दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में मौसम लगातार करवट लेता नजर आ रहा है. कई इलाकों में सुबह-शाम की ठंड का असर नजर आने लगा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 9 से 15 नवंबर तक देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश, आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण इलाकों में मौसम का कहर देखने को मिल सकता है.
उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
उत्तर-पश्चिम भारत के पहाड़ी राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मौसम सक्रिय रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 10 और 11 नवंबर के साथ 14 और 15 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. वहीं, हिमाचल प्रदेश में 10 से 15 नवंबर तक बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. उत्तराखंड में 9 नवंबर और फिर 12 से 13 नवंबर के दौरान कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है.
इसके अलावा पंजाब के मौसम में भी बदलाव देखने को मिल सकता है. यहां 12 से 15 नवंबर के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं.
अंडमान-निकोबार में भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी
पूर्वी भारत के अंतर्गत आने वाले अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में पूरे सप्ताह मौसम का असर देखने को मिल सकता है. IMD के अनुसार, 9 से 15 नवंबर तक द्वीप समूह के अधिकांश इलाकों में बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 10 से 14 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है. इसके साथ ही 9 से 13 नवंबर तक कई इलाकों में गरज-चमक के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
पूर्वोत्तर राज्यों में भी बदलेगा मौसम
पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश और गरज-चमक का सिलसिला जारी रह सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक, 9 से 12 नवंबर के बीच अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है. वहीं, 10 और 11 नवंबर को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है. इन राज्यों में 11 नवंबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश होने के आसार भी जताए गए हैं.
दक्षिण भारत के इन राज्यों में होगी बारिश
दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत के कुछ राज्यों में भी बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. मौसम विभाग के अनुसार, 9 और 15 नवंबर को केरल और माहे में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. वहीं, 9 नवंबर को लक्षद्वीप में भी व्यापक स्तर पर बारिश हो सकती है और केरल, माहे में 11 से 13 नवंबर के दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है.
इसके अलावा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 9 और 10 नवंबर तथा 15 नवंबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. केरल और माहे में भी 9 नवंबर को भारी बारिश का अनुमान है.
लेखक: रवीना सिंह