नवंबर का महीना चल रहा है और इस दौरान मौसम बार-बार करवट लेता नजर आ रहा है. दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में सुबह और शाम की ठंड दिखाई दें रही हैं. इसी के चलते लोगों ने स्वेटर- जर्सी पहनना शुरु कर दिया है. वहीं भारतीय मौसम विभाग IMD ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, माहे में भारी बारिश होने की संभावना जताई है. यानी की आने वाले दिनों में ठंड अपना प्रंचड रुप दिखा सकती है.
दिल्ली-NCR में आज कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-NCR में मौसम लगातार मिजाज बदलता नजर आ रहा है कभी सुबह तेज गर्मी तो कभी शाम हल्की ठंड. भारतीय मौसम विभाग IMD ने भी इस दौरान राजधानी में बादल छाए रहने की संभावना जताई है. ऐसे में राजधानी का तापमान 27°C से 29°C के बीच और न्यूनतम तापमान 14°C से 16°C के बीच रहने की आशंका है और तेज हवाओं का चलना जारी रहेगा, जिससे लोगों को ठंड का एहसास हो सकता है.
दक्षिण भारत में बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट
दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में अगले सात दिनों के दौरान मौसम सक्रिय रहने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार, 7 से 13 नवंबर के बीच तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है.
इसके अलावा, 9 से 13 नवंबर के बीच केरल, माहे और लक्षद्वीप में भी बारिश होने की संभावना है. वहीं, तटीय कर्नाटक में 7 से 9 नवंबर और फिर 13 नवंबर को बारिश हो सकती है. तेलंगाना में 7 और 8 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश के आसार हैं.
उत्तर भारत में भी बदलेगा मौसम, पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी के आसार
उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम में भी आने वाले दिनों में बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, 10 नवंबर को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है.
वहीं, हिमाचल प्रदेश में 10 से 13 नवंबर तक और उत्तराखंड में 8 से 11 नवंबर तथा 13 नवंबर को बारिश हो सकती है. पहाड़ी इलाकों में मौसम खराब होने के साथ तापमान में भी गिरावट महसूस की जा सकती है.
मैदानी इलाकों की बात करें तो हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 11 से 13 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है. ऐसे में उत्तर भारत के लोगों को आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के क्षेत्रों में 11 से 13 नवंबर के बीच काफी बड़े इलाके में बारिश होने की संभावना जताई गई है. इसके अलावा, 10 से 13 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
पूर्वी भारत में कई राज्यों में बारिश की संभावना
पूर्वी भारत के राज्यों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा. मौसम विभाग के मुताबिक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 7 से 13 नवंबर तक काफी बड़े इलाके में बारिश हो सकती है. वहीं, 9 से 13 नवंबर के दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की भी संभावना है.
इसके अलावा, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 9 से 12 नवंबर के बीच बारिश हो सकती है. झारखंड में 10 और 11 नवंबर, बिहार में 11 नवंबर तथा ओडिशा में 7 नवंबर और फिर 10 से 12 नवंबर के बीच बारिश के आसार हैं.
पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का दौर रहेगा जारी
पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश में 7 नवंबर और फिर 9 से 13 नवंबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
असम और मेघालय में 9 से 13 नवंबर तक बारिश हो सकती है. वहीं, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 7 से 12 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है और 11 नवंबर को असम और मेघालय के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 10 और 11 नवंबर को भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
पश्चिम और मध्य भारत में कैसा रहेगा मौसम?
देश के पश्चिमी और मध्य हिस्सों के लिए फिलहाल मौसम विभाग ने कोई बड़ा बदलाव होने का अनुमान नहीं जताया है. IMD के अनुसार, इस सप्ताह पश्चिम और मध्य भारत में मौसम सामान्य रूप से स्थिर रह सकता है. इन क्षेत्रों में किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं है.
लेखक: रवीना सिंह