उत्तरप्रदेश के बांदा जिले में अभी भी हजारों किसान है, जिन्होंने अभी तक फार्मर रजिस्ट्री का प्रोसेस पूरा नहीं किया है और यह जिले के किसानों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन गई है. साथ ही प्रशासन के तमाम प्रयासों के बावजूद जिले के लगभग 25 प्रतिशत किसान अभी तक अपनी फार्मर रजिस्ट्री पूरी नहीं कर पाए हैं. यदि मार्च माह के अंत तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं होती है, तो ऐसे किसानों को अप्रैल से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित कई सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना बंद हो सकता है.
कितने किसानों की फार्मर रजिस्ट्री हो चुकी है?
उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में अब तक कुल 2,51,390 पंजीकृत किसान हैं, इनमें से अब तक 1,88,708 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है, जबकि 62,682 किसान अभी भी इस प्रक्रिया से बाहर हैं. यह संख्या कुल किसानों का लगभग एक-चौथाई हिस्सा है, जो प्रशासन के लिए भी चिंता का विषय बना हुआ है.
फार्मर रजिस्ट्री में देरी होने के कारण
फार्मर रजिस्ट्री में देरी होने के पीछे के कारण तकनीकी और दस्तावेजों की समस्या है और सबसे बड़ी समस्या आधार कार्ड और खतौनी (भूमि रिकॉर्ड) में नाम या अन्य विवरणों का मेल न होना है. इसके अलावा जिले के 211 गांवों के भूलेख अभी तक ऑनलाइन उपलब्ध नहीं हो पाए हैं, जिससे रजिस्ट्री की प्रक्रिया बाधित हो रही है. इन समस्याओं के कारण रजिस्ट्री का काम बहुत धीमी गति से आगे बढ़ रहा है. कई किसान बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं, लेकिन समाधान नहीं मिल पा रहा है.
डेढ़ साल से जारी है प्रक्रिया
फार्मर रजिस्ट्री की शुरुआत जुलाई 2024 में की गई थी, जिसे दिसंबर 2024 से शिविर लगाकर तेज करने की कोशिश की गई. इसके बाद राजस्व विभाग के कर्मचारियों ने घर-घर जाकर भी रजिस्ट्री कराने का प्रयास किया. बावजूद इसके, डेढ़ वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद भी लक्ष्य पूरा नहीं हो सका. वर्तमान स्थिति यह है कि केवल 75 प्रतिशत काम ही पूरा हो पाया है, जबकि शेष 25 प्रतिशत किसान अब भी इस प्रक्रिया से वंचित हैं.
योजनाओं पर पड़ेगा सीधा असर
सरकार ने किसानों के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की हैं, जिनमें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसली ऋण, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, और आपदा राहत शामिल हैं. इन सभी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य कर दी गई है.
प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री मार्च तक पूरी नहीं होगी, उन्हें अप्रैल से इन योजनाओं का लाभ नहीं मिलेगा. सबसे पहले प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि रोक दी जाएगी.
प्रशासन की क्या अपील?
प्रशासन ने सभी किसानों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपने दस्तावेज सही कराकर फार्मर रजिस्ट्री पूरी करें. अधिकारियों का कहना है कि मार्च के बाद किसी भी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी और योजनाओं का लाभ केवल उन्हीं किसानों को मिलेगा, जिनकी रजिस्ट्री पूरी होगी.
लेखक: रवीना सिंह
Share your comments