दिल्ली-एनसीआर में मौसम फिर एक बार करवट लें रहा है. तेज हवाओं ने दिल्ली-एनसीआर में दोबारा ठंड का एहसास दिला दिया है हवा की रफ्तार बीते 24 घंटों में दिल्ली-NCR में 40 किलोमीटर प्रति घंटे दर्ज की गई है. मौसम विभाग IMD ने जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश, बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है.
वहीं, मध्य भारत, महाराष्ट्र और उत्तर भारत में तापमान को लेकर भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों का पूर्वानुमान जारी किया है, जिसमें ठंड, हल्की गर्मी और पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल सकता है.
मध्य भारत, महाराष्ट्र में कैसा रहेंगा मौसम का हाल
मध्य भारत के राज्यों में फिलहाल मौसम स्थिर बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. हालांकि इसके बाद अगले दो दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. इससे सुबह और रात की ठंड में कुछ कमी देखने को मिलेगी.
महाराष्ट्र में मौसम को लेकर भारतीय मौसम विभाग ने ताज़ा पूर्वानुमान जारी किया है, जिसके अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान राज्य में न्यूनतम तापमान में किसी खास बदलाव की उम्मीद नहीं है और मौसम लगभग स्थिर बना रहेगा. इसके बाद अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे सुबह और रात के समय हल्की ठंड बढ़ने के आसार हैं.
पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में एक बार फिर मौसम सक्रिय होने जा रहा है. 9 से 11 फरवरी के बीच हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि 11 फरवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुज़फ़्फ़राबाद में कुछ स्थानों पर या इक्का-दुक्का जगहों पर बारिश और बर्फबारी हो सकती है.
वहीं 10 फरवरी को मौसम सबसे अधिक प्रभावी रहने की आशंका है, जब जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुज़फ़्फ़राबाद और हिमाचल प्रदेश में गरज-चमक के साथ व्यापक स्तर पर बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं, जिससे ठंड बढ़ने के साथ जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है.
अगले दो दिन दिल्ली-NCR में मौसम का हाल
दिल्ली में 10 और 11 फरवरी 2026 को मौसम शुष्क और सामान्य से कुछ गर्म रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार 10 फरवरी को आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे और सुबह के समय कोहरा देखने को मिल सकता है. इस दिन राजधानी का अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जिसमें अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है.
11 फरवरी को आसमान ज़्यादातर साफ रहेगा और सुबह कोहरा छाने की संभावना है. इस दिन न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री और अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है, दोनों ही सामान्य से अधिक रहेंगे. पश्चिम से उत्तर-पश्चिम दिशा में 12 से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है, जो रात में कमजोर पड़ जाएंगी.
पंजाब-हरियाणा में जारी है कड़ाके की ठंड
पंजाब और हरियाणा में ठंड का असर अभी भी बना हुआ है. रविवार को पंजाब के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया. फरीदकोट और होशियारपुर में तापमान 5 डिग्री रहा, जबकि फिरोजपुर, अमृतसर और बठिंडा में तापमान 6 डिग्री के करीब दर्ज किया गया. चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहा. हरियाणा के करनाल, गुरुग्राम, हिसार और नारनौल में भी ठंड का असर देखने को मिला.
लेखक: रवीना सिंह