भारत में घरेलू गैस सिलिंडर की बुकिंग को लेकर उपभोक्ताओं को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था. इसी बीच केंद्र सरकार ने उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए नए नियमों को लागू किया है, जिससे गैस वितरण प्रणाली सरल होगी और लोगों को समय पर सिलिंडर प्राप्त हो सकेंगे और लोगों को बाहर से ब्लैक में घरेलू गैस खरीदने की कोई जरुरत नही होगी. ऐसे में उपभोक्ता को गैस एजेंसियों के चक्कर नही लगाने पड़ेंगे और उनका गैस सिलिंडर समय पर उन तक पहुंच जाएगा.
केंद्र सरकार के नए निर्देश क्या है?
एलपीजी गैस की समस्या को देखते हुए केंद्र सरकार के नए निर्देश जारी किए है, जिसके तहत उपभोक्ताओं की परेशानी पर विराम लगेगा. सरकार के नियमों के तहत अब गैर-उज्ज्वला योजना के उपभोक्ता पहले सिलिंडर की डिलीवरी के 25 दिन बाद ही दूसरा सिलिंडर बुक कर सकेंगे. वहीं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के लाभार्थियों के लिए यह अवधि 45 दिन निर्धारित हुई है.
भ्रम की स्थिती होगी खत्म
सरकार ने पहले शहरी, ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों के लिए अलग-अलग नियम लागू कर रखें थे. इस वजह से गैस एजेंसियों और उपभोक्ताओं दोनों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता था. कई बार उपभोक्ताओं को यह समझ ही नहीं आता था कि वे कब दूसरा सिलिंडर बुक कर सकते हैं. अब नए नियमों के लागू होने से इस असमानता को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है.
गैस एजेंसी संचालकों के अनुसार यह बदलाव काफी महत्वपूर्ण है. उनका कहना है कि अलग-अलग नियमों के कारण वितरण प्रणाली में असंतुलन पैदा हो जाता था और कई बार तकनीकी दिक्कतें भी आती थीं. अब एक समान नियम लागू होने से कामकाज में आसानी होगी और उपभोक्ताओं को भी स्पष्ट जानकारी मिलेगी.
ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगा सीधा लाभ
सरकार के इस कदम से सबसे बड़ा फायदा ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले उपभोक्ताओं को मिलने की उम्मीद है. पहले इन इलाकों में गैस आपूर्ति में देरी आम बात थी, क्योंकि वहां अलग नियमों के चलते वितरण प्रक्रिया जटिल हो जाती थी. अब एक समान नियम लागू होने से सिलिंडर की उपलब्धता में सुधार आने की संभावना है.
वहीं, स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि लंबे समय से वे बुकिंग नियमों में एकरूपता की मांग कर रहे थे. उनका मानना है कि नए नियमों से न केवल बुकिंग प्रक्रिया आसान होगी, बल्कि समय पर गैस मिलना भी सुनिश्चित हो सकेगा.
कृत्रिम किल्लत पर लगेगी रोक
सरकार के इस कदम से गैस की कृत्रिम किल्लत पर भी काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकेगा. पहले अलग-अलग नियमों का फायदा उठाकर कुछ जगहों पर अनावश्यक बुकिंग या स्टॉकिंग की समस्या देखी जाती थी. अब निर्धारित समय सीमा के कारण ऐसी गतिविधियों पर रोक लगेगी और गैस का वितरण अधिक संतुलित होगा.
इसके अलावा, नए नियमों से एजेंसियों पर भी अनावश्यक दबाव कम होगा. उन्हें अब अलग-अलग श्रेणियों के अनुसार काम नहीं करना पड़ेगा, जिससे उनका प्रबंधन बेहतर हो सकेगा.
हालिया समस्याओं के बीच बड़ा कदम
अभी हाल के दिनों में देश के कई हिस्सों से गैस सिलिंडर की कमी और देरी से आपूर्ति की शिकायतें सामने आई थीं. ऐसे में सरकार का यह कदम काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इससे न केवल उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी, बल्कि पूरी वितरण प्रणाली को भी व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी.
लेखक: रवीना सिंह
Share your comments