देशभर में मानसून की बारिश ने तबाही मचाई हुई है और असम, करेल में बाढ़ के कारण लोगों के जनजीवन पर काफी प्रभाव पड़ रहा है. इसी बीच भारतीय मौसम विभाग IMD ने उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 4 - 5 अगस्त को असम और मेघालय में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी जारी कर दी है. वहीं, IMD के अनुसार दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में भी तेज बारिश की संभावना है. आइए आगे जानें देशभर में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज.
आज दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
आज दिल्ली-NCR में सुबह से आसमान में बादल छाए हुए है और हवाओं का चलना जारी है. इसी दौरान IMD का पूर्वानुमान है कि सुबह से दोपहर तक कई इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश की एक-दो बार बौछारें पड़ सकती हैं, और कुछ जगहों पर मध्यम बारिश हो सकती है. शाम या रात के समय भी कई इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश की एक और दौर की उम्मीद है. इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान 32°C–34°C और 23°C–25°C के बीच रहने की संभावना है.
उत्तर प्रदेश, हरियाणा में अगले 3 दिनों कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ में मानसून की आवाजाही लगी हुई है और इस दौरान इन इलाकों को हल्की मध्यम का होना जारी है. भारतीय मौसम विभाग IMD ने 4-7 अगस्त के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब में इस बीच कहीं-कहीं बारिश होने की आशंका जताई है
वहीं IMD के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 9 अगस्त को पश्चिमी राजस्थान में 4 अगस्त और 7-9 अगस्त को पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं बारिश की संभावना है.
पहाड़ी इलाकों में तेज बारिश की संभावना
पहाड़ी इलाकों में तेज बारिश का दौर जारी है. इस दौरान लोगों को घरों से बाहर जानें के लिए कई परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. भूस्खलन के कारण इलाके में दहशत का माहौल बन गया है. भारतीय मौसम विभाग IMD के अनुसार 4-10 अगस्त के दौरान हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुज़फ़्फ़राबाद और उत्तराखंड में कहीं-कहीं बारिश और आंधी-तूफान आने की संभावना जताई है.
मध्य और पूर्वी भारत में बारिश का लंबा दौर
भारतीय मौसम विभाग IMD के अनुसार पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश में 6 से 9 अगस्त के बीच बारिश की गतिविधियां तेज़ रहेंगी. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 7 अगस्त और पूर्वी मध्य प्रदेश में 6-7 अगस्त के दौरान कुछ स्थानों पर अति भारी बारिश होने की संभावना है. छत्तीसगढ़ में 8 अगस्त तक भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा, जबकि विदर्भ में भी कई इलाकों में तेज़ बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है.
वहीं, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में अगले कई दिनों तक व्यापक वर्षा जारी रह सकती है. ओडिशा में 5 और 6 अगस्त को तथा बिहार और हिमालयी पश्चिम बंगाल-सिक्किम में 5 अगस्त को अति भारी बारिश का अलर्ट है. झारखंड में 8 अगस्त तक भारी बारिश होने की आशंका है और अंडमान-निकोबार में 70 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं, जिससे समुद्री गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं.
पूर्वोत्तर, दक्षिण और पश्चिम भारत में सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. असम और मेघालय में 4 और 5 अगस्त को भारी से बहुत भारी तथा कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना है. अरुणाचल प्रदेश और पूर्वोत्तर के कई हिस्सों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज़ हवाओं का भी खतरा बना रहेगा.
वहीं, कोंकण और गोवा में 10 अगस्त तक लगातार वर्षा होने की संभावना है. मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के कई हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ बारिश होगी. कोंकण और गोवा में 5 अगस्त को तथा मध्य महाराष्ट्र में 4 अगस्त को भारी वर्षा का अनुमान है.
इसके अलावा, IMD ने दक्षिण भारत के केरल, तटीय कर्नाटक, तेलंगाना, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और दक्षिणी कर्नाटक में अगले कई दिनों तक बारिश जारी रह सकती है. कई इलाकों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने और आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने की संभावना है. केरल, तटीय कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है.
लेखक: रवीना सिंह