राजधानी में अप्रैल के महीने में गर्मी ने अपना जलवा दिखाना शुरु कर दिया है. महीने के आखिरी हफ्ते में तापमान का पारा 41 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है. मौसम विभाग IMD ने राजधानी में येलो अलर्ट Yellow Alert भी जारी कर दिया है और साथ ही यह चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में मौसम और भी गर्म हो सकता है. ऐसे में लोग घर से बाहर निकलते वक्त सतर्कता बरतें.
अगले दो दिनों दिल्ली-एनसीआर का मौसम
राजधानी दिल्ली में इस इन दिनों भीषण गर्मी ने अपना प्रकोप ढाया हुआ है और आने वाले दिनों में भी तापमान में वृद्धि देखने को मिल सकती है. मौसम विभाग IMD ने 26-27 अप्रैल के बीच आसमान में हल्के बादल छाए रहने की आशंका जताई है और मैक्सिमम और मिनिमम टेम्परेचर एक के बाद एक 42°C से 44°C और 25°C से 27°C के बीच रहने की उम्मीद जताई है. यानी साफ है राजधानी में गर्मी का पारा ऊपर की ओर चढ़ने वाला है.
पहाड़ी राज्यों में कैसा रहेगा मौसम का हाल?
राजधानी में लोग गर्मी से परेशान है और पहाड़ी राज्यों में मौसम में बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुज़फ़्फ़राबाद में 25- 29 तारीख को कुछ जगहों से लेकर काफ़ी बड़े इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश-बर्फ़बारी होने की संभावना है. इसके साथ ही, गरज, बिजली कड़कने और तेज़ हवाएँ 30-50 किमी-घंटा की रफ़्तार से चल सकती है.
वहीं, हिमाचल प्रदेश में 25–30 अप्रैल के दौरान कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है. इसी तरह, उत्तराखंड में 25–30 के दौरान बारिश होने की IMD ने आशंका जताई है.
यूपी, पंजाब और हरियाणा में मौसम बिगड़ने की संभावना
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में 26–30 अप्रैल के दौरान उत्तर प्रदेश में 28–30 और राजस्थान में 27–29 अप्रैल के दौरान, कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इसके साथ ही, गरज, बिजली कड़कने और तेज़ हवाएँ जिनकी रफ़्तार 30–40 किमी-घंटा तक पहुँच सकती है. यानी इन मैदानी इलाकों के लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है.
पूर्वी भारत में मौसम लेगा यूर्टन
पूर्वी भारत में अगले 6 दिनों मौसम खुशनुमा बना रहेगा. भारतीय मौसम विभाग IMD ने उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड, बिहार और ओडिशा में 25-30 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश, तो कहीं-कहीं या छिटपुट रूप से होने की संभावना है, जिसके साथ गरज, बिजली चमकने और तेज़ हवाएँ चलने की भी चेतावनी दी है. इसके अलावा, IMD ने झारखंड में 26 अप्रैल को कहीं-कहीं ओले गिरने की उम्मीद जताई है.
तापमान में रहेगा उतार-चढ़ाव
भारतीय मौसम विभाग IMD के अनुसार इस तरह तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है-
-
उत्तर प्रदेश को छोड़कर, उत्तर-पश्चिम भारत के बाकी हिस्सों में 27 अप्रैल तक अधिकतम तापमान में किसी खास बदलाव की संभावना नहीं है. इसके बाद, 28-30 अप्रैल के दौरान तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की उम्मीद है.
-
मध्य भारत में, 25 अप्रैल तक अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2-3°C की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है, जबकि 26-30 अप्रैल के दौरान इसमें किसी खास बदलाव की संभावना नहीं है.
-
पूर्वी भारत में, 24 अप्रैल तक अधिकतम तापमान में किसी खास बदलाव की उम्मीद नहीं है, जिसके बाद 25-30 अप्रैल के दौरान इसमें धीरे-धीरे 3-4°C की गिरावट आएगी.
-
गुजरात राज्य में, 26 अप्रैल तक अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2-3°C की बढ़ोतरी होने की आशंका है, जिसके बाद 27-30 अप्रैल के दौरान इसमें 2-3°C की गिरावट आएगी.
लेखक: रवीना सिंह