दिल्ली-NCR में अगले तीन दिनों मौसम कैसा रहेगा?
राजधानी दिल्ली में मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक मौसम साफ़ रहने का अनुमान है. 11 अप्रैल को अधिकतम तापमान 34°C से 36°C और न्यूनतम 18°C से 20°C के बीच रहने की संभावना है. दिन के समय उत्तर-पश्चिम दिशा से 15–25 किमी-घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जो शाम तक धीरे-धीरे कम हो जाएंगी.
वहीं, 12 अप्रैल को तापमान में हल्की बढ़त देखने को मिल सकती है, जिससे अधिकतम तापमान 35°C से 37°C और न्यूनतम 19°C से 21°C के बीच रह सकता है और दोपहर के समय हवा की गति बढ़कर 20 किमी-घंटा तक पहुंच सकती है.
13 अप्रैल को मौसम विभाग के अनुसार गर्मी का असर थोड़ा और बढ़ेगा, जिससे लोगों के दिन के समय पसीने छूट सकते हैं. ऐसे में अधिकतम तापमान 36°C से 38°C तक जा सकता है, जो सामान्य से ऊपर रहेगा. हालांकि न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा. कुल मिलाकर, अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क और गर्म रहने के आसार हैं.
पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में मौसम का हाल
भारतीय मौसम विभाग IMD के अनुसार 10 से 12 अप्रैल के बीच उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में, और 10 अप्रैल को ओडिशा में, गरज, बिजली चमकने और तेज़ हवाओं जिनकी गति 30–40 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, और झोंके 50 किमी प्रति घंटा तक हो सकते हैं और साथ ही कहीं-कहीं से लेकर मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना है.
इन 7 राज्यों में झमाझम बारिश होने की संभावना
पूर्वोतर भारत में मौसम यूर्टन लेगा और मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार 10 से 14 अप्रैल के दौरान, असम और मेघालय में गरज-चमक, बिजली कड़कने और तेज़ हवाओं के चलने की संभावना है. इसके अलावा, अरुणाचल प्रदेश में 10 से 14 अप्रैल तक, और नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम तथा त्रिपुरा में 10 और 11 अप्रैल को बिजली गिरने के साथ भारी बारिश होने की भी आशंका है.
इन राज्यों में लू और गर्म व उमस भरे मौसम की चेतावनी
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार 14–16 अप्रैल के दौरान छत्तीसगढ़ के हिस्सों में, और 13 - 14 अप्रैल को ओडिशा में लू चलने की प्रबल संभावना है. ऐसे में इस क्षेत्र के लोगों को झुलसती गर्मी का सामना करना पड़ सकता है.
वहीं,13–15 अप्रैल के दौरान गंगा से सटे पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में 10–16 अप्रैल के दौरान ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में, 10–11 अप्रैल के दौरान तटीय महाराष्ट्र, केरल और माहे में, 12–16 अप्रैल के दौरान गुजरात राज्य के तटीय क्षेत्रों तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तटीय कर्नाटक में गर्म और उमस भरा मौसम रहने की प्रबल आशंका है.
लेखक: रवीना सिंह