अगर आप पशुपालन के जरिए अपना रोजगार शुरु करने की योजना बना रहे हैं और आपके पास पशुपालन करने के लिए खुद की कोई जमीन नहीं है, तो आपके लिए बकरी पालन कमाई का एक अच्छा जरिया साबित हो सकता है. मध्य प्रदेश के शिवपुरी और चंबल क्षेत्र में पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए संचालित 10+1 बकरी इकाई योजना के तहत पात्र लोगों को बकरियां और बकरा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है. इस सरकारी योजना से जुड़कर किसान या फिर ग्रामीण युवा अधिक मुनाफा कमा सकते हैं.
योजना के तहत कितनी बकरी मुहैया कराई जाएंगी?
अगर आप इस योजना में आवेदन करते हैं, तो इस सरकारी 10+1 बकरी इकाई योजना के तहत लाभार्थी को 10 बकरियां और एक उन्नत नस्ल का बकरा उपलब्ध कराया जाएगा. यानी एक यूनिट में कुल 11 पशुओं को शामिल किया गया है. इससे लाभार्थी कम संख्या से बकरी पालन की शुरुआत कर सकता है और आगे चलकर पशुओं की संख्या बढ़ाने का अवसर भी मिल सकता है.
लाभार्थी को कितने प्रतिशत अंशदान करना होगा?
मध्य प्रदेश की ये सरकारी योजना किसानों और ग्रामीण युवाओं के लिए किसी राहत से कम नहीं हैं. योजना के तहत 10+1 बकरी इकाई की कुल अनुमानित लागत करीब ₹77,456 बताई गई है. इसमें लाभार्थी को लगभग 10 प्रतिशत यानी ₹7,746 का अंशदान करना होगा. इस सरकारी मदद से बकरी पालन का व्यवसाय किसान बेहद ही आसानी से शुरु कर बड़ा मुनाफा कमा सकते हैं.
कितनी मिलेगी सब्सिडी की छूट?
अगर आप इस सरकारी योजना के लिए आवेदन करने के बाद इसमें लाभार्थी को लगभग 10 प्रतिशत यानी ₹7,746 का अंशदान करना होता है. इसके बाद योजना में पात्रता के आधार पर सरकारी सब्सिडी और बैंक ऋण की व्यवस्था की जाती है. सामान्य और ओबीसी वर्ग के लाभार्थियों को करीब 40 प्रतिशत तक सब्सिडी, जबकि एससी-एसटी वर्ग के लिए यह सहायता 60 प्रतिशत तक मुहैया कराई जाएंगी.
पांच साल तक बीमा, तीन महीने का आहार
इस योजना की एक महत्वपूर्ण विशेषता पशुओं की सुरक्षा से जुड़ी सुविधा है. योजना के तहत पांच वर्ष तक बीमा सुविधा उपलब्ध होने की जानकारी दी गई है. इससे पशुपालक को पशुओं से जुड़ी आकस्मिक परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा मिल सकती है.
इसके अलावा, शुरुआती अवधि में तीन महीने तक दाना-आहार निशुल्क उपलब्ध कराने का प्रावधान बताया गया है. पशुओं की सेहत बनाए रखने के लिए पशु चिकित्सा सेवाएं भी मुफ्त उपलब्ध होने की जानकारी दी गई है.
आवेदन प्रक्रिया और कौन-कौन से दस्तावेज जरुरी?
योजना का फायदा उठाने के लिए लाभार्थी इस सरकारी योजना में ऑफलाइन यानी की नजदीकी पशु चिकित्सालय में संपर्क कर योजना में अप्लाई कर सकता है. साथ आवेदन के दौरान लाभार्थी इन दस्तावेजों को रखें तैयार जिनमें हैं-
-
आधार कार्ड
-
बैंक पासबुक
-
पासपोर्ट साइज फोटो
-
पंचायत का ठहराव प्रस्ताव
-
बैंक से संबंधित आवश्यक दस्तावेज
-
विभाग द्वारा मांगे गए अन्य कागजात
लेखक: रवीना सिंह