वक हटा दें.
ध्यान रखें कि काटते समय अंदर के हिस्से को ज्यादा नुकसान न पहुंचे. इसके बाद क्राउन को तुरंत मिट्टी में लगाने के बजाय कुछ दिनों के लिए छायादार और हवादार जगह पर रखा जा सकता है, ताकि कटा हुआ हिस्सा सूख सके.
गमले में कैसी होनी चाहिए मिट्टी?
अनानास के पौधे के लिए ऐसी मिट्टी बेहतर रहती है जिसमें पानी आसानी से निकल सके. गमले में बहुत ज्यादा चिकनी या पानी रोकने वाली मिट्टी का इस्तेमाल करने से बचे और भुरभुरी मिट्टी के साथ अच्छी तरह सड़ी हुई जैविक खाद या कंपोस्ट का मिश्रण तैयार करें. साथ ही गमले के नीचे जल निकासी के लिए पर्याप्त छेद जरूर कर लें, क्योंकि अनानास के क्राउन को लगातार पानी में डूबा रहना पसंद नहीं होता. अगर पानी लंबे समय तक मिट्टी में जमा रहता है, तो जड़ों और पौधे के निचले हिस्से को नुकसान पहुंच सकता है और पौधा खराब हो सकता है.
कैसे लगाएं क्राउन?
अगर आप अनानास का पौधा लगा रहे हैं तो अनानास क्राउन को गमले में लगाने के लिए जब क्राउन का निचला हिस्सा सूख जाए, तो उसे तैयार गमले की मिट्टी में लगाया जा सकता है. क्राउन को बहुत गहराई तक दबाने की जरूरत नहीं है. इसका निचला हिस्सा मिट्टी में अच्छी तरह टिक जाए और ऊपर की पत्तियां मिट्टी से बाहर रहें, इतना पर्याप्त है. पौधा लगाने के बाद मिट्टी में हल्की नमी बनाए रखें. शुरुआत में बहुत ज्यादा पानी डालने की गलती न करें. जरूरत के अनुसार थोड़ी मात्रा में पानी देना बेहतर रहता है. मिट्टी की ऊपरी सतह सूखने लगे तो सिंचाई की जा सकती है.
धूप कितनी जरूरी है?
अनानास के पौधे की अच्छी बढ़वार के लिए पर्याप्त रोशनी जरूरी है. इसलिए गमले को ऐसी जगह रखें जहां पौधे को अच्छी धूप मिलती रहें. हालांकि पौधे की स्थिति और स्थानीय मौसम के अनुसार धूप की मात्रा को देखा जाना चाहिए. अगर पौधे को लंबे समय तक बहुत कम रोशनी मिलती है, तो उसकी बढ़वार प्रभावित हो सकती है. वहीं पानी की अधिकता भी पौधे के लिए नुकसानदायक हो सकती है.
अनानास उगाने में खर्च भी कम
किचन गार्डन में अनानास उगाने का एक बड़ा फायदा इसकी कम लागत है. आमतौर पर नया पौधा तैयार करने के लिए अलग से बीज खरीदने की जरूरत नहीं होती. घर में खरीदे गए अनानास के क्राउन का इस्तेमाल ही पौधा तैयार करने के लिए किया जा सकता है. इससे उन लोगों के लिए यह तरीका खासा उपयोगी हो सकता है जो बिना ज्यादा खर्च किए घर पर फलदार पौधे लगाने का अनुभव लेना चाहते हैं. उन लोगों के लिए यह पौधा अच्छा विकल्प साबित हो सकता है.
लेखक: रवीना सिंह
Share your comments