प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त का इंतजार देश के करोड़ों किसानों को है कि कब सरकार यह सौगात बैंक खातों में जारी करेंगी. इस वक्त सोशल मीडिया पर इन दिनों पीएम किसान की अगली किस्त को लेकर अलग-अलग तारीखों के दावे किए जा रहे हैं. ऐसे में किसान भाई इन झूठी अफवाहों पर यकीन बिल्कुल भी न करें और पहले आधिकारिक जानकारी पर जरुर नजर डालें.
24वीं किस्त का पैसा कब खातों में जारी होगा?
पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त को लेकर किसानों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर ₹2,000 की रकम खाते में कब आएगी. फिलहाल सरकार ने 24वीं किस्त की निश्चित तारीख का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है और इसी के चलते सोशल मीडिया पर किस्त जारी करने को लेकर झूठी अफवाह तेजी से वायरल हो रही है और किसानों के मन में कई सवाल खड़े हो रहे हैं कि कब किस्त जारी होगी. ऐसे में
किसानों को सलाह है कि वे सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तारीखों के बजाय पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट और सरकारी सोशल मीडिया चैनलों पर जारी अपडेट पर ही भरोसा करें.
किस महीने में जारी होगी 24वीं किस्त?
पीएम किसान योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल कुल ₹6,000 की आर्थिक सहायता दी जाती है. यह राशि तीन बराबर किस्तों में किसानों के बैंक खाते में DBT यानी डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से भेजी जाती है. प्रत्येक किस्त में किसानों को ₹2,000 मिलते हैं.
आमतौर पर इन किस्तों के बीच करीब चार महीने का अंतर रहता है. पीएम किसान की 23वीं किस्त जून 2026 में जारी की गई थी. इसी अंतराल को देखते हुए 24वीं किस्त अक्टूबर 2026 में आने की संभावना जताई जा रही है.
इन किसानों की अटक सकती है ₹2,000 की किस्त
अगर आप पीएम किसान योजना के लाभार्थी हैं, तो अगली किस्त से पहले अपने रिकॉर्ड और जरूरी प्रक्रियाओं की जांच कर लेना बेहतर है. कुछ जरूरी शर्तें पूरी नहीं होने पर भुगतान अटक सकता है.
-
ई-केवाईसी पूरी न होना: पीएम किसान योजना के लाभार्थियों के लिए ई-केवाईसी महत्वपूर्ण है. अगर आपकी ई-केवाईसी पूरी नहीं है, तो किस्त के भुगतान में समस्या आ सकती है.
-
भूमि रिकॉर्ड का सत्यापन नहीं होना: योजना का लाभ पात्र किसानों को ही दिया जाता है. ऐसे में भूमि रिकॉर्ड से जुड़ी जानकारी का सत्यापन भी जरूरी है. रिकॉर्ड में गड़बड़ी या सत्यापन लंबित होने पर भुगतान प्रभावित हो सकता है.
-
आधार से बैंक खाता लिंक न होना: पीएम किसान की राशि DBT के जरिए बैंक खाते में भेजी जाती है. अगर बैंक खाते से आधार लिंकिंग या बैंकिंग संबंधी जानकारी में समस्या है, तो पैसा खाते में पहुंचने में दिक्कत हो सकती है.
-
योजना की पात्रता पूरी न होना: अगर किसान योजना की निर्धारित पात्रता शर्तों को पूरा नहीं करता है, तो उसका नाम लाभार्थी सूची से हटाया जा सकता है या भुगतान रोका जा सकता है.
-
Farmer ID में जानकारी का मिसमैच: हाल में पीएम किसान के लिए पंजीकरण कराने वाले किसानों के लिए Farmer ID से जुड़ी जानकारी भी महत्वपूर्ण हो सकती है. नाम, जमीन या अन्य रिकॉर्ड में अंतर होने पर सत्यापन में समस्या आ सकती है.
किसान ऐसे चेक करें अपना स्टेटस
किसान 24वीं किस्त से पहले पीएम किसान पोर्टल पर अपना स्टेटस चेक कर सकते हैं. इसके लिए लाभार्थी अपने रजिस्ट्रेशन से जुड़ी जानकारी, ई-केवाईसी की स्थिति और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर सकते हैं. अगर किसी जानकारी में गलती दिखाई देती है, तो समय रहते उसे ठीक कराने की कोशिश करें. इससे भविष्य में किस्त के भुगतान में आने वाली संभावित परेशानियों को कम किया जा सकता है.
लेखक: रवीना सिंह