राज्य सरकार किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं उन्नत बीज उपलब्ध कराने और खेती की लागत कम करने के उद्देश्य से बीज अनुदान योजना संचालित कर रही है. इस सरकारी योजना के तहत पात्र किसानों को 100 प्रतिशत तक अनुदान पर बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे किसानों की खेती की लागत में कमी आएंगी और किसानों की आमदनी में इजाफा होगा. चलिए जानते हैं योजना के बारे में सबकुछ.
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने क्या कहां?
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा है कि खेती की सफलता की पहली शर्त गुणवत्तापूर्ण बीज है. किसानों को समय पर प्रमाणित एवं उन्नत बीज उपलब्ध कराना कृषि विभाग की प्राथमिकता है. राज्य सरकार का प्रयास है कि आर्थिक कारणों से कोई भी पात्र किसान बेहतर बीजों से वंचित न रहे. गुणवत्तापूर्ण बीजों के इस्तेमाल से फसलों की उत्पादकता बढ़ाने, खेती की लागत नियंत्रित करने और किसानों की आय में सुधार करने में मदद मिलेगी.
किसानों को उन्नत बीज प्राप्त करने का मौका
बिहार सरकार खेती को अधिक लाभकारी बनाने और किसानों की आय में सुधार करने के लिए गुणवत्तापूर्ण कृषि संसाधनों की उपलब्धता पर जोर दे रही है. रबी सीजन में गेहूं, दलहन, तिलहन और अन्य फसलों की खेती करने वाले किसानों के लिए अच्छे बीजों का चयन बेहद महत्वपूर्ण होता है. बीज की गुणवत्ता का असर फसल के अंकुरण, पौधों की वृद्धि और संभावित उत्पादन पर पड़ सकता है.
किसानों को कैसे प्राप्त होंगे बीज?
बिहार राज्य बीज निगम लिमिटेड राज्य में गुणवत्तापूर्ण बीजों की उपलब्धता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. निगम के माध्यम से किसानों को विभिन्न फसलों के उन्नत बीज अनुदान पर उपलब्ध कराए जाते हैं. साथ ही बता दें कि राज्य में निगम के 38 जिला बीज वितरकों के माध्यम से बीज वितरण की व्यवस्था की गई है. जिसके तहत किसानों को रबी सीजन में बुवाई की तैयारी करने में मदद मिलेगी.
योजना का लाभ लेने के लिए क्या है पात्रता?
बीज अनुदान योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को राज्य सरकार की ओर से निर्धारित पात्रता शर्तों को पूरा करना आवश्यक है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, आवेदक बिहार का निवासी होना चाहिए और उसका कृषि विभाग के डीबीटी पोर्टल पर पंजीकरण होना चाहिए.
योजना का लाभ लेने से पहले किसानों को निम्नलिखित बातों का ध्यान रखना आवश्यक है-
-
आवेदक बिहार राज्य का निवासी हो.
-
किसान का कृषि विभाग के डीबीटी पोर्टल पर पंजीकरण होना चाहिए.
-
संबंधित फसल और बीज के लिए निर्धारित पात्रता पूरी होनी चाहिए.
-
आवेदन करते समय सही व्यक्तिगत और कृषि संबंधी जानकारी उपलब्ध करानी चाहिए.
-
बीज की उपलब्धता, अनुदान की दर और वितरण से संबंधित वर्तमान नियमों की जानकारी प्राप्त करनी चाहिए.
-
ध्यान दें कि केवल पंजीकरण होने से अनुदान मिलना सुनिश्चित नहीं होता. लाभ संबंधित योजना की शर्तों, उपलब्ध बीज और विभागीय प्रक्रिया के अनुसार दिया जाएगा
बिहार कृषि ऐप से कैसे प्राप्त करें जानकारी?
बिहार सरकार किसानों को कृषि योजनाओं की जानकारी डिजिटल माध्यमों से उपलब्ध कराने पर जोर दे रही है. किसान बिहार कृषि मोबाइल ऐप के जरिए बीज अनुदान योजना और अन्य कृषि योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.
योजना का लाभ लेने के इच्छुक किसान इन चरणों का पालन कर सकते हैं-
-
सबसे पहले किसान बिहार कृषि मोबाइल ऐप या कृषि विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर जाएं.
-
इसके बाद बीज अनुदान योजना से संबंधित जानकारी देखें.
-
अब अपनी पसंद की फसल, बीज की उपलब्धता और अनुदान की दर की पुष्टि करें.
-
इसके बाद आवेदन की प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेजों और अंतिम तिथि की जानकारी प्राप्त करें.
-
पात्र होने पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करें और आवेदन से संबंधित विवरण सुरक्षित रखें.
लेखक: रवीना सिंह