देशभर में मौसम फिर एक बार करवट लेता नजर आ रहा है और इस दौरान कई राज्यों में सुबह के समय कोहरा और ठंडी हवाएं चल रही है, जिससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है. भारतीय मौसम विभाग IMD ने 11 से 17 नवंबर तक देश के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई है. यानी की उत्तर-पश्चिम भारत से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक मौसम की गतिविधियां देखने को मिल सकती है.
उत्तर भारत में बारिश के साथ आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग IMD के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत के पहाड़ी राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मौसम सक्रिय रह सकता है. जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 11 नवंबर के अलावा 14 और 15 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. वहीं, 12 और 13 नवंबर को इन क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर बारिश देखने को मिल सकती है. इस दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. हवा के झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है. इसके साथ ही गरज-चमक, बिजली गिरने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है.
बिहार, झारखंड और ओडिशा में मौसम का बदलेगा मिजाज
पूर्वी भारत में भी मौसम की गतिविधियां तेज रहने वाली हैं. IMD के मुताबिक, 11 नवंबर को बिहार में गरज-चमक के साथ आंधी चलने और बिजली गिरने की संभावना है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि हवा के झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
इसके अलावा, 11 नवंबर को झारखंड और ओडिशा के कुछ हिस्सों में बारिश होने का अनुमान है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी बारिश हो सकती है. वहीं, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में 11 और 12 नवंबर को कुछ स्थानों पर वर्षा होने की संभावना है. वहीं, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 11 से 17 नवंबर तक कई स्थानों पर बारिश का दौर जारी रह सकता है.
पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश और ओले गिरने की आशंका
पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला देखने को मिलेगा. अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 11 और 12 नवंबर के साथ-साथ 15 से 17 नवंबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 11 और 12 नवंबर के अलावा 17 नवंबर को बारिश हो सकती है.
दक्षिण भारत में बारिश का लंबा दौर, तमिलनाडु में भारी वर्षा का अलर्ट
दक्षिण भारत के राज्यों में भी अगले सात दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 11 से 14 नवंबर और फिर 16 से 17 नवंबर तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
केरल और माहे में 11 से 15 नवंबर तक बारिश हो सकती है. वहीं, लक्षद्वीप में 11 से 17 नवंबर तक वर्षा का दौर जारी रहने का अनुमान है. तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 14 से 17 नवंबर के बीच बारिश होने की संभावना है.
लेखक: रवीना सिंह