मध्य प्रदेश दुग्ध उत्पादन की बढ़ोतरी करने के लिए सरकार किसानों और पशुपालकों को प्रोत्साहित कर रही है, ताकि किसान खेती करने के अलावा, डेयरी बिजनेस से जुड़ अधिक मुनाफा कमा सकें. हाल में राज्य सरकार ने राज्य के लोगों को बड़ी खुशखबरी दी है डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना संचालित कर जिसके तहत किसानों को 25 दुधारू पशुओं की डेयरी इकाई स्थापित करने के लिए पात्र हितग्राहियों को अनुदान दिया जा रहा है. आगे पढ़ें पूरी खबर.
कितने पशुओं की डेयरी पर मिलेगा अनुदान?
मध्य प्रदेश सरकार की डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना उन लोगों के लिए महत्वपूर्ण है, जो डेयरी व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं या अपने मौजूदा पशुपालन कार्य को बड़े स्तर पर ले जाना चाहते हैं. योजना के अंतर्गत एक इकाई में 25 दुधारू पशु रखे जा सकते हैं. इसमें निर्धारित मानकों के अनुसार गाय या भैंस की इकाई स्थापित की जा सकती है.
योजना के आधिकारिक पोर्टल के अनुसार, 25 पशुओं की डेयरी इकाई की कुल परियोजना लागत पशुओं की नस्ल और निर्धारित लागत के आधार पर लगभग 36 लाख से 42 लाख रुपये तक हो सकती है. इसमें पशुओं की खरीद, पशुशाला का निर्माण, पशुओं का बीमा और परिवहन जैसे खर्च शामिल हैं, जिसका लाभ किसान, पशुपालक बड़े पैमाने पर उठाकर अच्छी इनकम अर्जित कर सकते हैं.
किसको कितना मिलेगा अनुदान ?
अगर आप भी डेयरी बिजनेस की शुरुआत करने का विचार बना रहे हैं, तो मध्य प्रदेश सरकार द्वारा शुरु की गई डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना आपके लिए बेहद ही लाभकारी साबित हो सकती है. ऐसे में अगर आप इस सरकारी योजना में आवेदन करने की सोच रहे हैं, तो सबसे पहले यह जान लीजिए की किसको कितना अनुदान मिलेगा, जो कुछ इस प्रकार है-
-
इस योजना के तहत अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के पात्र हितग्राहियों को 33 प्रतिशत तक अनुदान मुहैया कराया जाएगा.
-
अगर आवेदक अन्य वर्ग में आता है, तो उसे 25 प्रतिशत तक अनुदान की छूट दी जाएंगी.
कैसे करें योजना के लिए आवेदन?
अगर आप डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के लिए आवेदन करना चाहते हैं, तो इसकी प्रक्रिया ऑनलाइन निर्धारित की गई है. ऐसे में इच्छुक आवेदक मध्य प्रदेश पशुपालन एवं डेयरी विभाग के पोर्टल या योजना के आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्ध दिशा-निर्देश देख सकते हैं और योजना में आवेदन कर सकते हैं. वहीं, आवेदनकर्ता आवेदन से पहले अपनी पात्रता, भूमि संबंधी शर्तों, परियोजना लागत, बैंक ऋण और अनुदान के नियमों की जानकारी प्राप्त कर लें, ताकि बाद में किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ें.
इसके अलावा, अधिक जानकारी पाने के लिए किसान और पशुपालक डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना https://dbaky.mp.gov.in/ की वेबसाइट और मध्य प्रदेश पशुपालन एवं डेयरी विभाग https://www.mpdah.gov.in/ के पोर्टल पर जाकर सभी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.
लेखक: रवीना सिंह